बभनी एसओ 28 को कोर्ट में तलब


• आदिवासी महिला की पिटाई के मामले में आख्या न देने का मामला।

राजेश पाठक

सोनभद्र। आदिवासी महिला की पिटाई करने के मामले में विशेष न्यायाधीश एससी/एसटी एक्ट खलीकुज्ज्मा की अदालत ने शुक्रवार को सुनवाई करते हुए आख्या न आने पर कड़ा रुख अपनाते हुए बभनी एसओ को 28 अक्तूबर को कोर्ट में तलब किया है। साथ ही स्पष्टीकरण भी मांगा है। यह आदेश बभनी थाना क्षेत्र के चपकी गांव निवासी रामकिसुन के जरिए कोर्ट में दाखिल धारा 156(3) दंड प्रक्रिया संहिता के प्रार्थना पत्र पर सुनवाई करते हुए दिया है।
दिए प्रार्थना पत्र में रामकिसुन ने आरोप लगाया है कि एक सितंबर 2021 को सुबह 9 बजे उसकी पत्नी मवेशियों के लिए घास खेत में काट रही थी तभी गांव के वंशी प्रसाद, राधेश्याम, दिनेश कुमार,अवधेश कुमार व दुर्गेश कुमार आ गए और पत्नी को जातिसूचक शब्दों से गाली देने लगे। जब बगल में ही घास काटते समय गाली गलौज की आवाज सुनकर वह गया और मना किया तो पत्नी को बेरहमी से मारने-पीटने लगे। इसकी सूचना थाने पर दिया, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। तब एसपी सोनभद्र को रजिस्टर्ड डाक से सूचना भेजा, फिर भी कोई कार्रवाई नहीं हुई। तब 5 अक्तूबर को कोर्ट में प्रार्थना पत्र दाखिल किया गया। अदालत ने सुनवाई करते हुए 11 अक्तूबर को बभनी थाने से आख्या तलब किया गया था। लेकिन कोई आख्या नहीं भेजी गई। उसके बाद 18 अक्तूबर, 20 अक्तूबर व 21 अक्तूबर की तिथि नियत की गई, फिर भी आख्या नहीं भेजी गई। अदालत ने मामले की सुनवाई करते हुए कड़ा रुख अपनाते हुए बभनी एसओ को 28 अक्तूबर को कोर्ट में तलब किया है। साथ स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने को कहा है।

वाराणसी: त्रिदिवसीय रामायण कॉन्क्लेव कला शिविर का दूसरा दिन

• रामायण के प्रमुख प्रसंगों पर विशाल कैनवास पर विविध शैलियों में चित्रण

• 7×125 फिट कैनवास पर रूपाकार ग्रहण करते रामायण के विविध प्रसंग

• सम्प्रेषण हेतु निखरते राममयी चित्र

• नगर के स्कूली छात्रों को भी इन विषयों पर शिविर में चित्रण का अवसर, कला सामग्री संस्थान की ओर से।

वाराणसी। अयोध्या शोध संस्थान, संस्कृति विभाग उत्तर प्रदेश द्वारा आयोजित रामायण कॉन्क्लेव के अंतर्गत गुरुधाम मंदिर में तीन दिवसीय कला शिविर का आज दूसरा दिन है। 7×125 फिट कैनवास पर प्रदेश के विभिन्न जनपदों के 12 मुख्य और लगभग 40 सहयोगी कलाकारों द्वारा ऐक्रेलिक माध्यम में विभिन्न शैलियों में किया जा रहा है।

इन विषयों पर हो रहा चित्रण-

श्री राम के जन्म पर भगवान शंकर ज्योतिषी बनकर आये हैं, कागभुशुण्डि उनके शिष्य बने हैं, शिवजी पार्वतीजी को कथा सुना रहे हैं, हिमालय पर्वत पर शंकरजी सती के साथ त्रेता युग में, भगवान शिव काशी में मरने वाले को राम नाम सुनाते हैं, भगवान शिव की 1000 वर्षों तक नित्य तपस्या राम जी के दिव्य स्वरूप का दर्शन पाने के लिए, तुलसीदास जी मानस लिख रहे हैं, राम जी द्वारा शिव की पूजा, शिवजी राम की पूजा कर रहे हैं, शिव जी और राम जी परस्पर गले मिल रहे हैं, शिवजी औघड़ स्वरूप में तपस्यारत, श्रीराम जी के विवाह में शंकर जी, रामजी के दरबार में शिव उनके सामने हाथ जोड़कर खड़े हैं और प्रार्थना कर रहे हैं, भगवान राम द्वारा रामेश्वर में शिवलिंग की स्थापना आदि हैं।

शिविर में सम्मिलित कलाकार-

शिविर के समन्वयक के रूप में डॉ शकुन्तला मिश्रा राष्ट्रीय पुनर्वास विश्वविद्यालय, लखनऊ के अध्यापक डॉ अवधेश मिश्र और सहभागी कलाकार सुमित कुमार, अलीगढ़, सुरेश कुमार सौरभ, वाराणसी, निखिलेश प्रजापति, वाराणसी, आकाश गुप्ता, मऊ, शालिनी कश्यप, वाराणसी, युगेश रवि, गाजीपुर, सीमा गुप्ता, मऊ, राजीवलोचन साहू, वाराणसी, मुन्नू प्रसाद, मऊ, आजाद, मऊ, प्रियतम कुमार, आज़मगढ़ हैं।

यहां होगा प्रदर्शन-

रामायण कॉन्क्लेव के अंतर्गत आयोजित हो रहे कार्यक्रम में रुद्राक्ष कन्वेंशन सेंटर, सिगरा, वाराणसी में प्रदर्शित होने के उपरान्त यह विशाल चित्र दीपोत्सव में आयोजित होने वाले कार्यक्रमों का अयोध्या में आकर्षण होगा उसके उपरांत यह चित्र अयोध्या शोध संस्थान में कला प्रेमियों के अवलोकनार्थ संग्रहीत रहेगा।

कार्यशाला संयोजक डॉ सुभाष चन्द्र यादव क्षेत्रीय पुरातत्त्व अधिकारी वाराणसी ने बताया कि इस विशाल चित्र को बनाने का उद्देश्य आम दर्शकों के लिए सहज बोधगम्यता और संप्रेषण है, जो सहजता से दिल में उतर जाती है और अपना स्थायी प्रभाव छोड़ती है। ऐसे चित्र भारतवर्ष की राममयी संस्कृति का प्रतिनिधित्व पूरी दुनिया में करेंगे।

रुद्राभिषेक नवहान पारायण यज्ञ एवम मानस प्रवचन का आयोजन किया

संस्कृति लाइव संवाददाता, डाला (सोनभद्र): नगर के श्री अचलेश्वर महादेव मंदिर के चौवन्वे स्थापना दिवस के शुभ अवसर पर विगत वर्षो के भांति इस वर्ष भी रुद्राभिषेक नवहान पारायण यज्ञ एवम मानस प्रवचन का आयोजन किया गया ,जहा पांच दिवसीय मानस प्रवचन की कथा और सतसंग का आयोजन किया जाता है। इस वर्ष काशी से पधारे दिगंबर अखाड़े के एक सौ आठ संत गिरनारी दास त्यागी जी महाराज के स्वरांजली से प्रारंभ हुआ। उन्होंने कथा के प्रथम दिवस मानव जाति के चारित्रिक गुणों के विकास के लिए भगवान श्री रामचंद्र जी के आचरण को अपने जीवन में ढालना चाहिए ऐसा कहते हुए आगे उन्होंने बताया की मनुष्य को चाहिए जो भी कर्म करे सब कुछ परमात्मा का समझ कर और निष्काम भाव मात्र अपने कर्तव्य का पालन करे। ऐसा करने से मानव का वास्तविक कल्याण हो जाता है, कदाचित ऐसे न कर पाने के स्थिति में सकाम कर्म भी करना पड़ता है। ऐसा न करने की स्तिथि में सकाम कर्म करने वालो को चाहिए सात्विक कर्मो का ही आचरण करे ताकी उनको आने वाले समय में कष्टों का सामना न करना पड़े। इस कार्यक्रम का संचालन पंडित राजेश मिश्र ने किया। इस आयोजन में श्री अचलेश्वर महादेव मंदिर न्यास के महंत श्री मुरली तिवारी , अवधनाथ मिश्र ,अभिषेक सिंह ,अमित देव पांडेय , पंडित ओम प्रकाश तिवारी आदि लोग मैजूद रहे।

सीआईएसएफ द्वारा मनाया गया पुलिस स्मृति दिवस

अजीत सिंह

ओबरा,सोनभद्र। केन्द्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल ओबरा इकाई द्वारा गुरुवार को पुलिस स्मृति दिवस मनाया गया। जिसमें उन सभी पुलिस कर्मियों को याद किया गया जिन्होंने देश की संप्रभुता की रक्षा करते हुए कर्तव्य के दौरान अपने प्राणों का बलिदान दे दिया। इस अवसर पर केन्द्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल इकाई प्रभारी ओबरा कमाण्डेन्ट श्री हृदय शंकर शर्मा द्वारा शहीद स्मृति चिन्ह को स्मृति परेड के दौरान सलामी दी गई।

बल सदस्यों द्वारा पुष्प अर्पित कर सभी शहीद जवानों को श्रद्धांजली दी गई तथा शहीदो के प्रति कृतज्ञता दिखाते हुए 02 मिनट का मौन रखा गया। कमाण्डेन्ट द्वारा जानकारी दी गई कि सन 1959 में केन्द्रीय पुलिस बल के जवानों को लद्दाख में चीनी सेना द्वारा घात लगाकर हमला किया गया जिसमें 377 बल सदस्य वीर गति को प्राप्त हुए, तभी से प्रतिवर्ष 21अक्तूबर को शहीद पुलिस कर्मियों की याद में पुलिस स्मृति दिवस मनाया जाता है। *शहीदों में 8 केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल के भी सदस्य थे* जिनका विवरण निम्न वत है -1निरीक्षक/कार्य नागेंद्र प्रसाद 2- सहायक उपनिरीक्षक/कार्य इंद्र कुमार राय 3-सहायक उपनिरीक्षक/कार्य ठाकुर गुनवन्त लाल 4-प्रधान आरक्षक/जीडी जितेंद्र राम 5-प्रधान आरक्षक/जीडी जसबीर सिंह 6-आरक्षक/जीडी तयांड़ सिद्धार्थ उत्तम 7-आरक्षक/जीडी शंकर रजक 8-महिला आरक्षक/जीडी मुन्नी कुमारी
इसी कड़ी में उनकी याद में लगभग 15 किलोमीटर का शांति मार्च परेड निकाला गया उक्त आयोजन में कुल 120 बल सदस्य सम्मिलित हुए।

उत्तर प्रदेश कर अधिवक्ता संगठन की कार्यकारणी बैठक 23 अक्टूबर को सोंनभद्र में होगी आयोजित

राजेश पाठक

सोंनभद्र। दी सोंनभद्र टैक्स बार एसोसिएशन सोंनभद्र के तत्वाधान में उत्तर प्रदेश कर अधिवक्ता संगठन (पंजी0) लखनऊ की 36 वी कार्यकारणी बैठक सोंनभद्र में 23 अक्टूबर को आयोजित की जा रही हैं जिसमे प्रदेश भर कर अधिवक्ता शिरकत करेंगे। उक्त आशय की जानकारी सोंनभद्र टैक्स बार एसोसिएशन के संस्थापक अध्यक्ष एवम उत्तर प्रदेश कर अधिवक्ता संगठन के प्रदेश उपाध्यक्ष राकेश शरण मिश्र ने दी। उन्होंने बताया कि रॉबर्ट्सगंज स्थित होटल सूर्या इंटरनेशनल में 23 अक्टूबर को प्रातः 9 बजे से सायं 5 बजे तक उत्तर प्रदेश कर अधिवक्ता संगठन के प्रदेश भर के प्रांतीय पदाधिकारियो, कार्यकारणी सदस्यों एवम कर अधिवक्ताओं का जमावड़ा होगा जिसमें जीएसटी पर सेमिनार एवम विसंगतियों पर गंभीर विचार विमर्श किया जाएगा।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि होंगे उत्तर प्रदेश बार काउंसिल के सह अध्यक्ष एवं सदस्य अधिवक्ता जय नारायण पांडे

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि के रूप में उत्तर प्रदेश बार काउंसिल के सह अध्यक्ष एवम सदस्य अधिवक्ता जय नारायण पांडेय लखनऊ से एवम उत्तर प्रदेश कर अधिवक्ता संगठन के संस्थापक अध्यक्ष हर्ष शर्मा हापुड़ से बतौर अति विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थिति रहेंगे। आयोजन दो सत्र में आयोजित होगा जिसमें प्रथम सत्र 9 बजे से 2 बजे तक जिसमे जीएसटी सेमिनार सम्मान समाहरोह एवम द्वितीय सत्र 2.45 से 5 बजे तक उत्तर प्रदेश कर अधिवक्ता संगठन की प्रदेश कार्यकारिणी बैठक आयोजित की जाएगी।

कार्यक्रम में अति विशिष्ट अतिथि होंगे उत्तर प्रदेश कर अधिवक्ता संगठन के संस्थापक अध्यक्ष हर्ष शर्मा

उक्त बैठक में प्रदेश भर से सैकड़ो कर अधिवक्ताओ के पहुँचने की संभावना है जिसमे अधिकांश अधिवक्ता 22 अक्टूबर की शाम तक ही सोंनभद्र में आ जाएंगे जिनके ठहरने की ब्यवस्था आयोजक स्थानीय बार द्वारा नगर के विभिन्न होटलों में की गई है।

टैक्स बार एसोसिएशन के संस्थापक अध्यक्ष एवम उत्तर प्रदेश कर अधिवक्ता संगठन के प्रदेश उपाध्यक्ष राकेश शरण मिश्र

आजाद हिंद फौज का मनाया गया स्थापना दिवस

चुर्क, सोनभद्र। पतंजलि योगपीठ सोनभद्र युवा भारत चुर्क जिला महामंत्री एवं सोशल मीडिया प्रभारी योगी संकट मोचन के द्वारा आजाद हिंद फौज की स्थापना दिवस के अवसर पर बृहस्पतिवार को अमर शहीदों के याद में चुर्क स्थित अवधूत भगवान राम नर्सरी विद्यालय में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बच्चों और शिक्षकों को पौधा देकर वृक्षारोपण कराया गया एवं अमर शहीदों के बारे में बताया गया। आयोजित कार्यक्रम में पतंजलि योगपीठ सोनभद्र युवा भारत‌ के जिला महामंत्री योगी संकटमोचन अपना विचार व्यक्त करते हुए कहा कि बच्चे भी आगे भविष्य में अपने भारत देश के लिए अच्छे कार्य करें और अपने भारत देश का पूरे दुनिया में नाम रोशन करे। वही समाज सेवी बालिका प्रिया श्रीवास ने बच्चों से विद्यालय में पौधारोपण कराया और बच्चों की स्वास्थ्य और तेज बुद्धि प्राप्ति के लिए योग प्राणायाम के बारे में बताया गया। और उन्होंने कहा कि बच्चे प्रतिदिन योग करें और अपने बुद्धि को अपनी क्षमता को बढ़ाएं। उन्होंने आगे कहा कि हमारे देश के बच्चे यदि तेज तरार, ताकतवर और बुद्धिमान होंगे तभी हमारा भारत स्वस्थ और महान भारत बनेगा। आयोजित कार्यक्रम में अवधूत भगवान राम नर्सरी विद्यालय की प्रधानाचार्या उर्मिला सिंह, निर्मल कौर, माया, मीरा, रिंकी सहित आदि बच्चे एवं अध्यापक गण उपस्थित रहे।


सुकृत-सोनभद्र : उत्तर प्रदेश राज्य के सोनभद्र जिले के कर्मा ब्लॉक अंतर्गत ग्राम सभा सुकृत में स्थित “सोनभद्र मानव सेवा आश्रम” (ट्रस्ट) को भारत सरकार के आयकर विभाग ( Income Tax Department) द्वारा 12 A व 80 G का प्रमाण-पत्र मिला है।

ट्रस्ट के संस्थापक/ राष्ट्रीय अध्यक्ष/ प्रधान ट्रस्टी गौतम विश्वकर्मा ने हर्ष व्यक्त करते हुए बताया कि अब जो दानदाता गण ट्रस्ट को दान करते हैं तो उन्हें आयकर में छूट मिलेगी तथा साथ- साथ जनपद के गरीब लोगों की मदद भी हो पायेगा और ट्रस्टडीड मेंं लिखे उद्देश्यों की पूर्ति भी हो सकेगी। ट्रस्ट का कार्यक्षेत्र संपूर्ण भारत वर्ष है।

आपको बता दें कि   “सोनभद्र मानव सेवा आश्रम” (ट्रस्ट) की स्थापना 29 अगस्त 2018 को हुआ था।
तब से ट्रस्ट के माध्यम से समाज की सेवा की जा रही है, जैसे-  ठंड के मौसम में गरीबों को नि:शुल्क कंबल का वितरण, कोविड-19 महामारी के समय नि:शुल्क दवाओं का वितरण, निराश्रित महिलाओं में नि:शुल्क मच्छरदानी का वितरण, नि:शुल्क सैनिटाइजर एवं साबुन का वितरण, नि:शुल्क मास्क का वितरण, नि:शुल्क खाद्य सामग्री वितरण, गरीब बच्चों व मदरसा के बच्चों में मुफ्त शिक्षण सामग्री व फल का वितरण, बुजुर्गों में नि:शुल्क दवा का वितरण, नि:शुल्क पीने का पानी का वितरण, बच्चों के शारीरिक विकास के लिए बालीबाल प्रतियोगिता, स्कूलों में संसार ज्ञान परीक्षा, पेटिंग प्रतियोगिता, प्राथमिक उपचार शिविर का आयोजन, गरीब बच्चों को नि:शुल्क कोचिंग तथा महिलाओं के विकास हेतु आत्मनिर्भर बनाने के दृष्टिकोण से सिलाई-कढ़ाई प्रशिक्षण केंद्र खुलवाना, धार्मिक पुस्तकों के लिए पुस्तकालय की व्यवस्था, वृक्षारोपण कार्यक्रम, सीनियर सिटीजन हेल्पलाइन- 14567 के तहत बुजुर्गों को जागरूक करना इत्यादि।
ट्रस्ट के राष्ट्रीय अध्यक्ष गौतम विश्वकर्मा ने दान दाताओं से अपील किया है कि ट्रस्ट में दान राशि जमा कर छूट की रसीद प्राप्त करें।

ट्रस्ट का वितरण निम्नलिखित है-

बैंक डिटेल्स-

बैंक का नाम- भारतीय स्टेट बैंक

एकाउंट होल्डर्स- SONBHADRA MANAV SEVA ASHRAM (TRUST)

एकाउंट नंबर- 38541676797

IFSC CODE- SBIN0012728

पैन नंबर- AAWTS5488C

इमेल- sonbhadramanavsewaashramsukrit@gmail.com

कार्यालय संपर्क सूत्र- +91 9935694130

खयाल गायन व कत्थक नृत्य देख संगीत प्रेमी हुए भाव विभोर

श्री अचलेश्वर महादेव मंदिर के 54 में वार्षिकोत्सव पर
संगीत उत्सव की रही धूम

बनारस और कर्नाटक के संगीत कलाकारों ने बिखेरा जलवा

मिथिलेश प्रसाद द्विवेदी

डाला, सोनभद्र। स्थानीय ऊंची पहाड़ी पर अवस्थित सुप्रसिद्ध प्राचीन श्री अचलेश्वर महादेव मंदिर परिसर मंगलवार को देर शाम संगीत प्रेमियों के लिए एक यादगार अनुभव बनकर स्मृतियों में दर्ज हो गई। गौरतलब हो कि 1968 में स्थापित श्रीअचलेश्वर महादेव मन्दिर पिछले 54 वर्षों से भारतीय संस्कृति, धर्म और सांस्कृतिक संवर्धन जैसी परंपरा का निर्वाह करता चला आ रहा है। उसी परंपरा की कड़ी में मंगलवार की सायं श्रीअचलेश्वर महादेव मन्दिर फाउंडेशन ने संगीत समारोह का आयोजन किया। कार्यक्रम का आरंभ दीप प्रज्ज्वलन से हुआ। इस दौरान मुख्य रूप से संस्था के अध्यक्ष महंत मुरली तिवारी, समाजसेवी विद्या शंकर पांडेय, राजेश द्विवेदी, चौकी इंचार्ज मनोज कुमार ठाकुर, नरसिंह तिवारी एवं विनोद चौबे मौजूद रहें।
बनारस हिन्दू विश्वविद्यालय के असिस्टेंट प्रोफेसर एवं बाँसुरी वादक राकेश कुमार ने कार्यक्रम की पहली प्रस्तुति राग बागेश्वरी से की, उसके बाद एक पहाड़ी धुन बजाई जिसपर श्रोता मंत्रमुग्ध हुए।

मीरा के एक भजन और अपनी एक स्वरचित रचना से उन्होंने अपने कार्यक्रम को विराम दिया। कार्यक्रम का दूसरा चरण में कर्नाटक की तेजस्विनी दिगंबर वर्नेकर ने खयाल गायन की प्रस्तुति दी। अपने नाम के अनुरूप उन्होंने राग केदार में पहली प्रस्तुति देकर ही श्रोताओं को चकित कर दिया। उसके बाद राग सोहनी में बंदिश रंग ना डारो श्याम जी और आखिर में भजन गाकर अपने गायन का समापन किया। तेजशविनी आइटीसी कोलकाता में संगीत की शोधार्थी रही हैं। कल इनके गायन को सुनते हुए श्रोताओं ने इसी मन्दिर समारोह में आए कुमार गंधर्व के पुत्र मुकुल शिवपुत्र और उनके पोते भुवनेश कोमकली के गायन को याद किया जिन्होंने राग केदार और सोहनी में इन बंदिशों को सुनाया था। समापन बनारस के चैतन्य मंगलम के कथक नृत्य से हुआ उन्होंने शिव के अर्धनारीश्वर स्तुति से अपने नृत्य का आरंभ किया। इसके बाद कथक का परंपरागत तराना एवं शिव तांडव प्रस्तुत कर श्रोताओं को हर्षित कर दिया। अंत में मीरा भजन पर अपनी प्रस्तुति के दौरान उन्होंने भगवान श्रीकृष्ण के प्रेम रूप का वर्णन किया। कलाकारों के साथ तबले पर संगत पंकज राय ने एवं हारमोनियम पर पंकज शर्मा थें। कार्यक्रम के समापन पर कलाकारों को भेंट स्वरूप पुस्तक देकर उनका सम्मान किया गया। संचालन किरण तिवारी एवं संस्था के सचिव चन्द्र प्रकाश तिवारी ने किया। संस्था के कार्यकारी अध्यक्ष ओम प्रकाश तिवारी ने बताया कि पूरे भारत में यह मन्दिर भारत की सांस्कृतिक विरासत को सहेजने एवं इसे आगे बढ़ाने के लिए जाना जाता है। हम मन्दिर परंपरा का निर्वाह करते हुए कला, संगीत और शिक्षा पर मुख्य रूप से काम कर रहे हैं।

कार्यक्रम में सूर्य प्रकाश तिवारी, इंदु यादव, संतोष कुमार, मुकेश जैन, अविनाश शुक्ला, उत्तम मिश्र, कुमार मंगलम तिवारी, आशीष अग्रहरी, शुभम त्रिपाठी समेत सैकड़ों संगीत प्रेमी मौजूद रहें।

घोरावल ब्राह्मण सभा ने तहसीलदार को सौंपा ज्ञापन

राम अनुज धर द्विवेदी (संवाददाता)

घोरावल, सोनभद्र। घोरावल ब्राह्मण सभा ने सांसद द्वारा सवर्ण समाज को खुले मंच से गाली और अपशब्दों के प्रयोग के विरोध में राष्ट्रपति को सम्बोधित ज्ञापन सौपा गया।बुधवार को दर्जनों की संख्या में सवर्णों द्वारा एक ज्ञापन तहसीलदार को दिया गया।ज्ञापन देकर मांग की गई कि सांसद की सदस्यता को समाप्त करते हुए उनके विरुध्द राष्ट्रद्रोह का मुकदमा दर्ज किया जाय।
बता दें कि सांसद पकौड़ी लाल द्वारा मिर्जापुर जनपद के एक स्थान पर सार्वजनिक मंच से ब्राह्मणों और क्षत्रियों को गाली देने का एक वीडियो वायरल हो रहा है।जिसको लेकर सवर्ण समाज में जगह जगह विरोध हो रहा है।वायरल वीडियो में सांसद द्वारा ब्राह्मणों व क्षत्रियों को गाली और अपशब्दों का प्रयोग किया है।बताया गया कि किसी भी जाति के लिए अपशब्दों का प्रयोग उचित नही है।सवर्ण समाज इस प्रकार के बयानों की घोर निंदा करता है।इसी को लेकर घोरावल क्षेत्र के स्वर्ण समाज के लोगों द्वारा विरोध दर्ज कराते हुए सांसद की सदस्यता को समाप्त कर राष्ट्रद्रोह का मुकदमा दर्ज करने मांग की गई।इस अवसर पर अरुण पांडेय,कैलाश सिंह,आनंद स्वरूप शुक्ल,श्रवण सिंह,बलवीर सिंह,निर्भय झा,सर्वेश त्रिपाठी, जय प्रकाश चतुर्वेदी,सुनील कुमार,दिनेश मिश्रा,आलोक चौबे समेत अन्य मौजूद रहे।

बजरंग दल कार्यकर्ताओं ने तहसीलदार को सौंपा ज्ञापन


राम अनुज धर द्विवेदी (संवाददाता)

घोरावल,सोनभद्र। घोरावल तहसील में विश्व हिंदू परिषद व बजरंग दल ने बांग्लादेश में हिंदुओं के खिलाफ हिंसा के विरोध में बुधवार को राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन तहसीलदार को सौंपा।बांग्लादेश में लगातार हो रही हिंदू समाज के लोगों की इस्लामी जेहादियों द्वारा हत्या व मंदिरों पर हमले के विरोध में बजरंग दल और विश्व हिंदू परिषद के कार्यकर्ताओं ने बजरंग दल के जिला संयोजक राजीव कुमार व विहिप के जिला सह मंत्री नंदलाल उमर के नेतृत्व में जुलूस निकालकर तहसील पहुंचे, जहां राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन तहसीलदार को दिया गया।ज्ञापन में कहा गया है कि बांग्लादेश में हिंदुओं पर जिहादियों के हमले का विरोध किया। और कहा कि बांग्लादेश में हिंदुओं पर जिहादियों द्वारा बढ़ते जा रहे हमले व हिन्दू धर्म स्थलों व पूजा पंडालों को तहस नहस करने तथा हिन्दूओं पर लगातार आक्रमण करने को लेकर तथा दुर्गा पूजा के दौरान अकेले 22 से ज्यादा जिलों में हिंसा की घटना घट चुकी है। बांग्लादेश में हिंदुओं के 150 से ज्यादा दुर्गा पांडाल और इस्कान मंदिर को आग के हवाले कर दिया गया। देवी देवताओं की मूर्तियां तोड़ दी गई। और हिन्दुओं को मारा पीटा गया। इन सब घटनाओं के बाद भी वहां की सरकार आंख बंद करके बैठी है। इस घटना से हिन्दुओं में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। इस घटना से क्षुब्ध होकर विश्व हिन्दू परिषद के कार्यकर्ताओं ने मांग किया है कि हिन्दुओं पर हो रहे अत्याचार को रोककर कड़े कदम उठाए जाएं। यह कार्यक्रम राजीव कुमार विभाग संयोजक बजरंग दल के नेतृत्व में दिया गया।इस अवसर पर कृष्णा नंद मिश्र नंदलाल उमर जय प्रकाश अरूण कुमार गोविन्द सहित कई लोग मौजूद रहे।

Design a site like this with WordPress.com
प्रारंभ करें