जंगल के रास्ते पशु तस्करी कर रहे तीन तस्कर गिरफ्तार, 19 मवेशी मुक्त
विढ़मगंज, सोनभद्र। स्थानीय पुलिस ने सोमवार की रात बगरवा जंगल मोड़ के पास घेराबंदी कर तीन पशु तस्करों को गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है। पकड़े गए तस्करों की पहचान झारखंड के बीरबल निवासी महबूब अंसारी, बाल गोविंद गुप्ता और नरेश राम के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके चंगुल से 19 पशुओं को क्रूरता से मुक्त कराया, जबकि दो अन्य तस्कर अंधेरे का फायदा उठाकर भागने में सफल रहे।
Advertisement
दरअसल, पुलिस को ग्राम पंचायत करहिया के धिचोरवा और बगरवा जंगल के रास्ते मवेशियों को तस्करी के लिए ले जाने की लगातार शिकायतें मिल रही थीं। इसी सूचना के आधार पर थाना निरीक्षक शिवकुमार सिंह के नेतृत्व में एसआई भानु प्रताप सिंह व पुलिस टीम क्षेत्र में गश्त पर थी। मुखबिर की सटीक सूचना मिलते ही पुलिस ने घेराबंदी की और जंगल के रास्ते जा रहे तीनों आरोपियों को दबोच लिया।
Advertisement
थानाध्यक्ष शिव कुमार सिंह ने बताया कि फरार तस्करों शकील अंसारी (निवासी बीरबल, झारखंड) और रामदयाल यादव (निवासी करमसार, ओबरा) की तलाश में दबिश दी जा रही है। गिरफ्तार आरोपियों के विरुद्ध गोवध निवारण और पशु क्रूरता अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है।
मछली मारने गए बच्चों को बनाया मुर्गा, कंधे पर ईंट लादी, एक गिरफ्तार
सोनभद्र। सोनभद्र/घोरावल। घोरावल कोतवाली क्षेत्र के बकौली गांव स्थित तालाब में मछली मारने गए दो बच्चों को पहले मुर्गा बनाया गया। इसके बाद उनके कंधे पर ईंट लादकर प्रताड़ित किया गया। दो दिन पूर्व की इस घटना का वीडियो किसी ने मंगलवार को सोशल मीडिया पर पोस्ट करने के साथ ही चाइल्ड हेल्पलाइन को सूचना दी।
Advertisement
पहुंची टीम ने बच्चों, परिवार वालों से घटना की जानकारी ली। मामले से घोरावल पुलिस को अवगत कराया। पुलिस का कहना है कि पीड़ित पक्ष ने तहरीर नहीं दी है। आरोपी बाबिल सोनकर को गिरफ्तार कर शांति भंग की आशंका में चालान कर दिया गया।
Advertisement
बकौली निवासी बाबिल सोनकर ने ग्राम पंचायत के तालाब में मछली पालन का ठेका ले रखा है। दो दिन पूर्व गांव के ही 10 वर्ष और 11 वर्ष के दो बच्चे पहुंचे और मछली मारने के लिए कटिया लगाने लगे। आरोप है कि उसी समय बाबिल पहुंचकर और उन्हें पकड़कर मुर्गा बना दिया। इसके बाद एक के कंधे पर चार तो दूसरे के कंधे पर एक ईंट लाद दी गई।
Advertisement
मंगलवार को किसी ने एक मिनट 40 सेकंड की वीडियो सोशल मीडिया पर डाल दी। साथ ही चाइल्ड हेल्पलाइन को भी जानकारी देकर कार्रवाई का अनुरोध किया गया। जिला कोऑर्डिनेटर मुकेश कुमार सिंह और सुपरवाइजर अंशु गिरि ने बकौली पहुंचकर मामले की अपने स्तर से जानकारी जुटाई। बच्चों और उनके माता-पिता से भी मुलाकात कर घटना के बारे में मालूम किया।
Advertisement
इसके बाद बच्चों-अभिभावक को लेकर थाने पहुंचे और कार्रवाई के लिए प्रकरण पुलिस को सौंप दिया। प्रभारी निरीक्षक बृजेश सिंह ने बताया कि बच्चों के माता-पिता ने गांव-घर का मामला होने के कारण तहरीर देने से इन्कार कर दिया। तहरीर नहीं मिली। तब आरोपी का शांतिभंग की आशंका के तहत चालान किया गया। विज्ञापन
संपर्क अभियान: भाजपा कार्यकर्ताओं ने कम्हारी गांव में गिनाईं सरकार की उपलब्धियां
सोनभद्र। भारतीय जनता पार्टी के ग्राम संपर्क अभियान के तहत मंगलवार को घोरावल विधानसभा क्षेत्र के कम्हारी गांव में कार्यकर्ताओं ने सघन जनसंपर्क किया।
Advertisement
भाजपा किसान मोर्चा के जिलाध्यक्ष यादवेंद्र द्विवेदी के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं ने गांव पहुंचकर सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों से सीधा संवाद स्थापित किया और उन्हें योजनाओं से संबंधित पंफलेट वितरित किए। इस दौरान ग्रामीणों को केंद्र व प्रदेश सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तार से जानकारी दी गई और उनसे योजनाओं के लाभ एवं क्रियान्वयन की वास्तविक स्थिति पर चर्चा की गई।
Advertisement
कार्यकर्ताओं ने लाभार्थियों से योजनाओं के अनुभव साझा किए और उनका फीडबैक भी लिया। जिलाध्यक्ष ने बताया कि पार्टी की ओर से छह अप्रैल से 12 अप्रैल तक विशेष ग्राम संपर्क अभियान चलाया जा रहा है, जिसका उद्देश्य सरकार की उपलब्धियों को सीधे जनता तक पहुंचाना है।
Advertisement
इस अवसर पर पूर्व जिला उपाध्यक्ष ओमप्रकाश द्विवेदी ने कहा कि सरकार का मुख्य लक्ष्य समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति को विकास की मुख्यधारा से जोड़ना है। कार्यक्रम में जिला कार्य समिति सदस्य अनूप तिवारी, ओमप्रकाश सिंह, अभिषेक बहादुर सिंह, मान सिंह, पप्पू और राजेश सहित अनेक कार्यकर्ता मौजूद रहे।
कफ सिरप: शैली ट्रेडर्स के भोला, शुभम की 60 पेज की चार्जशीट कोर्ट में होगी दाखिल; 15 नवंबर को हुआ था FIR
Sponsors
Sponsors
Sponsors
सोनभद्र। कोडीन युक्त कफ सिरप तस्करी मामले में कोतवाली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए शैली ट्रेडर्स के प्रोपराइटर भोला प्रसाद जायसवाल और फरार चल रहे उसके बेटे शुभम जायसवाल के खिलाफ 60 पेज की चार्जशीट तैयार कर ली है। पुलिस मंगलवार को इसे कोर्ट में दाखिल करेगी। दोनों आरोपियों पर संगठित तरीके से अवैध कफ सिरप कारोबार चलाने का आरोप है।
Advertisement
पुलिस के अनुसार, इस बहुचर्चित प्रकरण में पहले ही 18 आरोपियों के खिलाफ करीब 38 हजार पन्नों की विस्तृत चार्जशीट पिछले महीने न्यायालय में प्रस्तुत की जा चुकी है। अब भोला और शुभम के खिलाफ अलग से तैयार की गई चार्जशीट में ठोस साक्ष्य, गवाहों के बयान और वित्तीय लेनदेन से जुड़े महत्वपूर्ण दस्तावेज शामिल किए गए हैं।
Advertisement
एसीपी कोतवाली विजय प्रताप सिंह ने बताया कि आदमपुर थाना क्षेत्र के प्रह्लाद घाट, कायस्थ टोला निवासी भोला प्रसाद जायसवाल फिलहाल सोनभद्र जेल में बंद है, जबकि उसका बेटा शुभम जायसवाल फरार है। दोनों की भूमिका इस गिरोह में बेहद अहम मानी जा रही है। पुलिस को उम्मीद है कि चार्जशीट दाखिल होने के बाद मामले की सुनवाई में तेजी आएगी। पुलिस ने की कार्रवाई
Advertisement
बताया गया कि इस कफ सिरप तस्करी मामले में 15 नवंबर को प्राथमिकी दर्ज की गई थी, जिसके बाद करीब 142 दिनों तक गहन जांच की गई। जांच के दौरान पुलिस ने कुल 30 आरोपियों को गिरफ्तार किया और लगभग 45 करोड़ रुपये की संपत्ति जब्त की। पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि इस गिरोह का नेटवर्क कई राज्यों तक फैला हुआ था।
Advertisement
मामले की गंभीरता को देखते हुए विशेष जांच टीम (एसआईटी) का गठन किया गया, जिसने विभिन्न जिलों की पुलिस के साथ समन्वय स्थापित कर आरोपियों के नेटवर्क को खंगाला। जांच के दौरान हवाला कारोबार से जुड़े अहम सुराग भी मिले, जिससे यह स्पष्ट हुआ कि अवैध कमाई को व्यवस्थित तरीके से इधर-उधर किया जा रहा था।
Advertisement
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फरार आरोपी शुभम जायसवाल की गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए गए हैं। साथ ही मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच जारी है, ताकि पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश किया जा सके।
पूर्ण गणवेश में स्वयंसेवकों ने किया पथ संचलन, गूंजे देशभक्ति के स्वर
सोनभद्। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) सोनभद्र के तत्वावधान में रविवार को रॉबर्ट्सगंज नगर में वर्ष प्रतिपदा उत्सव’ अत्यंत उत्साह और अनुशासन के साथ मनाया गया। इस अवसर पर संघ के स्वयंसेवकों ने पूर्ण गणवेश (यूनिफॉर्म) में भव्य पथ संचलन निकाला, जिसका नगरवासियों ने पुष्प वर्षा कर भव्य स्वागत किया।
Advertisement
नगर भ्रमण और अनुशासन का संगम पथ संचलन का शुभारंभ स्थानीय **रामलीला मैदान** से हुआ। घोष (बैंड) की धुन पर कदमताल करते हुए स्वयंसेवक स्वर्णजयंती चौराहा, सिविल लाइन, कचहरी, हाइडील मैदान और महिला थाना होते हुए पुनः रामलीला मैदान पहुँचे। पूरे मार्ग में अनुशासन देखते ही बन रहा था। समाज के विभिन्न वर्गों के लोगों ने जगह-जगह खड़े होकर पुष्प वर्षा की और भारत माता के जयकारों से वातावरण गुंजायमान हो उठा।
Advertisement
महापुरुषों को नमन एवं बौद्धिक सत्र संचलन के पश्चात रामलीला मैदान में मुख्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। मंचासीन जिला संघ चालक हर्ष अग्रवाल एवं क्षेत्र मुख्य मार्ग प्रमुख राजेंद्र सक्सेना ने भारत माता, संघ के संस्थापक डॉ. केशव बलिराम हेडगेवार और द्वितीय सरसंघचालक पूज्य गुरुजी के चित्रों पर पुष्पांजलि अर्पित कर कार्यक्रम का श्रीगणेश किया। कार्यक्रम का प्रारंभ सुमधुर एकल गीत एवं प्रेरणादायी अमृतवचन से हुआ।
Advertisement
मुख्य वक्ता का संबोधन: इतिहास और स्वतंत्रता संग्राम बौद्धिक उद्बोधन देते हुए मुख्य वक्ता राजेंद्र सक्सेना ने भारतीय नववर्ष और संघ के इतिहास पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा: दोहरे उत्सव का दिन: वर्ष प्रतिपदा संघ का प्रथम उत्सव है, जो न केवल भारतीय नववर्ष का प्रतीक है बल्कि इसी दिन संघ संस्थापक डॉ. हेडगेवार की जयंती भी मनाई जाती है। ऐतिहासिक संदर्भ: उन्होंने नेताजी सुभाष चंद्र बोस और डॉ. हेडगेवार के बीच 19 जून 1940 की उस भेंट का उल्लेख किया, जो डॉ. साहब के अस्वस्थ होने के कारण वार्ता में नहीं बदल सकी। उन्होंने कहा कि यदि उन दो महापुरुषों का मिलन हुआ होता, तो देश की दिशा आज कुछ और होती। स्वतंत्रता में योगदान: कांग्रेस के आरोपों का उत्तर देते हुए उन्होंने बताया कि डॉ. हेडगेवार सत्याग्रह के दौरान 11 महीने जेल में रहे और उनके स्वागत के लिए स्वयं मोतीलाल नेहरू उपस्थित थे। 1934 में महात्मा गांधी और 1936 में डॉ. बी.आर. अंबेडकर ने संघ के अनुशासन और कार्यपद्धति की भूरि-भूरि प्रशंसा की थी।
Advertisement
पंच परिवर्तन और शताब्दी वर्ष का संकल्प संबोधन में आने वाले शताब्दी वर्ष और ‘पंच परिवर्तन’ (सामाजिक समरसता, कुटुंब प्रबोधन, पर्यावरण, स्वदेशी और नागरिक कर्तव्य) पर विस्तार से चर्चा की गई। उन्होंने स्वयंसेवकों से समाज में सकारात्मक बदलाव लाने का आह्वान किया।
Advertisement
कार्यक्रम का संचालन जिला कार्यवाह दिनेश ने किया, जबकि पथ संचलन का नेतृत्व जिला शारीरिक प्रमुख राजीव ने किया। इस अवसर पर विभाग प्रचारक उपेंद्र, विभाग संपर्क प्रमुख बृजेश सिंह, आलोक सिंह, नगर संघ चालक संगम, नंदलाल, नीरज, कीर्तन, विभाग शारीरिक प्रमुख राम लगन सहित सैकड़ों की संख्या में स्वयंसेवक उपस्थित रहे।
ऑटो में अश्लील गाने बजाए तो खैर नहीं- सोनभद्र पुलिस ने दी सख्त चेतावनी
सोनभद्र। सोनभद्र पुलिस ने जनपद में यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ करने और सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रखने के लिए ऑटो चालकों के विरुद्ध कड़ा रुख अख्तियार कर लिया है। रविवार को पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में क्षेत्राधिकारी नगर, रणधीर मिश्रा द्वारा ऑटो चालकों के साथ संवाद कर उन्हें नियमों का पाठ पढ़ाया और स्पष्ट चेतावनी दी गई।
Advertisement
साउंड सिस्टम हटाया जाए, अन्यथा वाहन होगा सीज क्षेत्राधिकारी नगर रणधीर मिश्रा ने रॉबर्ट्सगंज स्थित बढ़ौली ओवरब्रिज के नीचे ऑटो चालकों को एकत्र कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। पुलिस ने सख्त लहजे में कहा कि किसी भी ऑटो में अश्लील गाने या तेज साउंड सिस्टम बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। चालकों को निर्देश दिया गया है कि वे स्वयं अपने वाहनों से साउंड सिस्टम हटा लें। यदि चेकिंग के दौरान किसी वाहन में साउंड सिस्टम लगा पाया गया, तो वाहन को तत्काल सीज करते हुए कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Advertisement
सुरक्षा के प्रति सतर्क रहने के निर्देश यातायात नियमों के साथ-साथ सुरक्षा के पहलुओं पर भी चर्चा की गई। पुलिस ने ऑटो चालकों को निम्नलिखित निर्देश दिए:
Advertisement
बिना वैध लाइसेंस (DL) के वाहन का संचालन कतई न करें।
सड़क पर अनुशासन बनाए रखें और यातायात नियमों का कड़ाई से पालन करें।
ऑटो में किसी भी संदिग्ध व्यक्ति के बैठने पर तुरंत नजदीकी पुलिस को सूचित करें।
Advertisement
पुलिस का संकल्प: आपकी सुरक्षा संवाद के दौरान पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि नियमों का उल्लंघन करने वाले चालकों के विरुद्ध किसी भी प्रकार की नरमी नहीं बरती जाएगी। इस पहल का मुख्य उद्देश्य शहर की यातायात व्यवस्था को व्यवस्थित करना और यात्रियों, विशेषकर महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।
सोनभद्र पुलिस आपकी सुरक्षा के लिए संकल्पित है। हम चाहते हैं कि सार्वजनिक परिवहन सुरक्षित और मर्यादित हो।” — सोनभद्र पुलिस
बिहार बॉर्डर तक 10 मीटर चौड़ा होगा स्टेट हाईवे, शासन को प्रस्ताव भेजा
सोनभद्र। सोनभद्र। जिले में सड़क नेटवर्क को बेहतर बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। रॉबर्ट्सगंज से रामगढ़-पन्नूगंज होते हुए खलियारी के रास्ते बिहार बॉर्डर तक जाने वाले स्टेट हाईवे के चौड़ीकरण का प्रस्ताव तैयार कर शासन में भेजा गया है।
Advertisement
पीडब्ल्यूडी निर्माण खंड द्वितीय के एक्सईएन मनोज नाईक ने बताया कि लोक निर्माण विभाग की तरफ से एस्टीमेट तैयार कराया जा रहा है। स्टेट हाईवे के चौड़ीकरण के लिए शीघ्र बजट मिलने की उम्मीद की जा रही है।
Advertisement
रॉबर्ट्सगंज से रामगढ़ तक करीब 16 किलोमीटर सड़क पीडब्ल्यूडी प्रांतीय खंड में आती है, जबकि रामगढ़ से खलियारी होते हुए बिहार बॉर्डर तक करीब 35 किलोमीटर सड़क निर्माण खंड द्वितीय के अंतर्गत है। विभागीय अधिकारियों के मुताबिक दोनों खंडों की ओर से चौड़ीकरण का प्रस्ताव तैयार करते हुए शासन में भेजा गया है। शासन के निर्देश के क्रम में एस्टीमेट तैयार कराया जा रहा है।
Advertisement
इस योजना के तहत 51 किमी लंबी सड़क को वर्तमान 7 मीटर से बढ़ाकर 10 मीटर चौड़ा किया जाएगा। तीन मीटर सड़क की चौड़ाई बढ़ने से यातायात अधिक सुरक्षित और सुगम होने की उम्मीद है।
Advertisement
विभागीय अधिकारियों के अनुसार इस परियोजना पर करीब 140 से 150 करोड़ रुपये खर्च आने का अनुमान है। इसका एस्टीमेट तैयार किया जा रहा है और जल्द ही स्वीकृति के लिए शासन को भेजा जाएगा। रॉबर्ट्सगंज रेलवे क्रॉसिंग से रामगढ़ होते हुए खलियारी, बिहार बार्डर तक स्टेट हाईवे का चौड़ीकरण होना है। सड़क चौड़ीकरण से क्षेत्र में यातायात दबाव कम होगा और दुर्घटनाओं में कमी आएगी। साथ ही बिहार से कनेक्टिविटी मजबूत होगी। पहले चरण का शुरू हो गया है काम
AdvertisementAdvertisement
मिर्जापुर जिले के मड़िहान-कलवारी बार्डर से घोरावल होते हुए रॉबर्ट्सगंज धर्मशाला चौक तक हाईवे को 10 मीटर चौड़ा करने की कवायद शुरू हो गई है। करीब 139 करोड़ की लागत से स्टेट हाईवे का चौड़ीकरण कराया जा रहा है। वहीं दूसरे चरण में रेलवे क्रॉसिंग से रामगढ़-पन्नूगंज, खलियारी होते हुए बिहार बॉर्डर तक स्टेट हाईवे के चौड़ीकरण का कार्य कराया जाएगा।
रॉबर्ट्सगंज से रामगढ़ के बीच 16 किमी सड़क प्रांतीय खंड में पड़ता है। इसके चौड़ीकरण का प्रस्ताव है। शासन से बजट मिलने पर काम शुरू कराया जाएगा। – शैलेश ठाकुर, एक्सईएन, पीडब्ल्यूडी प्रांतीय खंड।
22 लाख की हेरोइन के साथ मिर्जापुर का तस्कर गिरफ्तार, पुलिस ने पीछा कर पकड़ा
सोनभद्र। जनपद में नशे के सौदागरों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। शनिवार को एसओजी और रॉबर्ट्सगंज कोतवाली पुलिस की संयुक्त टीम ने घेराबंदी कर एक शातिर तस्कर को गिरफ्तार किया, जिसके पास से **22 लाख रुपये** कीमत की हेरोइन बरामद हुई है।
Advertisement
चेकिंग के दौरान भागने का प्रयास पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में मादक पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए पुलिस टीम बभनौली चौराहे के पास संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक मोटरसाइकिल सवार पुलिस को देखकर भागने लगा। पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए पीछा किया और **हिन्दुआरी पुल** के पास घेराबंदी कर उसे दबोच लिया। बरामदगी का विवरणपीपी तलाशी के दौरान आरोपी की बाइक की डिग्गी से भारी मात्रा में नशीला पदार्थ बरामद हुआ: कुल हेरोइन: 101.76 ग्राम अनुमानित कीमत: लगभग 22 लाख रुपये वाहन: मोटरसाइकिल (UP63AQ8477) को धारा 207 एमवी एक्ट के तहत सीज कर दिया गया है।
Advertisement
अभियुक्त की पहचान पकड़ा गया तस्कर पड़ोसी जनपद मिर्जापुर का रहने वाला है: नाम: सूर्य प्रताप सिंह उर्फ सूरज सिंह (28 वर्ष) पता: ग्राम रैपुरिया, थाना चुनार, जनपद मीरजापुर। पूछताछ का सारांश: पुलिस की पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह हेरोइन खरीदकर ऊंचे दामों पर बेचने की फिराक में था।
AdvertisementAdvertisement
कानूनी कार्यवाही और पुलिस टीम पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना रॉबर्ट्सगंज में धारा 8/21/29 एनडीपीएस एक्ट (NDPS Act) के तहत मुकदमा दर्ज कर उसे जेल भेज दिया है। सराहनीय कार्य करने वाली टीम: इस सफल ऑपरेशन में एसओजी/सर्विलांस प्रभारी राजेश चौबे, उप निरीक्षक अनिल विश्वकर्मा, महेन्द्र यादव सहित सतीश सिंह पटेल, संदीप यादव, दिनेश प्रजापति, रितेश सिंह, अजीत कुमार और अजीत यादव शामिल रहे।
पुराने घर में नहाने गई युवती का फंदे से लटकता मिला शव, परिजनों में मचा कोहराम
सोनभद्र। नगर के सेक्टर तीन स्थित छठ घाट के पास शनिवार सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहाँ एक 20 वर्षीय युवती का शव उसके पुराने घर के अंदर टीन शेड के बड़ेर से दुपट्टे के सहारे लटकता हुआ मिला। मृतका की पहचान अर्चना के रूप में हुई है, जो शुक्रवार दोपहर से लापता थी।
Advertisement
पानी की किल्लत बनी वजह परिजनों के अनुसार, पूरा परिवार पहले सेक्टर तीन छठ घाट के पास स्थित अपने निजी मकान में रहता था, लेकिन वर्तमान में वे भलुआ टोला क्षेत्र में किराए के मकान में रह रहे हैं। शुक्रवार को भलुआ टोला में पानी की समस्या होने के कारण अर्चना दोपहर करीब 12 बजे अपने पुराने घर पर नहाने की बात कहकर निकली थी।
Advertisement
रात भर तलाशते रहे परिजन जब अर्चना शाम तक वापस नहीं लौटी, तो परिजनों की चिंता बढ़ गई। वे उसकी तलाश में पुराने मकान पर भी पहुंचे, लेकिन अंधेरा अधिक होने के कारण कुछ पता नहीं चल सका और वे वापस लौट आए। शनिवार सुबह करीब 10 बजे जब परिजन दोबारा पुराने घर पहुंचे, तो वहां का दृश्य देख उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। अर्चना का शव टीन शेड के कुंडे से लटका हुआ था।
Advertisement
पुलिस की कार्रवाई घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।
Advertisement
“प्रथम दृष्टया यह मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया है। मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा।”— सदानंद राय, प्रभारी निरीक्षक
Advertisement
इलाके में सनसनी बेटी का शव देख मां और अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। इस घटना से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि युवती ने इतना आत्मघाती कदम किन परिस्थितियों में उठाया।
11 हजार वोल्ट लाइन में शॉर्ट सर्किट से भड़की आग, 4 बीघा गेहूं की फसल जलकर खाक
सोनभद्र। जिले के सदर तहसील अंतर्गत अमौली गांव में शुक्रवार दोपहर एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन लाइन में शॉर्ट सर्किट होने से निकली चिंगारी ने किसानों की मेहनत को पलभर में राख कर दिया।
Advertisement
प्राप्त जानकारी के अनुसार, अमौली गांव निवासी किसान सुरेश शुक्ला के खेत में अचानक धुआं उठता दिखाई दिया, जो देखते ही देखते आग की भीषण लपटों में बदल गया। आग इतनी तेजी से फैली कि आसपास के लोग घबराकर शोर मचाने लगे और मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण इकट्ठा हो गए।
Advertisement
ग्रामीणों ने तत्काल पानी और उपलब्ध संसाधनों से आग बुझाने की कोशिश शुरु की, वहीं कुछ लोगों ने फायर ब्रिगेड और पुलिस को सूचना दी। हालांकि दमकल टीम के पहुंचने से पहले ही करीब चार बीघा खड़ी गेहूं की फसल पूरी तरह जलकर खाक हो चुकी थी।
Advertisement
मौके पर पहुंची दमकल टीम और पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से आग पर काबू पाया, जिससे आसपास की अन्य फसलों और बड़े नुकसान को टाल दिया गया। पीड़ित किसान ने प्रशासन से गुहार लगाते हुए कहा है कि बिजली विभाग की लापरवाही के कारण यह हादसा हुआ है, इसलिए संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए और उचित मुआवजा दिलाया जाए।