प्रभारी मंत्री ने किया ब्रह्म बाबा का दर्शन

• नगर के सबसे प्राचीन मंदिर ब्रह्म बाबा का हुआ भव्य श्रृंगार, भक्तों ने ग्रहण किया भंडारे का प्रसाद।

• आयोजन में बेसिक शिक्षा राज्यमंत्री एवं सोनभद्र प्रभारी मंत्री सतीश चंद्र द्विवेदी का हुआ आगमन।

• प्रभारी मंत्री ने कहा जनपद सोनभद्र ऐतिहासिक धार्मिक, सांस्कृतिक स्थलो की पूर्ण भूमि रही है।

मंदिर में दर्शन करते बेसिक शिक्षा राज्यमंत्री एवं सोनभद्र प्रभारी मंत्री सतीश चंद्र द्विवेदी

हर्षवर्धन केसरवानी (संवाददाता)

रॉबर्ट्सगंज, सोनभद्र। जनपद मुख्यालय रॉबर्ट्सगंज के सबसे प्राचीन ब्रह्म बाबा मंदिर में ब्रह्म बाबा मंदिर जीर्णोद्धार समिति द्वारा रविवार अनंत चतुर्दशी के दिन ब्रह्म बाबा का भव्य श्रृंगार एवं विशाल भंडारे का आयोजन किया गया।

भंडारे का प्रसाद ग्रहण करते अतिथि गण।

कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि के रूप में बेसिक शिक्षा राज्यमंत्री मंत्री एवं सोनभद्र प्रभारी मंत्री सतीश चंद्र द्विवेदी का आगमन हुआ। मंत्री ने मंदिर में पूजन- अर्चन कर भंडारे का प्रसाद ग्रहण किया। और अपने वक्तव्य में कहा कि जनपद सोनभद्र ऐतिहासिक,धार्मिक, सांस्कृतिक की पूर्ण भूमि रही है और नगर में लंबे समय से चल रहे राम चरितमानस नवाह पाठ महायज्ञ समिति द्वारा रामचरितमानस नवाह पाठ का अयोजन हमारी धार्मिक आस्था को पुष्ट करता है।
वही आयोजन में विशिष्ट अतिथि के रूप में रहे सदर विधायक भूपेश चौबे एवं भाजपा जिलाध्यक्ष अजीत चौबे ने मंदिर में पूजन अर्चन कर भंडारे का प्रसाद ग्रहण किया और अपना विचार व्यक्त किया।

ज्ञातव्य हो कि सर्वप्रथम प्रातः बेला में मंदिर के पुजारी अक्षैबर नाथ शुक्ल द्वारा ब्रह्म बाबा का भव्य सिंगार कर पूजन अर्चन किया गया और दोपहर 12:00 बजे से 4:00 बजे तक मंदिर के सामने जयप्रभा मंडपम में विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। जिसमें भक्तों ने काफी संख्या में मंदिर में आकर पूजन अर्चन किया और भंडारे का प्रसाद ग्रहण किया।

मंदिर में पूजन करते समिति के महामंत्री सुशील पाठक

आयोजित कार्यक्रम में ब्रह्म बाबा मंदिर जीर्णोद्धार समिति के अध्यक्ष सुधीर शरण राय, समिति के महामंत्री सुशील पाठक, आरटीएस क्लब के संरक्षक डॉक्टर कुसुमाकर श्रीवास्तव आरटीएस क्लब के अध्यक्ष प्रमोद कुमार श्रीवास्तव, भारतीय जनता पार्टी के जिला महामंत्री कृष्ण मुरारी गुप्ता, एडवोकेट प्रभाकर श्रीवास्तव, समाजसेवी राकेश तिवारी, विंध्य संस्कृति शोध समिति के निदेशक दीपक कुमार केसरवानी, चंचल थरड, ध्रुव कांत द्विवेदी, रविंद्र केसरी, जिला संघ संचालक हर्ष अग्रवाल, संतोष पटेल, राजकुमार केशरी, शुधाकर दुबे,मोंटी थरड, सुमित सोनी, प्रशांत शुक्ला,बल्ली अग्रहरी सहित आदि भक्तगण उपस्थित रहे।

जिला फुटबॉल एसोसिएशन सोनभद्र की बैठक हुई संपन्न

श्याम पाठक

ओबरा, सोनभद्र । जिला फुटबॉल एसोसिएशन की बैठक ओबरा स्थित गैस गोदाम रोड सूरज भवन कार्यालय पर सभी पदाधिकारियों के साथ संपन्न हुई इस बैठक में जिला फुटबॉल संघ के सचिव मोहम्मद अहमद खान नूर ने बताया कि आगामी 26 सितंबर 2021 को जिला फुटबॉल एसोसिएशन द्वारा जिला फुटबॉल चैंपियनशिप का आयोजन ओबरा स्थित डाॅ०भीमराव अंबेडकर स्टेडियम मे किया जायेगा। जिसमें जिले की समस्त टीमों को प्रतिभाग करने का मौका दिया जाएगा । बैठक में एसोसिएशन के सदस्यों को मनोनयन पत्र वितरण किया गया। इस मौके पर उपस्थित सदस्यों ने अपने- अपने विचार एसोसिएशन के सदस्यों के बीच रखे। अयोजित बैठक में एसोसिएशन के हाजी नूरूउद्दीन खान, शिव शंकर एडवोकेट ,अनिल तिवारी, श्याम जी पाठक ,जय शंकर भारद्वाज, मुकेश तिवारी, पी एस सरोज, वाहिद हुसैन, मुजफ्फर अली, अरुण कुमार सिंह, अरविंद कुमार यादव ,सुजीत कुमार, आफताब अहमद ,जितेंद्र शुक्ला, जवाहर अग्रहरी सहित आदि सदस्य उपस्थित रहे ।

खेत समतलीकरण का फर्जी भुगतान कराने पर प्रधान के खिलाप ग्रामीणों ने दिया शिकायत पत्र

समतलीकरण का फर्जी भुगतान कराने पर खजुरौल के ग्राम प्रधान के खिलाप शिकायत पत्र शनिवार को थाना घोरावल मे सम्पूर्ण समाधान दिवस पर संतोष सिंह व अन्य ग्रामीणों के द्वारा दिया गया।

सर्वेश श्रीवास्तव

घोरावल, सोनभद्र। यू कहें तो मनरेगा योजना घोटाला मामले में विकास खण्ड घोरावल का नाम प्रदेश स्तर पर काफी चर्चित रहा है। उसी क्रम में ग्राम पंचायत खजुरौल में नव निर्वाचित ग्राम प्रधान पर खेत समतलीकरण का फर्जी भुगतान करा लेने की शिकायत, थाना घोरावल मे सम्पूर्ण समाधान दिवस पर संतोष सिंह व अन्य ग्रामीणों के द्वारा की गई। शिकायत पत्र में चार लोगों के खेत का समतलीकरण कागज पर दिखाया गया हैं जिसमें काश्तकार विमलेश ओझा, भुनेश्वर ओझा, रामप्यारे व बबुदंर शामिल है, शिकायतकर्तोओ ने आरोप लगाया गया है कि बिना कार्य किए ही अपने चहेतों के नाम जाॅबकार्ड मे चढाकर व धन बैंक खाते में डालकर धन उगाही किया गया है व सरकारी भुगतान करा लिया गया है। ग्रामीणों ने लिखित शिकायत मे लिखा है कि इन चार लोगों के किसी भी खेत का कोई समतलीकरण नहीं किया गया है। इस संबंध में शनिवार को सम्पूर्ण समाधान दिवस पर ग्रामीण संतोष सिंह, त्रिलोकी सिंह, अमरनाथ ने मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश सरकार, मुख्य विकास अधिकारी सोनभद्र, जिला पंचायत राज अधिकारी सोनभद्र, खण्ड विकास अधिकारी घोरावल, पंचायत राज्य मंत्री उत्तर प्रदेश लखनऊ से गांव की उक्त संपूर्ण कार्य की जांच कराने की मांग की गई है।

सीएम योगी ने रखा रिपोर्ट कार्ड, बोले- उत्तर प्रदेश में बेटियों को त्वरित न्याय मिलता है ; दुनिया में बदली UP की पहचान

लखनऊ: उत्तर प्रदेश में योगी सरकार को साढ़े चार साल पूरे हो चुके हैं। अब विधान सभा चुनाव नजदीक है। लिहाजा योगी सरकार का रिपोर्ट कार्ड भी जनता के सामने पेश है। लखनऊ में आज (रविवार को) सीएम योगी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस करके पिछले साढ़े चार साल की अपनी सरकार की उपलब्धियों को जनता के सामने रखा।

सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि देश के पीएम मोदी जी के आभारी हैं, जिनके मार्गदर्शन में आज हमारी सरकार सफलतापूर्वक साढ़े चार साल का कार्यकाल पूरा कर रही है। यूपी में सुरक्षा और सुशासन की दृष्टि से हमारी सरकार ने बहुत काम किए। यूपी का परसेप्शन देश और दुनिया में बदला है। सरकार और संगठन के सामूहिक प्रयास से काम किए गए इस सरकार की सफलता में केंद्रीय नेतृत्व के निरंतर सहयोग की बहुत बड़ी भूमिका रही।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यूपी के इतिहास में ये एक स्मरणीय कार्यकाल माना जाएगा। ये वही यूपी है जहां माफिया सत्ता के करीब रहते थे। 2012-17 के दौरान पिछली सरकार में हर तीसरे चौथे दिन दंगा होता था लेकिन हमारी सरकार में एक भी दंगा नहीं हुआ। अपराधियों के खिलाफ सख्ती से कार्रवाई की गई। अपराधियों के अवैध निर्माण को भी गिराया गया। अवैध रूप से बनाई गई 1,866 करोड़ रुपये की संपत्तियों को ध्वस्त और जब्त किया गया।

उन्होंने आगे कहा कि पहले सीएम अपने आवास बनाने के लिए बनते थे। खुद के लिए हवेली और मकान बनाने में मुकाबला होता था। हम लोगों ने अपने आवास नहीं बनाए, गरीबों को 42 लाख आवास दिए हैं। यही सुशासन है।

सीएम योगी ने कहा कि पहले जब कोई आपदा आती थी तो महीनों और सालों लग जाते थे लेकिन गरीबों को मदद नहीं मिलती थी। लेकिन अब तत्काल 24 घंटे में सहायता पहुंचती है। डीडीटी के माध्यम से 5 लाख करोड़ से ज्यादा की धनराशि लाभार्थियों को देने का काम किया। युवाओं को 4.5 लाख सरकारी नौकरियां दी गईं। आरक्षण के नियमों का पालन करते हुए नौकरी दी गई। पारदर्शी रूप से नौकरी दी गई।

मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि ‘ईज ऑफ डूइंग बिजनेस रैंकिंग’ में उत्तर प्रदेश, देश में दूसरे स्थान पर है। जल्द ही हम सभी का प्रदेश पहले पायदान पर होगा। उत्तर प्रदेश, देश की दूसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन चुका है।

सीएम योगी ने कहा कि उत्तर प्रदेश में बेटियों को त्वरित न्याय मिलता है। 218 नए फास्ट ट्रैक कोर्ट, 81 मजिस्ट्रेट स्तरीय कोर्ट और 81 अपर सेशन कोर्ट की स्थापना हुई है. नए उत्तर प्रदेश में बेटियों को त्वरित न्याय मिलने का पथ सुगम हुआ।

उन्होंने आगे कहा कि अब तक 1.43 लाख पुलिसकर्मियों की भर्तियां हुई हैं। बेहतर पुलिसिंग के लिए चार बड़े शहरों में कमिश्नरेट प्रणाली लाई गई है। 214 नए पुलिस स्टेशन, साइबर पुलिस स्टेशन और साइबर सेल का गठन हुआ है। साथ ही SDRF और SSF का गठन किया गया है। बालिकाओं को ग्रेजुएशन तक मुफ्त शिक्षा दी जा रही है। 1.67 करोड़ मातृशक्ति को मुफ्त गैस कनेक्शन मिला है। सभी 1,535 थानों में महिला हेल्प डेस्क का गठन हुआ।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उत्तर प्रदेश ‘एक्सप्रेस प्रदेश’ बनने की ओर अग्रसर है। दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेस-वे और पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे का निर्माण इसका बेहतरीन उदाहरण है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उत्तर प्रदेश ‘एक्सप्रेस प्रदेश’ बनने की ओर अग्रसर है। दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेस-वे और पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे का निर्माण इसका बेहतरीन उदाहरण है। अब तक 86 लाख लघु और सीमांत किसानों का 36,000 करोड़ रुपये कर्ज माफ किया गया है। किसानों को मिला ये लाभ, पिछली सरकार की तुलना में 22 गुना ज्यादा है। साल 2017 में प्रदेश की बेरोजगारी दर 17.5% थी, जो मार्च, 2021 में घटकर 4.1% रह गई।

अंबिका सोनी ने पंजाब का CM बनने से किया इनकार, रेस में सुनील जाखड़ समेत ये नाम आगे

• पंजाब कांग्रेस में अभी किसी एक चेहरे पर सहमति नहीं बन पाई है।अंबिका सोनी ने कहा कि कोई सिख चेहरा ही पंजाब का मुख्यमंत्री होना चाहिए।

पंजाब की राजनीति में नहीं आना चाहती- अंबिका सोनी।

राहुल गांधी के आवास पर हुई बैठक
विधायक दल की बैठक की जानकारी मुझे नहीं- कैप्टन

चंडीगढ़: पंजाब के चंड़ीगढ़ में आज कांग्रेस ने विधायक दल की बैठक बुलाई है, जिसमें सीएम कौन बनेगा इस पर फैसला किया जाएगा। सूत्रों से मिली खबर के मुताबिक, विधायक दल की बैठक का समय बदल दिया गया है और उसे आगे बढ़ा दिया गया है क्योंकि अभी भी किसी एक चेहरे पर सहमति नहीं बन पा रही है। अंबिका सोनी ने सीएम बनने से इनकार कर दिया है। उनका कहना है कि सीएम कोई सिख ही होना चाहिए।

सीएम बनने की रेस में ये नाम आगे

सूत्रों के अनुसार, कल देर रात राहुल गांधी के आवास पर हुई बैठक में अंबिका सोनी ने पंजाब की राजनीति में आने से मना कर दिया। कहा जा रहा है कि सोनिया गांधी के लिफाफे से पंजाब के नए मुख्यमंत्री का नाम निकलेगा। पंजाब कांग्रेस के अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू पंजाब कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष सुनील जाखड़ और सुखजिंदर सिंह रंधावा का नाम सीएम पद की रेस में सबसे आगे है।

इस्तीफा देने के बाद क्या बोले कैप्टन?

बता दें कि कैप्टन अमरिंदर सिंह ने शनिवार को पंजाब के सीएम पद से इस्तीफा दे दिया था। उन्होंने कहा, ‘मुझे अपमानित किया गया। विधायक दल की बैठक मुझे जानकारी दिए बिना बुलाई गई।

सिद्धू का करूंगा विरोध- कैप्टन

इस्तीफा देने के बाद कैप्टन अमरिंदर सिंह ने कहा कि नवजोत सिंह सिद्धू पाकिस्तान के साथ हैं क्या मैं उसको स्वीकार करूंगा? सिद्धू बाजवा के साथ है क्या मैं उसका समर्थन करूंगा? जो आदमी एक मिनिस्ट्री नहीं चला सकता वो राज्य क्या चलाएगा? सिद्धू पंजाब के लिए तबाही साबित होगा। इमरान खान और बाजवा सिद्धू के दोस्त हैं। पाकिस्तान से हर दिन ड्रोन और ग्रेनेड आते हैं. अगर सिद्धू को सीएम बनाया जाता है तो मैं विरोध करूंगा। मेरी अभी किसी पार्टी से कोई बात नहीं हुई है।

अमर शहीद राजा शंकर शाह और कुंवर रघुनाथ शाह का मनाया गया 164 वा बलिदान दिवस

संस्कृति लाइव संवाददाता, डाला, सोनभद्र। आजादी के अमृत महोत्सव वर्ष पर आदिवासियों और गोंडवाना गणतंत्र पार्टी के तत्वधान में 1857 के अमर शहीद गोंडवाना साम्राज्य के राजा शंकर शाह एवं उनके पुत्र कुंवर रघुनाथ शाह की 164 वी बलिदान दिवस के अवसर पर पंचायत भवन पनारी में कार्यक्रम का अयोजन किया गया।
सर्वप्रथम कार्यक्रम में आए हुए अतिथियों ने वीर सपूतों के प्रतिमा पर हल्दी चावल और फूलों से श्रद्धांजलि अर्पित कर उनके साहस वीरता को याद किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे देवसिंह उईके ने कहा की-” ये दोनों वीर सपूत देश के लिए कुर्बान हो गए मगर माफी नहीं मांगी।

विशिष्ठ अतिथि के रूप में रहे गोगपा के प्रदेश महामंत्री रमाशंकर सिंह गोंड ने अपने वक्तव्य में कहा कि ” ऐसे महान वीर सपूतों से हमे प्रेरणा लेनी चाहिए। भले ही इन दोनों का बलिदान इतिहास के पन्नों पर दर्ज़ न हो लेकिन आदिवासियों के जुबा पर अजर अमर हैं। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राष्ट्रीय कार्यकरणीअध्यक्ष अशर्फी सिंह परस्ते ने कहा कि-” जिस तरह राजा शंकर शाह एवं कुंवर रघुनाथ शाह ने हक, अधिकार दिलाने और भारत को स्वतंत्र कराने के लिए अंग्रेजों द्वारा तोप में बंधकर अपने प्राणों की आहुति दे दी थी, यह त्याग और बलिदान हमारे लिए प्रेरणादायक है। कार्यक्रम का संचालन कर रहे स्वतंत्रता सेनानी के प्रपौत्र ओमप्रकाश सिंह गोंड ने कहा कि-” ऐसे महान शहीदों के साहस वीरता को कभी नहीं भूलना चाहिए।

बलिदान दिवस कार्यक्रम में राजेंद्र टेकाम, अमर शाह खरवार, राजबली गोंड, हीरा लाल मरपची, कैलाश नाथ प्रजापति, रामसिंह गोंड, सहदेव सिंह आयाम, चंद्रिका प्रसाद गोंड, एडवोकेट संतोष भारती, शिक्षक संतोष कुमार मरकाम , ज्योति विश्वकर्मा सहित दर्जनों ग्रामवासी उपस्थित रहे।

ऐतिहासिक टूर्नामेंट हेतु फुटबॉल एसोसिएशन की जिला इकाई घोषित: दलबीर सिंह सामरा

श्याम पाठक

सोनभद्र। डिस्ट्रिक्ट फुटबॉल एसोसिएशन के अध्यक्ष दलबीर सिंह सामरा ने जिला इकाई की घोषणा कर दी है। उत्तर प्रदेश फुटबॉल संघ से पंजीकृत जिला फुटबॉल एसोसिएशन के पदाधिकारियों में जिलाध्यक्ष दलबीर सिंह सामरा, उपाध्यक्ष नूरुद्दीन खान (रॉबर्ट्सगंज),राज सुशील पासवान (ओबरा) और एडवोकेट शिव शंकर (दुद्धी) है ।
संयुक्त सचिव बनाए गए हैं, अनिल कुमार तिवारी (बीना) वाहिद हुसैन (चोपन) प्रदीप पटेल (अनपरा)। कोषाध्यक्ष हैं ओबरा के जय शंकर भारद्वाज। ऑडिटर के पद पर अरुण कुमार सिंह व कोच का दायित्व अरविंद कुमार यादव (एन आई एस मेंबर) निर्वहन करेंगे। तथा कार्यकारिणी सदस्यों में सर्वश्री मुकेश तिवारी, मुजफ्फर अली, सुजीत कुमार, श्याम जी पाठक, महेंद्र प्रसाद, अहमद अली, अहमद रजा राईन, डॉ प्रभा शंकर सरोज, जवाहर अग्रहरी, सैयद वारिस अली, इरशान खान है।
अध्यक्ष दलबीर सिंह सामरा ने कहा कि मुख्य संरक्षक रमेश सिंह, विजय कुमार जैन, राजेश कुमार इंदौलिया और हैदर खान के सानिध्य में शीघ्र ही आयोजित टूर्नामेंट ऐतिहासिक और अविस्मरणीय होगा। उपरोक्त आशय की जानकारी जिला सचिव मोहम्मद अहमद खान नूर ने दी।

महिला कोरोना योद्धाओं का सम्मान करते हुए आज हम गौरवान्वित महसूस कर रहे है : सतीश चंद्र द्विवेदी

जिला भाजपा कार्यालय में महिला मोर्चा द्वारा महिला कोरोना योद्धा सम्मान समारोह का हुआ आयोजन।

सम्मान समारोह में बेसिक शिक्षा राज्य मंत्री व सोनभद्र प्रभारी मंत्री द्वारा महिला कोरोना योद्धाओं को अंगवस्त्रम व सम्मान पत्र देकर सम्मानित किया गया

कार्यक्रम को संबोधित करते बेसिक शिक्षा राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) व प्रभारी मंत्री सतीश चंद्र द्विवेदी

हर्षवर्धन केसरवानी (संवाददाता)

सोनभद्र। विश्व के सबसे लोकप्रिय नेता भारत के यशस्वी प्रधानमंत्री माननीय नरेंद्र दामोदर दास मोदी के 71 वें जन्म दिवस के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी द्वारा सेवा समर्पण सप्ताह मनाया जा रहा है। उसी क्रम में शुक्रवार को जनपद सोनभद्र में भाजपा महिला मोर्चा द्वारा भाजपा के जिला कार्यालय पर महिला कोरोना योद्धा सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। सम्मान समारोह में मुख्य अतिथि के रुप में उत्तर प्रदेश सरकार के बेसिक शिक्षा राज्यमंत्री व जनपद सोनभद्र के प्रभारी मंत्री सतीश चन्द्र द्विवेदी उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता महिला मोर्चा की जिला अध्यक्ष पुष्पा सिंह ने व सफल संचालन महिला मोर्चा की जिला महामंत्री प्रमिला त्रिपाठी (गुड़िया त्रिपाठी) ने किया।

आयोजित सम्मान समारोह में सभी विभागों की महिला कोरोना योद्धाओं को मुख्य अतिथि सतीश चंद्र द्विवेदी द्वारा सम्मानित किया गया। जिसमें सम्मानित होने वाली महिलाओं में साँई हॉस्पीटल की डॉ० अनुपमा सिंह, महिला थानाध्यक्ष संतु सरोज, समाज सेविका सावित्री देवी सहित आदि महिलाओं को अंगवस्त्रम, सम्मान पत्र व पुष्पगुच्छ देकर सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर सम्मान समारोह के मुख्य अतिथि रहे बेसिक शिक्षा राज्यमंत्री व सोनभद्र प्रभारी मंत्री सतीश चन्द्र द्विवेदी ने अपना विचार व्यक्त करते हुए कहा कि’ कोरोना जैसी महामारी का पूरे देश के सामने एक ऐसा बड़ा संकट आया। तब सभी लोगों के मन में आया की अब हमारा क्या होगा। तब हमारे देश के प्रधानमंत्री माननीय नरेन्द्र भाई मोदी ने देश की जनता से अपील किया कि आप अपने घर मे रहे जिससे कोरोना जैसी वैश्विक महामारी के बढ़ते चैन को तोड़ा जा सके और देश की जनता ने उसमें पूरा सहयोग किया। वही कोरोना महामारी के समय डाक्टर, वार्ड ब्याय, आंगनबाड़ी, आशा बहुएं, पुलिस प्रशासनिक अधिकारी जिस तरह से अपने जान की परवाह किये बगैर कोरोना मरीजों की मदद कर एक मिशाल कायम किया। उन कोरोना महिला योद्धाओं को हम आज सलाम करते हुए उनका सम्मान करते है। उन्होंने अपने संबोधन में आगे कहा कि आजादी के 70 साल में ऑक्सीजन की कमी रहती थी किन्तु इन डेढ़ वर्षों में देश की किसी अस्पताल में ऑक्सीजन की कमी नही है ऑक्सीजन की कमी से किसी भी व्यक्ति की मृत्यु नही हो रही है। इसी तरह माननीय प्रधानमंत्री मोदी के कदम से कदम मिलाकर उत्तर प्रदेश के यशस्वी मुख्यमंत्री योगी के अथक प्रयास से उत्तर प्रदेश में भी कोरोना वैश्विक महामारी पर काबू पाने में सफलता पायी गई। आज हम उन सभी कोरोना महिला योद्धाओं का सम्मान कर। अपने को गौरवान्वित महसूस कर रहे है।

कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष अजीत चौबे ने सभी सम्मानित कि गई महिलाओ को उनके उज्जवल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आप समाज ही नही अपितु हर परिवार की शक्ति है, इसलिए नारी का सम्मान करने वाला हर व्यक्ति स्वतः सम्मानित हो जाता है।

वही आयोजित सम्मान समारोह की अध्यक्षता कर रही भाजपा महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष पुष्पा सिंह ने आये हुए सभी अतिथियों व कोरोना महिला योद्धाओ का आभार प्रकट करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया। कार्यक्रम में स्टाफ नर्स सल्या मौर्य, कुसुमलता देवी, कुमारी सीता, सोनी पटेल, शान्ति सिंह, पूजा सिंह, नीलकमल, महिला पुलिस कर्मी शिला दिक्षित, वर्षा देवी, पूजा गौतम, सुदामा देवी, प्रियंका, सुल्ताना परविन सहित सभी विभागों की कोरोना महिला योद्धाओं को अंगवस्त्र, सम्मान पत्र व माल्यार्पण कर स्वागत किया गया।

सम्मानित हुई महिला कोरोना योद्धा

इस अवसर पर सदर विधायक भूपेश चौबे, बीजेपी के पूर्व क्षेत्रीय उपाध्यक्ष रमेश मिश्रा, महिला मोर्चा की क्षेत्रीय उपाध्यक्ष कुसुम शर्मा, क्षेत्रीय कार्यसमिती सदस्य अंशू अग्रहरी, बीजेपी के पूर्व जिलाध्यक्ष डॉक्टर धर्मवीर तिवारी, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष अमरेश पटेल, महामंत्री रामसुन्दर निषाद, जिला मिडिया प्रभारी अनूप तिवारी, प्रमिला जायसवाल, रुबी गुप्ता, प्रमिला त्रिपाठी, अनामिका पाण्डेय, सरोज केशरी सहित आदि महिला मोर्चा के पदाधिकारी व कार्यकर्ता गण उपस्थित रहे।

कार्यक्रम को संबोधित करते बेसिक शिक्षा राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) व प्रभारी मंत्री सतीश चंद्र द्विवेदी

प्रथम स्वतंत्रता आंदोलन में आदिवासियों का महत्वपूर्ण योगदान

हर्षवर्धन केसरवानी (संवाददाता)

रॉबर्ट्सगंज, सोनभद्र। आजादी की 75 वीं वर्षगांठ के 75 हफ्ते पूर्व शुरू आजादी का अमृत महोत्सव वर्ष के अंतर्गत सोनभद्र जनपद एवं इससे जुड़े पड़ोसी राज्य के इतिहास के पन्ने परत दर परत खुलते जा रहे हैं।
भारत के प्रथम स्वतंत्रता संग्राम में आदिवासियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा है।
1857 भारतीय इतिहास का प्रथम युद्ध इतिहासकारों द्वारा माना जाता है। इसके अंतर्गत अंग्रेजों से मोर्चा लेने के लिए वर्तमान जनपद सोनभद्र के पड़ोसी राज्य मध्य प्रदेश छत्तीसगढ़ बिहार झारखंड के आदिवासी राजा एवं जन नायक संगठित हो गए थे और अंग्रेजों से मोर्चा लेने के लिए कमर कस लिया था।

सर्वप्रथम काशी नरेश महाराजा चेत सिंह की ओर से विजयगढ़ दुर्ग में आदिवासी सैनिकों ने अंग्रेजों से युद्ध किया था, इसी वर्ष जनपद के अगोरी गांव में कुछ अंग्रेज सैनिक विद्रोहियों को पकड़ने अगोरी गांव थे, जहां पर आदिवासियों ने लाठी-डंडे, तीर- कमान के बल पर उन्हें खदेड़ दिया था।
आरा से युद्ध हारने के बाद वीर कुंवर सिंह अपने सहयोगियों, साथियों एवं आदिवासी सैनिकों के साथ सोनभद्र जनपद आए और अंग्रेजी संपत्ति को लूटते हुए बेलन नदी को पार कर प्रयागराज निकल गए।
18 57 के स्वतंत्रता आंदोलन में सोनभद्र जनपद के जूरा महतो और बुद्धू भगत ने अंग्रेजों को नाकों चने चबवा दिया था।
इतिहासकार दीपक कुमार केसरवानी द्वारा रचित पुस्तक आदिवासी के अनुसार-“उत्तर प्रदेश के अंतिम छोर पर अवस्थित सोनभद्र जनपद के पड़ोसी राज्य मध्य प्रदेश के वर्तमान जबलपुर (गढ़ मंडला) के आदिवासी जननायक राजा शंकर शाह और उनके पुत्र कुंवर रघुनाथ शाह सहित अन्य स्वतंत्र संग्राम सेनानियों ने स्वतंत्रता आंदोलन में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और अंग्रेजों के जुल्म के शिकार हुए।
जबलपुर में तैनात अंग्रेजों की 52वीं रेजीमेन्ट का कमांडर ले॰ज॰ क्लार्क छोटे- छोटे राजाओ, सेनानियों पर अत्याचार किया करता था।
राजा शंकर शाह ने अपने एक भ्रष्टाचारी कर्मचारी गिरधारी लाल को निकाल दिया था, वह अंग्रेजों से मिल गया था सारी जानकारी वह ले०ज० जनरल को देता रहता था।
राजा शंकर शाह ने अंग्रेजों के खिलाफ आंदोलन का ऐलान किया। ले०ज० ने अपने गुप्तचरों का जाल बिछा दिया और राजा शंकर शाह के गतिविधियों पर नजर रखने लगा।
अंग्रेजों के तथाकथित गुप्तचर साधु वेश में शंकर शाह की तैयारी की खबर लेने गढ़पुरबा महल में पहुंचे।
राजा शंकर शाह धर्म प्रेमी थे, इसलिए उन्होंने साधु वेश में आए गुप्तचरों का स्वागत-सत्कार करते हुए युद्ध की सारी योजनाओं को बता दिया और युद्ध में सहयोग करने का आह्वान किया।
जिसके परिणाम स्वरूप राजा शंकर शाह और उनके पुत्र कुंवर शाह को अंग्रेजी शासन के खिलाफ विद्रोह भड़काने के जुर्म में 14 सितंबर 1857 को गिरफ्तार कर लिया गया और पिता पुत्र को वन विभाग के डाक बंगले में रखा गया,इन पर काफी अत्याचार किया गया। दूसरी ओर राजा के महल की तलाशी ली गई, जहां पर बरामद दस्तावेज से विप्लव की तैयारियों की अंग्रेजों को जानकारी मिली अंग्रेजों ने राजा के 13 अन्य विश्वास लोगों को गिरफ्तार कर लिया और इन पर मुकदमा चलाया ।
12 पन्ने के उर्दू भाषा में आए फैसले में सभी गिरफ्तार लोगों को अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ विद्रोह भड़काने के जुर्म में 18 सितंबर को फांसी की सजा का दिन मुकर्रर किया गया।
18 सितंबर 1857 सुबह राजा शंकर शाह उनके पुत्र कुंवर रघुनाथ शाह सहित 13 अन्य विद्रोहियों को माल गोदाम (वर्तमान डीएफओ कार्यालय) स्थित मैदान में जिंदा तोप के मुंह पर बांधवा दिया गया।

मृत्यु से पूर्व उन्होंने अपनी प्रजा को एक एक छन्द सुनाया। पहला छन्द राजा शंकर शाह ने सुनाया और दूसरा उनके पुत्र रघुनाथ शाह ने सुनाया-

मलेच्छों का मर्दन करो, कालिका माई।

मूंद मुख डंडिन को, चुगली को चबाई खाई,

खूंद डार दुष्टन को, शत्रु संहारिका ।।

दूसरा छन्द पुत्र ने और भी उच्च स्वर में सुनाया।

कालिका भवानी माय अरज हमारी सुन

डार मुण्डमाल गरे खड्ग कर धर ले…।

-छंद पूरे होते ही जनता में राजा एवं राजकुमार की जय के नारे गूंज उठे। इससे क्लार्क डर गया, उसने तोप में आग लगवा दी, भीषण गर्जना के साथ चारों ओर धुआं भर गया और महाराजा शंकर शाह और राजकुमार रघुनाथ शाह वीरगति को प्राप्त हो गए। शहीदों के खून से रक्त रंजित हो गई सोनभद्र जनपद के पड़ोसी राज्य मध्य प्रदेश के जबलपुर की बलिदानों की धरती।

राजा शंकर शाह की पत्नी फुलकुवर नहीं रोते- बिलखते हुए पति और पुत्र से क्षत-विक्षत शव के टुकड़ों को एकत्रित कर दाह संस्कार कराया।
कालांतर में उन्होंने अंग्रेजो के खिलाफ युद्ध में मोर्चा लिया और गिरफ्तारी की स्थिति में उन्होंने खुद अपने सीने में कटार भोक लिया अंग्रेजों के हाथ उनका शव न लगे इसलिए रानी के आदेशानुसार पूर्व उनके अंगरक्षक ने शव को जला दिया था।
ऐसा था हमारे गोंडवाना साम्राज्य के राजा शंकर शाह का बलिदानी परिवार।”
आज जनपद सोनभद्र मध्य प्रदेश छत्तीसगढ़, बिहार, झारखंड आज की भौगोलिक , राजनीतिक सीमाओं से घिरा हुआ है। ,1857 में जब देश में प्रथम युद्ध भारतीयों द्वारा अंग्रेजों से लड़ा जा रहा था उस समय यह भाग विस्तृत क्षेत्रफल था और इस राज्य में रहने वाली आदिवासियों ने संगठित होकर अंग्रेजों के विरुद्ध मोर्चा लिया था। इसके 90 वर्षों बाद 15 अगस्त 1947 को हमारा देश आजाद हुआ।

अनंत चतुर्दशी को होगा ब्रह्म बाबा का भव्य श्रृंगार

हर्षवर्धन केसरवानी (संवाददाता)

रॉबर्ट्सगंज, सोनभद्र। नगर के सबसे प्राचीन ब्रह्म बाबा मंदिर का जीर्णोद्धार स्थानीय श्रद्धालुओं द्वारा कराया जा चुका है।
मंदिर के नवीनीकरण के उपलक्ष में अनंत चतुर्दशी, दिन रविवार, दिनांक 19 सितंबर 2021 को प्रातःब्रह्म बाबा का पूजन, दोपहर 12:00 बजे से 4:00 बजे तक विशाल भंडारा, मंदिर के सामने जयप्रभा मंडपम में किया जाएगा तथा रात्रि 8:00 बजे से ब्रह्म बाबा का श्रृंगार व आरती होगा।
उपरोक्त आशय की जानकारी आयोजक मंडल के महामंत्री, समाजसेवी सुशील पाठक ने नगर की जनता से अपील किया कि ब्रह्म बाबा के पूजन, श्रृंगार, भंडारा में सम्मिलित होकर आध्यात्मिक सुख का आनंद उठाएं और प्रसाद ग्रहण करें। उपरोक्त आशय जानकारी महामंत्री ने प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से दिया।

आयोजक मंडल के महामंत्री व समाजसेवी सुशील पाठक
Design a site like this with WordPress.com
प्रारंभ करें