नई दिल्ली। राजकीय शिक्षक संघ उत्तर प्रदेश का एक प्रतिनिधिमंडल प्रान्तीय महामन्त्री डॉ. अशोक कुमार अवाक के नेतृत्व में अपनी मांगों को लेकर मुखर हो गया है। हाल ही में संघ के सदस्यों ने नई दिल्ली स्थित तुगलक मार्ग पहुंचकर केंद्रीय शिक्षा राज्य मंत्री जयंत सिंह चौधरी के आवास पर ज्ञापन सौंपा, जिसमें खंड शिक्षा अधिकारियों (बीईओ) को उच्चतर सेवा समूह में 34 प्रतिशत पदोन्नति कोटा समाप्त करने और डाइट प्रवक्ताओं के साथ राजकीय शिक्षकों की समवेत पदोन्नति सुनिश्चित करने की मांग की गई है।
डॉ. अवाक ने अपनी पीड़ा व्यक्त करते हुए कहा कि खंड शिक्षा अधिकारी और डाइट प्रवक्ता अपनी पदोन्नति की प्रक्रिया में सफल हो रहे हैं, जबकि राजकीय माध्यमिक शिक्षक स्वयं को उपेक्षित और असहाय महसूस कर रहे हैं। राज्य स्तर पर उचित सहयोग न मिलने के कारण संगठन ने अब केंद्र का दरवाजा खटखटाया है। संघ का यह प्रयास बीते 11 अप्रैल, 2026 को शुरू हुआ था, जब पहली बार प्रतिनिधिमंडल मंत्री जी से मिलने पहुंचा था, किंतु उस समय वे विदेश दौरे पर थे। उस दौरान कार्यालय द्वारा ज्ञापन लेने से इनकार कर दिए जाने के बावजूद संघ के प्रतिनिधियों ने हिम्मत नहीं हारी। संसद में महिला आरक्षण बिल की व्यस्तता के बीच दूसरी बार किए गए इस प्रयास में कार्यालय ने ज्ञापन स्वीकार किया और मंत्री जी के लौटने पर इसे उन्हें सौंपने का ठोस आश्वासन दिया है।
इस महत्वपूर्ण प्रतिनिधिमंडल में प्रान्तीय संगठन मन्त्री डॉ. अमर सिंह, मेरठ मण्डल के मण्डलीय अध्यक्ष डॉ. रविन्द्र कुमार, मण्डलीय मन्त्री डॉ. सतीश कुमार और सोनभद्र के सक्रिय साथी डॉ. अनिल कुमार पासवान शामिल रहे। डॉ. अवाक ने स्पष्ट किया कि यद्यपि शिक्षक स्वयं को वर्तमान परिस्थितियों में संघर्षरत मान रहे हैं, लेकिन संगठन अपने साथियों के अधिकारों की रक्षा के लिए पूरी तरह कृतसंकल्प है। उन्होंने विश्वास जताते हुए कहा कि मामला मा. उच्च न्यायालय, लखनऊ में भी विचाराधीन है और उन्हें पूरी उम्मीद है कि निर्णय अंततः राजकीय शिक्षकों के पक्ष में ही आएगा।
रेड क्रॉस सोसाइटी ने बढ़ाया मदद का हाथ, किडनी पीड़ित युवक को सौंपा आर्थिक सहायता का चेक
HIGHLIGHTS
- रेड क्रॉस सोसाइटी ने बढ़ाया मदद का हाथ, किडनी पीड़ित युवक को सौंपा आर्थिक सहायता का चेक
विनय कुमार श्रीवास्तव
रॉबर्ट्सगंज, सोनभद्र। इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी, शाखा सोनभद्र द्वारा मानवता की सेवा में एक और अनुकरणीय पहल की गई है। सोमवार को संस्था के पदाधिकारियों ने घोरावल विधानसभा क्षेत्र के ग्राम खुटहाँ निवासी दीपक कुमार पुत्र राजकुमार को मेडिकल राहत चेक प्रदान किया।
दीपक कुमार वर्तमान में किडनी जैसी गंभीर बीमारी से जूझ रहे हैं और लखनऊ स्थित संजय गांधी स्नातकोत्तर आयुर्विज्ञान संस्थान (एसजीपीजीआई) में उनका उपचार चल रहा है। आर्थिक तंगी के कारण इलाज जारी रखने में असमर्थ दीपक की स्थिति को देखते हुए रेड क्रॉस सोसाइटी ने उनकी मदद के लिए हाथ बढ़ाया है।

रेड क्रॉस सोसाइटी की कार्यप्रणाली का मुख्य उद्देश्य समाज के उन असहाय और आर्थिक रूप से कमजोर व्यक्तियों की पहचान करना है, जो विपरीत परिस्थितियों में जीवन जीने को मजबूर हैं।

सोसाइटी की स्थानीय टीम लगातार ऐसे जरूरतमंदों की खोज करती है और उन्हें चिन्हित कर राहत कार्य के माध्यम से संबल प्रदान करती है ताकि उनके जीवन की कठिनाइयों को कुछ हद तक कम किया जा सके।

इस मानवीय कार्य के अवसर पर इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी सोनभद्र के सभापति डॉ. आर.एस. सिंह, सचिव डॉ. टी.पी. सिंह, सरकारी सचिव डॉ. एस.के. जायसवाल और संस्था के सक्रिय सदस्य विनय कुमार श्रीवास्तव उपस्थित रहे। सभी पदाधिकारियों ने पीड़ित के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की और भविष्य में भी हर संभव सहायता का आश्वासन दिया।
















भीषण गर्मी और लू का असर, कक्षा 1 से 8 तक के स्कूलों का समय बदला
HIGHLIGHTS
- भीषण गर्मी और लू का असर, कक्षा 1 से 8 तक के स्कूलों का समय बदला

सोनभद्र। जिले में पड़ रही भीषण गर्मी, तेज धूप और लू के प्रकोप को देखते हुए जिलाधिकारी बी.एन. सिंह ने स्कूली बच्चों के स्वास्थ्य और सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए विद्यालय संचालन के समय में बदलाव का निर्देश जारी किया है। प्रशासन द्वारा लिए गए निर्णय के अनुसार,

अब जनपद के समस्त परिषदीय, सहायता प्राप्त, मान्यता प्राप्त तथा सीबीएसई और आईसीएसई बोर्ड से संबद्ध हिंदी व अंग्रेजी माध्यम के विद्यालयों में कक्षा 1 से 8 तक की कक्षाएं अब केवल प्रातः 7:30 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक ही संचालित होंगी।
यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया है कि चिलचिलाती धूप और गर्म हवाओं के कारण बच्चों के स्वास्थ्य पर पड़ने वाले प्रतिकूल प्रभाव को देखते हुए यह कदम उठाया गया है। सभी संबंधित विद्यालयों को निर्देश दिया गया है कि वे इस नई समय-सारणी का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करें ताकि विद्यार्थियों को दोपहर की अत्यधिक गर्मी से बचाया जा सके।


















बाल विवाह की सूचना मिलते ही पहुंची टीम, नाबालिग बालिका को कराया मुक्त
HIGHLIGHTS
- बाल विवाह की सूचना मिलते ही पहुंची टीम, नाबालिग बालिका को कराया मुक्त

सोनभद्र। अक्षय तृतीया के पावन अवसर पर जिले में बाल विवाह जैसी कुप्रथा को रोकने के लिए चाइल्ड हेल्पलाइन, सोनभद्र की टीम ने बड़ी तत्परता दिखाई है। रविवार को टीम को सूचना मिली कि रॉबर्ट्सगंज स्थित दंडईत बाबा मंदिर परिसर में एक बाल विवाह संपन्न कराया जा रहा है।
सूचना मिलते ही चाइल्ड हेल्पलाइन के सदस्य अमन सोनकर, सीमा शर्मा, सत्यम चौरसिया और धर्मवीर सिंह तत्काल मौके पर पहुँचे। परियोजना समन्वयक मुकेश कुमार सिंह ने मौके पर पहुंचकर बालिका के आयु संबंधी दस्तावेजों की गहन जांच की, जिसमें बालिका नाबालिग पाई गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, बालिका ग्राम पगिया (थाना कर्मा) की रहने वाली है, जबकि दूल्हा ग्राम ऊंची कला (थाना पत्रूगंज) का निवासी है। इस कार्रवाई के दौरान जब टीम ने बालिका को संरक्षण में लेने का प्रयास किया, तो परिजनों और वहां मौजूद लोगों ने भारी विरोध किया, जिससे मौके पर संघर्ष की स्थिति उत्पन्न हो गई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए महिला थाना प्रभारी सविता सरोज ने अपनी सूझबूझ और तत्परता से स्थिति को नियंत्रित किया और बालिका को सुरक्षित अपने संरक्षण में ले लिया। फिलहाल, चाइल्ड हेल्पलाइन द्वारा बालिका को बाल कल्याण समिति के समक्ष प्रस्तुत करने की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

इस घटना के बाद चाइल्ड हेल्पलाइन ने जनपद वासियों से अपील की है कि बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीतियों को जड़ से मिटाने के लिए प्रशासन का सहयोग करें और ऐसी किसी भी घटना की सूचना तत्काल चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098 पर दें। हेल्पलाइन ने स्पष्ट किया कि बाल विवाह न केवल सामाजिक अपराध है, बल्कि यह कानूनन भी दंडनीय है, जिसके लिए सख्त सजा का प्रावधान है।
















राहुल गांधी के चित्र पर अभद्रता मामले ने पकड़ा तूल, कांग्रेस ने दी कड़ी चेतावनी; दोषियों पर कार्रवाई न होने पर 22 अप्रैल को निकलेगी शवयात्रा
HIGHLIGHTS
- राहुल गांधी के चित्र पर अभद्रता मामले ने पकड़ा तूल, कांग्रेस ने दी कड़ी चेतावनी; दोषियों पर कार्रवाई न होने पर 22 अप्रैल को निकलेगी शवयात्रा

सोनभद्र। जिले में बढ़ते तापमान के साथ-साथ सियासी पारा भी उफान पर है। रॉबर्ट्सगंज के स्वर्ण जयंती चौक पर शनिवार को भाजपा महिला मोर्चा द्वारा आयोजित एक प्रदर्शन के दौरान लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के चित्र के साथ की गई अभद्रता ने जिले की राजनीति को गरमा दिया है।

प्रदर्शन के दौरान राहुल गांधी के चित्र पर कालिख पोतने और चप्पलों से प्रहार करने की घटना के विरोध में रविवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने लामबंद होकर रॉबर्ट्सगंज कोतवाली में तहरीर सौंपी। महिला कांग्रेस की जिलाध्यक्ष ऊषा चौबे के नेतृत्व में दी गई इस तहरीर में लोकतांत्रिक मूल्यों का अपमान बताते हुए आरोपियों के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर सख्त कार्रवाई की मांग की गई है।
इस घटना पर आक्रोश जताते हुए कांग्रेस जिलाध्यक्ष रामराज गोंड ने कहा कि भाजपा की यह ओछी राजनीति कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी, जो सीधे तौर पर राजनीतिक मर्यादाओं को तार-तार करने वाली है। उन्होंने प्रशासन को स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि दोषियों के खिलाफ शीघ्र कानूनी कार्यवाही सुनिश्चित नहीं की गई, तो कांग्रेस पार्टी 22 अप्रैल को जिले भर में भाजपा सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन करते हुए शवयात्रा निकालेगी।

वहीं, जिला उपाध्यक्ष संगीता श्रीवास्तव ने भाजपा महिला मोर्चा पर निशाना साधते हुए कहा कि महिलाओं के नाम पर राजनीति करने वाला संगठन इस तरह की अमर्यादित हरकत कर समाज में अत्यंत गलत संदेश दे रहा है। उन्होंने प्रदर्शन में मेडिकल कॉलेज की छात्राओं को शामिल किए जाने पर भी गंभीर चिंता व्यक्त करते हुए इस पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच की मांग की।

इस अवसर पर शहर अध्यक्ष हाजी फरीद अहमद, सेतराम केशरी, शशांक मिश्रा, शांति विश्वकर्मा, बृजेश तिवारी, श्रीकांत मिश्रा, रामेश्वर यादव, दयाशंकर पांडेय, शारद पनिका, ज्यूत मौर्या, जितेंद्र पासवान, बेबी सिंह, ऊषा सिंह, आशीष सिंह, पंकज मिश्रा, बाबूलाल पनिका, जितेंद्र देव, कन्हैया पाण्डेय, नूरुद्दीन खान, मृदुल मिश्रा, राहुल सिंह,

सेराज हुसैन, राजरूप शुक्ला, शेखर शरण सिंह, अमरेश देव पाण्डेय, सुनील मिश्रा, अर्जुन खरवार, लल्लू राम पांडेय, पूनम पठारी, रोजनी, विशिष्ट कुमार चौबे, दिनेश यादव, रोहित जायसवाल, पिंटू चौबे, रोहित मिश्रा, दिनेश पासवान, सेराज अहमद, सूरज कुमार चंद्रवंशी, शीतला पटेल और रियाज खान सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसी कार्यकर्ता मौजूद रहे।















विश्व विरासत दिवस पर बदहाली के आंसू बहाते रहे सोनभद्र के संग्रहालय, खंडहर में तब्दील हो रही धरोहरे
HIGHLIGHTS
- विश्व विरासत दिवस पर बदहाली के आंसू बहाते रहे सोनभद्र के संग्रहालय, खंडहर में तब्दील हो रही धरोहरे

सोनभद्र। एक ओर जहां विश्व विरासत दिवस के अवसर पर पूरी दुनिया अपने इतिहास, संस्कृति और प्राचीन कलाकृतियों को सहेजने और प्रदर्शित करने में जुटी थी, वहीं पुरातात्विक व ऐतिहासिक रूप से समृद्ध सोनभद्र के सतद्वारी (शिवद्वार) और मऊ (विजयगढ़ दुर्ग) में स्थित स्थलीय संग्रहालय अपनी बदहाली पर आंसू बहा रहे थे।

विश्व विरासत दिवस के मौके पर इन संग्रहालयों में पर्यटकों की भारी भीड़ होने की उम्मीद थी, लेकिन हकीकत यह रही कि संग्रहालय के द्वारों पर लटके ताले और जर्जर हो चुकी दीवारें पर्यटकों को मायूस कर वापस लौटने पर मजबूर करती रहीं। संग्रहालय के खंडहर में तब्दील होने से यहां सुरक्षित रखी दुर्लभ प्रस्तर मूर्तियां और प्राचीन कलाकृतियां भी मूर्ति तस्करों की कुदृष्टि का केंद्र बनी हुई हैं।

इतिहासकार दीपक कुमार केसरवानी के अनुसार, विंध्य संस्कृति शोध समिति और अन्य संगठनों के लंबे संघर्ष के बाद 11वें वित्त आयोग के तहत उत्तर प्रदेश राज्य पुरातत्व निदेशालय द्वारा शिवद्वार और विजयगढ़ दुर्ग के मऊ गांव में इन संग्रहालयों का निर्माण कराया गया था। 3 सितंबर 2009 को शिवद्वार और 15 सितंबर 2009 को मऊ स्थित संग्रहालयों का उद्घाटन तत्कालीन संस्कृति मंत्री द्वारा किया गया था।

इन संग्रहालयों का मुख्य उद्देश्य प्रतिवर्ष आने वाले लाखों पर्यटकों और श्रद्धालुओं को स्थानीय गौरवशाली इतिहास और संस्कृति से परिचित कराना था, लेकिन वित्तीय अभाव और विभागीय कर्मचारियों की नियुक्ति न होने के कारण उद्घाटन के कुछ वर्षों बाद ही ये ताले में कैद हो गए। आज स्थिति यह है कि खिड़कियां और दीवारें टूट चुकी हैं, जिससे इनकी सुरक्षा पर बड़ा सवाल खड़ा हो गया है।
वरिष्ठ अधिवक्ता राम अनुज धर द्विवेदी ने इस स्थिति पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए कहा कि शिवद्वार जैसे प्रसिद्ध धार्मिक स्थल पर प्रतिवर्ष लाखों की संख्या में दर्शनार्थी आते हैं, जिनके लिए इस संग्रहालय का संचालन अत्यंत आवश्यक था। स्थानीय निवासियों का कहना है कि क्षेत्रीय पुरातत्व अधिकारी वाराणसी को कई बार इन अव्यवस्थाओं की जानकारी दी गई, लेकिन हर बार केवल वित्तीय कमी और कर्मचारियों के अभाव का हवाला देकर पल्ला झाड़ लिया गया। क्षेत्र के जागरूक नागरिकों और संस्कृति प्रेमियों ने मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश से पुरजोर मांग की है कि सोनभद्र की इस अनमोल धरोहर को सहेजने के लिए तत्काल पहल की जाए। उन्होंने मांग की है कि संग्रहालयों का जीर्णोद्धार कराकर वहां स्थायी रूप से कर्मचारियों की नियुक्ति की जाए, ताकि इन्हें प्रतिदिन पर्यटकों के लिए खोलकर क्षेत्र के समृद्ध इतिहास और साहित्य को संरक्षित किया जा सके।
















श्री राणी सती दादी भक्त महिला मंडल की नई कार्यकारिणी गठित, अनिता थरड चौथी बार बनीं अध्यक्ष
HIGHLIGHTS
- श्री राणी सती दादी भक्त महिला मंडल की नई कार्यकारिणी गठित, अनिता थरड चौथी बार बनीं अध्यक्ष

सोनभद्र। स्थानीय स्तर पर श्री राणी सती दादी भक्त महिला मंडल की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें सर्वसम्मति से नई कार्यकारिणी का गठन किया गया। इस प्रक्रिया में अनिता थरड पर विश्वास जताते हुए उन्हें लगातार चौथी बार मंडल का अध्यक्ष चुना गया। बैठक में संगठन के कार्यों को सुचारू रूप से चलाने के लिए मीरा जालान को कोषाध्यक्ष और पूनम खेतान को सचिव की जिम्मेदारी सौंपी गई। मंडल की सभी उपस्थित सदस्यों ने इन तीनों पदाधिकारियों के चयन पर अपनी पूर्ण सहमति प्रदान की।
नव-निर्वाचित अध्यक्ष अनिता थरड ने आभार व्यक्त करते हुए कहा कि मंडल का मुख्य उद्देश्य दादी के प्रति आस्था को और अधिक मजबूत करना तथा विभिन्न सामाजिक एवं धार्मिक कार्यों को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाना है।

उन्होंने संगठन को और अधिक सक्रिय एवं सशक्त बनाने के लिए सभी सदस्यों से एकजुट होकर सहयोग करने का आह्वान किया। इस दौरान कोषाध्यक्ष मीरा जालान ने संस्था के वित्तीय कार्यों में पूर्ण पारदर्शिता बनाए रखने का संकल्प दोहराया, वहीं सचिव पूनम खेतान ने आगामी समय में आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए अधिक से अधिक महिलाओं को मंडल से जोड़ने पर जोर दिया।

इस अवसर पर माला जालान, सरोज जालान, संतोष जालान, अनीता कानोडिया, सुमन केजरीवाल, चाँदनी अग्रवाल, रितु अग्रवाल, सीला जैन, सुषमा शर्मा, ममता जालान और नीलम अग्रवाल सहित मंडल की अनेक सदस्य उपस्थित रहीं। बैठक के दौरान सभी सदस्यों ने नई टीम का गर्मजोशी से स्वागत करते हुए बधाई दी और दादी के जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। अंत में प्रसाद वितरण के साथ बैठक का समापन किया गया।

















नारी शक्ति वंदन बिल के विरोध पर भड़की भाजपा महिला मोर्चा, राहुल-अखिलेश का फूंका पुतला
HIGHLIGHTS
- नारी शक्ति वंदन बिल के विरोध पर भड़की भाजपा महिला मोर्चा, राहुल-अखिलेश का फूंका पुतला

सोनभद्। नारी शक्ति वंदन अधिनियम के लोकसभा में अटकने के बाद सोनभद्र में सियासत का पारा चरम पर है। शनिवार को भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं ने रावटसगंज स्थित कचहरी तिराहे पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी और समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव का पुतला दहन कर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया।

इस दौरान महिला कार्यकर्ताओं ने विपक्ष के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और बिल को रोकने को महिलाओं के लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन बताया।बभाजपा महिला मोर्चा की जिला महामंत्री डॉ. रूबी गुप्ता के नेतृत्व में आयोजित इस प्रदर्शन में कार्यकर्ताओं ने तीखे तेवर अपनाते हुए कहा कि भारतीय लोकतंत्र के इतिहास में यह एक काला अध्याय है।

उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि विपक्ष द्वारा नारी शक्ति वंदन अधिनियम को पारित होने से रोकना सीधे तौर पर ‘भारत माता’ के सम्मान पर आघात है। डॉ. रूबी गुप्ता ने आगे कहा कि यह देश की समूची मातृशक्ति के साथ किया गया विश्वासघात है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लोकसभा और विधानसभाओं में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने का जो ऐतिहासिक निर्णय लिया था, उसे विपक्ष ने केवल अपनी ओछी राजनीति के कारण रोक दिया है।
प्रदर्शन के दौरान महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि कांग्रेस और सपा की मानसिकता महिला विरोधी है और वे नहीं चाहतीं कि महिलाएं पंचायत से लेकर संसद तक नेतृत्व की भूमिका में आएं। उन्होंने चेतावनी दी कि नारी शक्ति का अपमान करने वाले विपक्षी नेताओं को आने वाले समय में जनता माकूल जवाब देगी। विरोध प्रदर्शन के उपरांत महिला मोर्चा ने राष्ट्रपति को संबोधित एक ज्ञापन सौंपा, जिसमें नारी शक्ति वंदन अधिनियम को बिना देरी पारित कराने की मांग की गई है। इस दौरान अमरावती, चंद्रावती, लक्ष्मी, आशा देवी, मुन्त्री, सोनी, हीरावती, पार्वती, भागीरथी, यशोदा, कमला, निर्मला, रानी और बरखा सहित बड़ी संख्या में महिला कार्यकर्ता उपस्थित रहीं।

















भाजपा महिला मोर्चा का जोरदार प्रदर्शन, राहुल गांधी के पोस्टर पर कालिख पोत बरसाईं चप्पलें
HIGHLIGHTS
- भाजपा महिला मोर्चा का जोरदार प्रदर्शन,
सोनभद्र। नारी शक्ति वंदन अधिनियम को लेकर चल रही सियासी खींचतान के बीच सोनभद्र का राजनीतिक पारा अचानक चढ़ गया है। लोकसभा में बिल के अटकने से नाराज भारतीय जनता पार्टी की महिला मोर्चा ने सड़कों पर उतरकर विपक्ष, विशेषकर राहुल गांधी के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है।

शहर के स्वर्ण जयंती चौक पर भाजपा महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष पुष्पा सिंह के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने एकत्रित होकर अपना आक्रोश व्यक्त किया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने राहुल गांधी के चित्र पर कालिख पोती और उन पर चप्पलें बरसाईं, साथ ही केंद्र सरकार के समर्थन और विपक्ष के विरोध में जमकर नारेबाजी की।
विरोध प्रदर्शन को संबोधित करते हुए भाजपा महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष पुष्पा सिंह ने कहा कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम देश की आधी आबादी को राजनीतिक रूप से सशक्त बनाने वाला एक ऐतिहासिक कदम है, लेकिन कांग्रेस और उसके नेता इसे पारित होने से रोकने के लिए जानबूझकर अड़ंगा लगा रहे हैं।

उन्होंने इसे केवल राजनीति नहीं, बल्कि महिलाओं के हक और सम्मान के खिलाफ एक सोची-समझी साजिश करार देते हुए चेतावनी दी कि महिला मोर्चा इस अपमान को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं करेगा। वहीं, मोर्चा की महामंत्री कुसुम शर्मा ने कांग्रेस पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि पार्टी का इतिहास हमेशा से महिला हितों के मामले में केवल खोखले वादों तक ही सीमित रहा है। जब महिलाओं को वास्तविक अधिकार देने का समय आया, तो कांग्रेस के नेता पीछे हट गए।

उन्होंने आरोप लगाया कि आज का विरोध प्रदर्शन कांग्रेस के इसी दोहरे चरित्र को जनता के सामने उजागर करने के लिए किया गया है। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने स्पष्ट किया कि वे महिला सशक्तिकरण के मुद्दे पर किसी भी प्रकार की राजनीति बर्दाश्त नहीं करेंगी और केंद्र सरकार की इस पहल को अमलीजामा पहनाने के लिए अपना संघर्ष जारी रखेंगी।
















51 किलो गांजा के साथ चार तस्कर गिरफ्तार, बरामद माल की कीमत 16 लाख रुपए
HIGHLIGHTS
- 51 किलो गांजा के साथ चार तस्कर गिरफ्तार, बरामद माल की कीमत 16 लाख रुपए
सोनभद्र। जनपद में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत रॉबर्ट्सगंज पुलिस को बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में थाना रॉबर्ट्सगंज और एसओजी/सर्विलांस की संयुक्त टीम ने 18 अप्रैल की भोर में कार्रवाई करते हुए 51.785 किलोग्राम अवैध गांजे के साथ चार तस्करों को गिरफ्तार किया है। तस्करों के पास से एक स्विफ्ट डिजायर कार और चार मोबाइल फोन भी बरामद किए गए हैं,
जिनकी कुल अनुमानित कीमत लगभग ₹16 लाख बताई जा रही है।
पुलिस को सूचना मिली थी कि लोढ़ी गांव के पास स्थित ‘मम्मी का ढाबा’ के समीप एक अर्द्धनिर्मित भवन में मादक पदार्थों की तस्करी की जा रही है। इस सूचना पर सक्रिय हुई पुलिस टीम ने 18 अप्रैल को तड़के 01:35 बजे घेराबंदी कर मौके से चार आरोपियों को दबोच लिया।

गिरफ्तार किए गए तस्करों में अम्बेडकर नगर जिले के पिण्डोरिया निवासी शेर बहादुर उर्फ शेरू यादव, आजमगढ़ जिले के अचलीपुर निवासी आकृत उर्फ सचिन पाण्डेय, उसी जिले के भटपुरवा निवासी प्रतीक चौबे उर्फ डम्पी और अम्बेडकर नगर के ही दुबौली निवासी राज दूबे उर्फ मोहित शामिल हैं।

पुलिस ने बरामद गांजा, कार और अन्य सामानों को कब्जे में लेकर रॉबर्ट्सगंज थाने में एनडीपीएस एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा पंजीकृत कर लिया है। सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर पुलिस टीम द्वारा अग्रिम विधिक कार्यवाही की जा रही है।

इस कार्रवाई में रॉबर्ट्सगंज के प्रभारी निरीक्षक रामस्वरूप वर्मा, एसओजी/सर्विलांस प्रभारी राजेश जी चौबे, चौकी प्रभारी चुर्क विनोद कुमार यादव, चौकी प्रभारी लोढ़ी उमाशंकर यादव सहित अन्य पुलिसकर्मी और एसओजी टीम के सदस्य शामिल रहे। इस बड़ी बरामदगी से मादक पदार्थों के तस्करों में हड़कंप मच गया है।

















































