HIGHLIGHTS
- बकरीद पर सोनभद्र में सुरक्षा के रहे कड़े इंजाम, DM चर्चित गौड़ और SP अभिषेक वर्मा ने मस्जिदों व ईदगाहों किया दौरा

सोनभद्र। आगामी ईद-उल-अजहा (बकरीद) पर्व को जिले में पूरी तरह सकुशल, शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में सम्पन्न कराने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड पर आ गई है। त्योहार के मद्देनजर जनपद के सभी संवेदनशील क्षेत्रों, मस्जिदों, ईदगाहों, प्रमुख बाजारों और भीड़-भाड़ वाले धार्मिक स्थलों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम सुनिश्चित किए गए हैं।

इसी सिलसिले में जिलाधिकारी चर्चित गौड़ और पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने भारी पुलिस बल के साथ थाना रॉबर्ट्सगंज क्षेत्र के अंतर्गत विभिन्न मस्जिदों, ईदगाहों और आसपास के संवेदनशील इलाकों का स्थलीय निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।

इस दौरान दोनों शीर्ष अधिकारियों ने स्थानीय नागरिकों और नमाजियों से सीधे मुलाकात कर उन्हें बकरीद पर्व की अग्रिम शुभकामनाएं दीं और समाज में आपसी भाईचारा, कौमी एकता व सामाजिक समरसता बनाए रखने की अपील की।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने ड्यूटी पर मुस्तैद पुलिस अधिकारियों व जवानों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। अधिकारियों ने हिदायत दी कि सभी संवेदनशील प्वाइंट्स पर विशेष सतर्कता बरती जाए, पुलिस टीमें अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार गश्त करती रहें और किसी भी तरह के संदिग्ध व्यक्तियों या भ्रामक गतिविधियों पर पैनी नजर रखी जाए।

इसके साथ ही त्योहार के दौरान बाजारों और मुख्य रास्तों पर यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए, ताकि आम जनता को आवागमन में किसी प्रकार की असुविधा न हो।

मुख्यालय के साथ-साथ तहसील और ग्रामीण इलाकों में भी सुरक्षा घेरा मजबूत किया गया है। इसी क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक ऑपरेशन ऋषभ रुणवाल ने थाना दुद्धी क्षेत्र के अंतर्गत विभिन्न इलाकों का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का बारीकी से निरीक्षण किया और स्थानीय पुलिस बल को मुस्तैद रहने के निर्देश दिए।


इसके अलावा जनपद के समस्त क्षेत्राधिकारी (सीओ) और थाना प्रभारी अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार भ्रमणशील रहकर सुरक्षा व्यवस्था को संभाल रहे हैं। कानून व्यवस्था में खलल डालने वाले तत्वों से निपटने के लिए सोनभद्र पुलिस द्वारा आधुनिक तकनीकों का भी सहारा लिया जा रहा है।

पूरे जिले में ड्रोन कैमरों, प्रमुख चौराहों पर लगे सीसीटीवी कैमरों और सोशल मीडिया मॉनिटरिंग सेल के जरिए चौबीसों घंटे निगरानी की जा रही है, ताकि सोशल मीडिया या अन्य माध्यमों से कोई भी शरारती तत्व अफवाह, भ्रामक सूचना अथवा आपत्तिजनक पोस्ट प्रसारित कर जिले का माहौल खराब न कर सके।
































