HIGHLIGHTS
- मेडिकल कॉलेज बना ‘दलालों और गुंडा प्रवृत्ति के डॉक्टरों’ का अड्डा: अव्यवस्था पर भड़के संदीप मिश्र, प्राचार्य को दी चेतावनी
सोनभद्र। जिले के मेडिकल कॉलेज में स्वास्थ्य सेवाओं की बदहाली और कथित अव्यवस्था को लेकर किसान नौजवान संघर्ष मोर्चा ने कड़ा रुख अख्तियार कर लिया है। मोर्चा के संयोजक संदीप मिश्र ने मेडिकल कॉलेज प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि संस्थान अब मरीजों के इलाज का केंद्र न रहकर दलालों और गुंडा प्रवृत्ति के डॉक्टरों का अड्डा बन चुका है।
बीती रात स्वास्थ्य सेवाएं चरमराने और मरीजों की ओर से लगातार शिकायतें मिलने के बाद, संदीप मिश्र अपने प्रतिनिधिमंडल के साथ देर रात मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी पहुंचे। वहां व्याप्त भीषण गंदगी, मरीजों के साथ किए जा रहे कथित अभद्र व्यवहार और अव्यवस्था को देखकर वे काफी आक्रोशित हो गए।
संदीप मिश्र ने आरोप लगाया कि अस्पताल में जरूरतमंद मरीजों को समय पर इलाज नसीब नहीं हो रहा है, स्टाफ का रवैया पूरी तरह अमानवीय है और मरीजों को जानबूझकर बाहर से महंगी दवाएं और जांच कराने के लिए विवश किया जा रहा है।

उन्होंने मेडिकल कॉलेज प्रशासन और प्राचार्य को कड़ी फटकार लगाते हुए कहा कि गरीब मरीज इलाज के लिए यहाँ अपनी उम्मीद लेकर आते हैं, लेकिन उन्हें सुविधा के बदले केवल अपमान मिलता है। इस दौरान मोर्चा की ओर से सीएमएसीस को स्वास्थ्य मंत्री के नाम एक पांच सूत्रीय मांगपत्र भी सौंपा गया।

इस मांगपत्र में अस्पताल परिसर में साफ-सफाई की उचित व्यवस्था, शुद्ध पेयजल की उपलब्धता, मरीजों का मुफ्त और समुचित इलाज, बाहर की दवा-जांच पर पूरी तरह प्रतिबंध लगाने और स्वास्थ्य सेवाओं की जवाबदेही तय करने जैसी प्रमुख मांगें शामिल हैं। साथ ही, संदीप मिश्र ने मांग की कि आदिवासी बहुल सोनभद्र जिले में शीघ्र ही 100 बेड का एक और आधुनिक अस्पताल स्थापित किया जाए, ताकि गंभीर मरीजों को बेहतर चिकित्सा मिल सके।


इस विरोध प्रदर्शन और औचक निरीक्षण के समय काल खरवार, तेतरी देवी, उदय सिंह, विवेक मालवीय, आकाश चौहान, शत्रुधन बिंद, विजय चौहान, दिनेश चेरो, संजय बियार, अरविंद चौहान, सुजीत विश्वकर्मा और सूरज कनौजिया सहित बड़ी संख्या में मरीज और स्थानीय ग्रामीण मौजूद रहे। इस घटना ने जिले की चिकित्सा व्यवस्था पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं, जिससे अब प्रशासन की कार्यशैली पर हर किसी की नजरें टिकी हैं।



































