HIGHLIGHTS
- घोरावल में DM और SP ने सुनीं जन समस्याएं, शिकायतों के त्वरित व गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के दिए कड़े निर्देश

सोनभद्र। जनपद की विभिन्न तहसीलों में आयोजित “सम्पूर्ण समाधान दिवस” के अवसर पर जिला व पुलिस प्रशासन ने जनता की समस्याओं को गंभीरता से सुना और उनके निस्तारण के लिए तत्परता दिखाई। इसी सिलसिले में जिलाधिकारी चर्चित गौड़ एवं पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने संयुक्त रूप से तहसील घोरावल में आयोजित समाधान दिवस में प्रतिभाग किया। दोनों अधिकारियों ने वहां आए फरियादियों की शिकायतों को बेहद संवेदनशीलता के साथ सुना और मौके पर मौजूद अधिकारियों को उनके पारदर्शी व समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए।
तहसील घोरावल में सुनवाई के दौरान जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने विशेष रूप से भूमि विवाद से जुड़े प्रकरणों पर कड़ा रुख अपनाया। उन्होंने साफ तौर पर निर्देशित किया कि जमीन से जुड़े मामलों में पुलिस और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम अनिवार्य रूप से मौके पर जाकर निष्पक्ष कार्रवाई सुनिश्चित करे।

अधिकारियों ने कहा कि राजस्व और पुलिस की टीमें धरातल पर जाकर विवाद को सुलझाएं ताकि फरियादियों को न्याय के लिए अनावश्यक रूप से इधर-उधर न भटकना पड़े। इसके साथ ही प्रत्येक प्रकरण के निस्तारण में पारदर्शिता और गुणवत्ता पर विशेष बल दिया गया, ताकि पीड़ित पक्ष प्रभावी कार्रवाई से पूरी तरह संतुष्ट हो सके।

इसी क्रम में जनपद की अन्य तहसीलों में भी जन समस्याओं के समाधान के लिए उच्च अधिकारी मुस्तैद रहे। तहसील रॉबर्ट्सगंज में आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस में अपर पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) अनिल कुमार ने जनता की समस्याओं को सुना और संबंधित विभागीय अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के लिए निर्देशित किया।

इसके अतिरिक्त जनपद के सभी क्षेत्राधिकारियों (सीओ) ने भी अपने-अपने सर्किल के अंतर्गत आने वाली तहसीलों में उपस्थित रहकर आमजन की फरियाद सुनी। समाधान दिवस के दौरान सभी अधिकारियों को सख्त हिदायत दी गई कि शिकायतों के निस्तारण में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और निर्धारित समय-सीमा के भीतर ही पीड़ित को न्याय दिलाना सुनिश्चित किया जाए।



































