HIGHLIGHTS
- रुद्राभिषेक का हुआ भव्य आयोजन, वैदिक मंत्रों और रामकथा से सराबोर हुआ बरैला महादेव मंदिर

सोनभद्र। जनपद के सुप्रसिद्ध बरैला महादेव मंदिर प्रांगण में सातवें वर्ष आयोजित सात दिवसीय ‘श्री अभिषेकात्मक रुद्र महायज्ञ एवं संगीतमय श्री राम कथा’ के सातवें दिन आस्था और श्रद्धा का सैलाब उमड़ पड़ा। इस पावन अवसर पर आचार्य सौरभ भारद्वाज के कुशल नेतृत्व में एकादश वैदिक विद्वानों द्वारा किए गए सस्वर वेद मंत्रोच्चार से संपूर्ण क्षेत्र गुंजायमान हो उठा।

कार्यक्रम की शुरुआत में गर्ग आयरन स्टोर के स्वामी विनोद गर्ग, मदन मिश्रा और सौरभ अग्रवाल ने सपरिवार भगवान भोलेनाथ का विधि-विधान से भव्य रुद्राभिषेक, श्रृंगार और पूजन अर्चन किया। ग्यारह ब्राह्मणों के मुखारविंद से निकले वैदिक मंत्रों ने वातावरण को पूरी तरह भक्तिमय और शिवमय बना दिया।

यज्ञ और पूजन के पश्चात संध्या काल में जौनपुर से पधारे सुप्रसिद्ध कथावाचक पंडित श्री प्रकाश चंद्र विद्यार्थी जी ने प्रभु श्री सीताराम विवाह के प्रसंग का अत्यंत मार्मिक और जीवंत वर्णन कर उपस्थित श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। व्यास पीठ से कथा सुनाते हुए विद्यार्थी जी ने श्रीरामचरितमानस की चौपाई ‘मंगल भवन अमंगल हारी, द्रबहु सुदसरथ अजर बिहारी’ के आध्यात्मिक अर्थ को समझाते हुए कहा कि जो भी मनुष्य श्री सीताराम विवाह के प्रसंग को आत्मसात करता है,

उसका जीवन मंगलमय हो जाता है। उन्होंने नारी धर्म पर चर्चा करते हुए बताया कि सनातन संस्कृति में देवियों का स्थान सर्वोपरि है और पति सेवा को नारी का प्रथम धर्म बताया गया है। इस धार्मिक अनुष्ठान में जयप्रकाश पांडेय उर्फ चेखूर पांडे, डॉक्टर कुसुमाकर श्रीवास्तव, सत्यम पांडे, प्रभाकर श्रीवास्तव, इंजीनियर अखिलेश चतुर्वेदी, जितेंद्र त्रिपाठी,

अमित शुक्ला, संदीप सिंह, लक्ष्मी सिंह, प्रिया मिश्रा, पार्वती मिश्रा समेत भारी संख्या में क्षेत्रीय गणमान्य नागरिक और श्रद्धालु उपस्थित रहे। रुद्राभिषेक और रामकथा के इस अनूठे संगम ने भक्तों को भक्ति की रसधार में सराबोर कर दिया।
































