HIGHLIGHTS
- बरेली में उत्तर प्रदेश युवा उद्योग व्यापार मंडल का प्रादेशिक शिविर 31 मई को, सोनभद्र से दो दर्जन पदाधिकारी होंगे रवाना

सोनभद्र। उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल की युवा इकाई ‘उत्तर प्रदेश युवा उद्योग व्यापार मंडल’ का प्रादेशिक प्रशिक्षण शिविर एवं भव्य शपथ ग्रहण समारोह आगामी 31 मई को बरेली जनपद के स्पर्श रिसॉर्ट में आयोजित होने जा रहा है। इस बड़े प्रादेशिक कार्यक्रम को लेकर पूरे प्रदेश के युवा व्यापारी पदाधिकारियों में जबरदस्त उत्साह और ऊर्जा का माहौल है।
व्यापारिक हितों की रक्षा और संगठित व्यापारिक शक्ति के निर्माण के लिए पूर्व सांसद स्वर्गीय श्याम बिहारी मिश्रा द्वारा स्थापित यह संगठन वर्तमान में प्रदेश अध्यक्ष मुकुंद मिश्रा (कानपुर) के नेतृत्व में व्यापारियों की समस्याओं के समाधान और स्वाभिमान की रक्षा के लिए लगातार सक्रिय है। लोकतांत्रिक परंपराओं का पालन करते हुए संगठन हर तीन साल में त्रैवार्षिक चुनाव पद्धति के जरिए नई कार्यकारिणी का गठन करता है, जिसके बाद युवा इकाई, आईटी और उद्योग मंच जैसे फ्रंटल संगठनों को नई सोच के साथ जोड़ा जाता है।

इस प्रादेशिक समागम की तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए प्रदेश महामंत्री राजेंद्र गुप्ता के मार्गदर्शन में बरेली की पूरी टीम युद्धस्तर पर जुटी हुई है। कार्यक्रम में प्रदेश चेयरमैन महेंद्र जैन मयूर, प्रदेश महामंत्री डॉ. दिलीप सेठ सहित संगठन के कई वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद रहकर युवाओं का मार्गदर्शन करेंगे। इसके अलावा भारत सरकार के व्यापारी कल्याण बोर्ड के चेयरमैन सुनील सिंघी और विभिन्न जनप्रतिनिधियों की गरिमामयी उपस्थिति भी इस कार्यक्रम में प्रस्तावित है।

युवा इकाई के प्रदेश अध्यक्ष जितेंद्र सोनी ने बताया कि संगठन का उद्देश्य केवल पद बांटना नहीं, बल्कि एक सशक्त, जागरूक और संघर्षशील युवा व्यापारी नेतृत्व तैयार करना है। इसी सोच के साथ इस प्रशिक्षण शिविर को विभिन्न ज्ञानवर्धक एवं प्रेरणादायी सत्रों में विभाजित किया गया है, जिसमें संबंधित विषयों के विशेषज्ञ और अनुभवी वक्ता मार्गदर्शन देंगे।

इस दो दिवसीय शिविर के दौरान विभिन्न महत्वपूर्ण सत्रों में सार्थक चर्चा की जाएगी, जिसमें सशक्त संगठन व प्रभावी नेतृत्व निर्माण, राष्ट्र निर्माण में युवा शक्ति का पुरुषार्थ, स्वदेशी व्यापार, आत्मनिर्भर भारत और व्यापार वृद्धि के व्यावहारिक सूत्रों पर मंथन होगा। इसके साथ ही आज के दौर की सबसे बड़ी चुनौतियों जैसे ऑनलाइन ऐप व साइबर क्राइम से व्यापारियों की सुरक्षा, ऑनलाइन व्यापार के अनियंत्रित विस्तार से छोटे व फुटकर व्यापारियों को संरक्षण,

प्रदेश में अघोषित बिजली कटौती की समस्या, एक समान मंडी टैक्स व्यवस्था और जीएसटी की जटिलताओं के सरलीकरण पर भी विस्तृत चर्चा होगी। व्यापार मंडल इस मंच से शिक्षक एवं स्नातक एमएलसी की तर्ज पर विधान परिषद में व्यापारी प्रतिनिधित्व की मांग और व्यापारियों की सुरक्षा, सम्मान व आर्थिक सशक्तिकरण की आवाज को बुलंद करेगा। संगठन का मानना है कि यदि युवा व्यापारी वर्ग प्रशिक्षित होगा, तो व्यापारियों की आवाज शासन-प्रशासन तक और अधिक प्रभावी ढंग से पहुंचेगी।

बरेली इकाई ने इस प्रादेशिक कार्यक्रम को सुव्यवस्थित और अनुशासित रूप देने के लिए मंच, आवास, पंजीकरण, पार्किंग, भोजन और अतिथि स्वागत हेतु अलग-अलग समितियों का गठन कर पदाधिकारियों को जिम्मेदारियां सौंप दी हैं।

सोनभद्र के युवा जिलाध्यक्ष रमेश जायसवाल ने प्रेस विज्ञप्ति के जरिए जानकारी दी कि इस ऐतिहासिक प्रादेशिक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए सोनभद्र जिले से उनके नेतृत्व में लगभग दो दर्जन से अधिक युवा व्यापारी पदाधिकारियों का दल 30 मई को बरेली के लिए प्रस्थान करेगा। सोनभद्र के ये युवा प्रतिनिधि वहां प्रदेश स्तरीय प्रशिक्षण प्राप्त कर जिले में संगठन को और अधिक मजबूत व धारदार बनाने का संकल्प लेंगे।

उन्होंने दोहराया कि उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल सदैव व्यापारी हित और व्यापारी सम्मान के लिए प्रतिबद्ध रहा है और भविष्य में भी व्यापारियों की हर लड़ाई को पूरी मजबूती के साथ लड़ता रहेगा।


































