HIGHLIGHTS
- सोनभद्र में भारी बारिश के चलते कक्षा 1 से 8 तक के सभी स्कूल 1 सितंबर को रहेंगे बंद, बीएसए ने जारी किया आदेश
सोनभद्र। जनपद में लगातार हो रही भारी बारिश और मौसम के खराब मिजाज को देखते हुए जिलाधिकारी के निर्देश पर कक्षा 1 से 8 तक के सभी विद्यालयों में 1 सितंबर 2026 को अवकाश घोषित किया गया है। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी मुकुल आनंद पांडेय ने इस संबंध में आधिकारिक आदेश जारी कर दिया है।

बच्चों की सुरक्षा को सर्वोपरि रखते हुए यह फैसला लिया गया है ताकि भारी वर्षा के कारण छात्र-छात्राओं को किसी भी तरह की असुविधा या जोखिम का सामना न करना पड़े।
जारी आदेश के अनुसार, सोनभद्र जिले में संचालित सभी परिषदीय, राजकीय, अशासकीय सहायता प्राप्त एवं मान्यता प्राप्त सीबीएसई व आईसीएसई सहित अन्य सभी बोर्डों के विद्यालयों में कक्षा 1 से 8 तक का शिक्षण कार्य 1 सितंबर को पूरी तरह बंद रहेगा।


हालांकि, आदेश में यह साफ किया गया है कि यह छुट्टी केवल छात्र-छात्राओं के लिए लागू होगी, जबकि विद्यालयों में शिक्षकों एवं शिक्षणेत्तर कर्मचारियों की उपस्थिति अनिवार्य रहेगी। शिक्षक स्कूल पहुंचकर ऑपरेशन कायाकल्प, डीबीटी (DBT), यू-डायस प्लस (U-DISE+) तथा अन्य महत्वपूर्ण प्रशासकीय व विभागीय कार्यों का यथावत संपादन करेंगे।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने जिले के सभी खंड शिक्षा अधिकारियों, प्रधानाध्यापकों तथा प्रभारी प्रधानाध्यापकों को निर्देश दिए हैं कि वे इस आदेश का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित कराएं। इसके साथ ही आदेश की प्रतिलिपि जिलाधिकारी, मुख्य विकास अधिकारी एवं जिला विद्यालय निरीक्षक सहित सभी संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई एवं सूचनार्थ भेज दी गई है।



































