HIGHLIGHTS
- बिहार ले जाई जा रही 539.5 लीटर अवैध बीयर बरामद, स्कॉर्पियो के साथ अंतरराज्यीय तस्कर गिरफ्तार

सोनभद्र। अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ सोनभद्र पुलिस द्वारा चलाए जा रहे कड़े अभियान के तहत पिपरी थाना पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर एक अंतरराज्यीय तस्कर को गिरफ्तार किया है, जो लग्जरी वाहन के जरिए भारी मात्रा में अवैध बीयर की खेप बिहार ले जाने की फिराक में था।

यह पूरी कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) अनिल कुमार एवं क्षेत्राधिकारी पिपरी हर्ष पाण्डेय के कुशल पर्यवेक्षण में अंजाम दी गई। पुलिस ने मौके से तस्करी में प्रयुक्त झारखंड नंबर की एक महिंद्रा स्कॉर्पियो गाड़ी और एक मोबाइल फोन जब्त करने के साथ ही वाहन से कुल 45 पेटी किंगफिशर एक्स्ट्रा स्ट्रॉन्ग प्रीमियम बीयर बरामद की है। बरामद की गई कुल 1079 केन बीयर की मात्रा लगभग 539.5 लीटर आंकी गई है।

घटनाक्रम की जानकारी देते हुए पुलिस ने बताया कि सोमवार, 22 जून 2026 को पिपरी थाने के थानाध्यक्ष राजेश जी चौबे के नेतृत्व में उपनिरीक्षक जितेंद्र सरोज (चौकी प्रभारी रेनुकूट) और उपनिरीक्षक रविशंकर पाठक अपनी टीम के साथ रनटोला क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से एक पुख्ता सूचना मिली कि मुर्धवा तिराहे से रनटोला जाने वाले मार्ग पर एक सफेद रंग की स्कॉर्पियो संदिग्ध परिस्थितियों में खड़ी है, जिसमें भारी मात्रा में अवैध माल लदा है और उसका चालक कहीं निकलने की तैयारी में है।
सूचना को बेहद गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने बिना वक्त गंवाए मौके2 पर पहुंचकर घेराबंदी की। पुलिस बल को अपनी ओर आता देख वाहन चालक ने गाड़ी छोड़कर भागने का प्रयास किया, लेकिन मुस्तैद पुलिसकर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए उसे मौके पर ही दबोच लिया। जब वाहन की गहन तलाशी ली गई, तो उसके भीतर से भारी मात्रा में किंगफिशर बीयर की पेटियां बरामद हुईं, जिसके संबंध में चालक कोई भी वैध कागजात या लाइसेंस पेश नहीं कर सका।


पकड़े गए अभियुक्त की पहचान 24 वर्षीय धर्मपाल कुमार पुत्र कृष्णा पासवान के रूप में हुई है, जो मूल रूप से बिहार के रोहतास जनपद अंतर्गत दिनारा थाने के कोरी बलिया का रहने वाला है। पुलिस की कड़ी पूछताछ में अभियुक्त ने कुबूल किया कि वह बीयर की इस बड़ी खेप को मध्य प्रदेश के बैढ़न क्षेत्र से लोड करके बिहार ले जा रहा था। उसने बताया कि बिहार राज्य में पूर्ण शराबबंदी लागू होने के कारण वहां ऊंचे दामों पर बीयर और शराब की भारी मांग रहती है,
जिसका फायदा उठाकर वह अवैध बिक्री के जरिए कम समय में मोटा मुनाफा कमाना चाहता था। पिपरी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अभियुक्त के खिलाफ आबकारी अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत मुकदमा पंजीकृत कर लिया है। इसके साथ ही तस्करी में इस्तेमाल की गई महिंद्रा स्कॉर्पियो कार (संख्या JH06G3317) को मोटर वाहन अधिनियम के तहत सीज कर दिया गया है। आरोपी को आवश्यक विधिक प्रक्रिया पूरी करने के बाद न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत कर जेल भेज दिया गया है। इस कामयाबी को अंजाम देने वाली टीम में मुख्य रूप से हेड कांस्टेबल शिवबदन राम, शंकरलाल और शेषनाथ पाण्डेय शामिल रहे।





































