यह फोटो AI द्वारा बनाई गई है
HIGHLIGHTS
- 54 दिन में 450 से अधिक चालान, फिर भी चल रहे बिना नंबर वाले भारी वाहन
सोनभद्र। सोनांचल में बिना नंबर प्लेट के ओवरलोड भारी वाहनों का संचालन नहीं थम रहा। पिछले 54 दिनों में 450 से अधिक वाहनों पर चालान की कार्रवाई होने के बावजूद सड़कों पर बेखौफ बिना नंबर के ट्रक और हाईवा दौड़ रहे हैं। बिना नंबर दौड़ रहे वाहनों की वजह से घटनाएं भी खूब हो रही है।

वाराणसी-शक्तिनगर राजमार्ग, खलियारी मार्ग और घोरावल क्षेत्र की प्रमुख सड़कों पर बिना नंबर के भारी वाहन खनिज लादकर फर्राटा भर रहे हैं। शाम ढलने के बाद भारी वाहनों की संख्या अचानक बढ़ जाती है। इन वाहनों से गिट्टी, बालू, कोयला और अन्य खनिज का ओवरलोड परिवहन किया जा रहा है। जिले से निकल रहे खनिज की पूर्वांचल के कई जिलों में आपूर्ति हो रही है।
प्रशासन की ओर से ओवरलोड वाहनों के संचालन पर रोक के आदेश हैं, लेकिन जमीनी स्तर पर आदेशों की अनदेखी साफ दिखा रही है। ओवरलोड तो दूर, बिना नंबर प्लेट के वाहन भी खुलेआम सड़कों पर दौड़ रहे हैं। रविवार की रात रॉबर्ट्सगंज-खलियारी मार्ग पर गिट्टी लदा बिना नंबर का हाईवा जाते हुए देखा गया। नगर के उरमौरा चढ़ाई पर भी अक्सर बिना नंबर के भारी वाहन खड़े रहते हैं।

स्थिति तब और गंभीर हो जाती है जब पुलिस बिना हेलमेट या बिना सीटबेल्ट वाहन चलाने वालों पर तुरंत कार्रवाई करती है, लेकिन बिना नंबर के भारी वाहन कार्रवाई से दूर रहते हैं। लोडिंग प्वाइंट से निकलकर ये वाहन कई थाना क्षेत्रों और

खनिज बैरियर पार करते हुए जिला मुख्यालय से गुजरकर गंतव्य तक पहुंच जाते हैं, जिससे प्रशासनिक व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं। वहीं उप संभागीय परिवहन विभाग की तरफ से अभियान चलाकर ओवरलोड़ और बिना नंबर दौड़ रहे वाहनों के खिलाफ कार्रवाई का दावा किया जा रहा है

कार्रवाई के लिए टीम गठित की गई है। टीम दिन और रात में अभियान चलाकर बिना नंबर एवं ओवरलोड वाहनों के खिलाफ कार्रवाई कर रही है। जनवरी से अब तक 450 से अधिक वाहनों पर कार्रवाई की गई है और आगे भी लगातार कार्रवाई जारी रहेगी।-राजेश्वर यादव, एआरटीओ प्रवर्तन



































