HIGHLIGHTS
- 4077 लीटर अवैध अंग्रेजी शराब के साथ सोनभद्र पुलिस ने किया हरियाणा के तस्कर को गिरफ्तार

सोनभद्र। जनपद में अवैध मादक पदार्थों और शराब की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे “ऑपरेशन शुद्धि” के तहत थाना पिपरी पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस टीम ने मुर्धवा-रनटोला मार्ग से एक अंतरराज्यीय शराब तस्कर को गिरफ्तार करते हुए 464 पेटियों में भरी 13,296 शीशी (कुल 4077.36 लीटर) अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की है।
जब्त की गई शराब की अनुमानित कीमत करीब 33 लाख रुपये तथा तस्करी में प्रयुक्त डीसीएम आइसर ट्रक की कीमत लगभग 27 लाख रुपये बताई जा रही है, जिससे कुल बरामदगी का मूल्य लगभग 60 लाख रुपये आंका गया है। उक्त पूरे मामले का विस्तृत खुलासा अपर पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) अनिल कुमार सिंह ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान किया।

प्रेस कॉन्फ्रेंस में जानकारी देते हुए अपर पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन, उनके व क्षेत्राधिकारी पिपरी हर्ष पांडेय के पर्यवेक्षण तथा पिपरी थानाध्यक्ष राजेश जी चौबे के नेतृत्व में पुलिस टीम 2 सितंबर की दोपहर हाईटेक रेलवे क्रॉसिंग के पास चेकिंग कर रही थी।

इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि हरियाणा से अवैध अंग्रेजी शराब लादकर एक डीसीएम ट्रक बिहार व झारखंड की ओर जा रहा है। सूचना पर सतर्क हुई पुलिस ने मुर्धवा तिराहे के पास घेराबंदी की। तभी संदिग्ध डीसीएम ट्रक (संख्या GJ27TD6174) को रोकने का इशारा किया गया, लेकिन चालक ने गाड़ी की रफ्तार बढ़ा दी। पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए करीब 200 मीटर पीछा कर ट्रक को घेरकर रोक लिया और चालक को हिरासत में ले लिया।

पकड़े गए चालक की पहचान करन सिंह पुत्र सुरेश कुमार निवासी देव नगर, भिवानी (हरियाणा) के रूप में हुई। जब ट्रक का पर्दा हटाकर तलाशी ली गई तो उसमें भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब की पेटियां मिलीं, जिन पर “FOR SALE PUNJAB ONLY” अंकित था।

पूछताछ में अभियुक्त ने बताया कि हरियाणा में एक व्यक्ति ने उसे जलजीरा कोल्ड ड्रिंक लादने की बात कहकर ट्रक सौंपा था, लेकिन बाद में बिहार शराब पहुंचाने का निर्देश दिया। तस्करों के नेटवर्क द्वारा उसे रास्ते की लोकेशन और निर्देश देने के लिए ‘सेठ जी’ के नाम से सेव नंबर वाला एक मोबाइल दिया गया था, जिस पर केवल व्हाट्सऐप कॉल के जरिए संपर्क किया जा रहा था।

पुलिस ने अभियुक्त के पास से ट्रक व शराब के अलावा एक एंड्रॉइड मोबाइल और 1,200 रुपये नकद बरामद किए हैं। पिपरी थाने में आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम और भारतीय न्याय संहिता (BNS) की सुसंगत धाराओं में मामला दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

इस सफल कार्रवाई को अंजाम देने वाली टीम में थानाध्यक्ष राजेश जी चौबे, उप निरीक्षक जितेंद्र कुमार यादव, मुख्य आरक्षी रामाश्रय यादव, शेष नाथ पांडेय, अमित सिंह, मोहन खरवार, राजेश पासवान और आरक्षी अभिषेक आर्या शामिल रहे।
































