HIGHLIGHTS
- कांग्रेस ने बिजली, स्मार्ट मीटर और भूमि अधिकारों को लेकर खोला मोर्चा, जिलाधिकारी को सौंपा ज्ञापन
सोनभद्र। जिला कांग्रेस कमेटी ने बुधवार को जिलाध्यक्ष के नेतृत्व में जिलाधिकारी को एक ज्ञापन सौंपकर जनपद की विभिन्न ज्वलंत समस्याओं पर प्रशासनिक हस्तक्षेप की मांग की है। कांग्रेस ने दो टूक शब्दों में चेतावनी दी है कि यदि विभागीय अधिकारियों की लापरवाही का दौर जारी रहा,

तो पार्टी व्यापक जन-आंदोलन शुरू करने के लिए बाध्य होगी, जिसकी पूर्ण जिम्मेदारी जिला प्रशासन की होगी। ज्ञापन के माध्यम से उम्भा गांव की बिजली समस्या को गंभीरता से उठाते हुए कहा गया कि 2019 के नरसंहार के बाद भी वहां विद्युतीकरण का कार्य अधूरा पड़ा है,

जिससे खुले तार किसी बड़ी दुर्घटना का कारण बन सकते हैं। इसके अतिरिक्त, जनपद में स्मार्ट मीटर के नाम पर उपभोक्ताओं से की जा रही अवैध वसूली और तकनीकी खामियों की तत्काल उच्च स्तरीय जांच की मांग की गई।
ज्ञापन में अवैध खनन पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने के साथ ही स्थानीय युवाओं को रोजगार में प्राथमिकता देने पर भी जोर दिया गया। साथ ही, वनाधिकार कानून के तहत आदिवासियों की जमीन पर उनके वैधानिक अधिकारों की सुरक्षा सुनिश्चित करने का मुद्दा प्रमुखता से रखा गया। इस दौरान पूर्व शहर अध्यक्ष राजीव त्रिपाठी, श्रीकांत मिश्रा, शीतला पटेल और इसरार अहमद सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।









































