डोड़हर गेट का सपा नेत्री ने तोड़ा ताला

बीजपुर, सोनभद्र। सपा नेत्री रुखसाना बेगम ने रविवार की दोपहर परियोजना के आवासीय परिसर स्थित सालों से बंद पड़े डोडहर गेट का ताला तोड़कर सुरक्षाकर्मियों की मौजूदगी में गेट खोल दिया। गेट खुलते ही वहां के रहवासियों व व्यवसायियों ने सपा नेत्री के पक्ष में नारेबाजी करते हुए अपनी खुशी का इजहार किया ।

Advertisement (विज्ञापन)

विदित हो कि कोविड-19 महामारी के समय एनटीपीसी रिहंद प्रबंधन ने कोविड का हवाला देते हुए डोड़हर गेट को पूरी तरह से बंद कर दिया था जिससे डोडहर, खमरिया, मोखना सहित कई गांवों के सैकड़ों मजदूरों को परियोजना में कार्य करने हेतु लगभग 10 किलोमीटर की अतिरिक्त दूरी का सफर तय करना पड़ता था, चूंकि परियोजना परिसर के अंदर ही अस्पताल, स्कूल, बैंक व पोस्ट ऑफिस जैसे अति महत्वपूर्ण संस्थान भी स्थित हैं इसलिए किसी भी कार्य के लिए उन्हें लगभग 10 किलोमीटर की अतिरिक्त दूरी का सफर तय करना पड़ता था। ग्रामीणों के काफी विरोध के बाद परियोजना प्रबंधन ने पैदल व दुपहिया वाहन के आवागमन हेतु एक छोटा गेट तो खोल दिया था परंतु उक्त बड़ा गेट आज तक बंद था ।

Advertisement (विज्ञापन)

ग्रामीणों व व्यवसायियों ने उक्त गेट को खोलने हेतु कई बार धरना प्रदर्शन भी किया व परियोजना प्रबंधन को ज्ञापन भी सौंपा पर कोई फायदा नहीं हुआ। रविवार को सपा नेत्री द्वारा ताला तोड़कर गेट खोलते ही गेट पर दर्जनों लोगों की भीड़ लग गई व सपा नेत्री के समर्थन में जमकर नारेबाजी की गई । इस दौरान ग्राम प्रधान के पी पाल, सद्दाम हुसैन, आदिल खान, रितेश जायसवाल, शाहनवाज खान सहित दर्जनों लोग उपस्थित रहे ।।

  • Advertisement

चुनाव में लगे अधिकारी/कर्मचारी किसी भी पार्टी या प्रत्याशी का आतिथ्य कदापि न करें स्वीकार – जिला निर्वाचन अधिकारी

HIGHLIGHTS

  • जिला निर्वाचन अधिकारी निरन्तर भ्रमणशील रहकर पोलिंग पार्टियों के रवानगी के लेते रहे जायजा
  • सभी पोलिंग पार्टियॉ अपने-अपने मतदान केन्द्रों हेतु रवाना हुई,जनपद के नागरिकगण लोकतंत्र के इस महापर्व में मतदान कर, लोकतंत्र को मजबूत बनाने में निभायें अपनी महत्वपूर्ण भागीदारी
  • पोलिंग पार्टियों के रवानगी स्थल ड्यिटी के दौरान कार्मिकों के अनुपस्थित पाये जाने पर प्राथमिकी दर्ज करायी गयी

सोनभद्र। विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2022 को सकुशल, निष्पक्ष, शान्तिपूर्ण, पारदर्शी ढंग से सम्पन्न कराने हेतु सभी पोलिंग पार्टियॉ राजकीय पालिटेक्निक कालेज लोढ़ी से विधानसभावार अपरान्ह 5 बजे तक रवाना हो गयीं। जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी टी0के0 शिबु, पुलिस अधीक्षक अमरेन्द्र प्रसाद सिंह, मुख्य विकास अधिकारी डाॅ0 अमित पाल शर्मा, अपर जिलाधिकारी राकेश सिंह, अपर जिलाधिकारी न्यायिक भानु प्रताप सिंह ने निरन्तर भ्रमणशील रहकर पोलिंग पार्टियों के रवानगी का जायजा लेते रहें और अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश देते रहे।

Advertisement (विज्ञापन)

जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों एवं मतदान कार्मिकों को निर्देशित किया कि वह किसी भी पार्टी या प्रत्याशी का आतिथ्य कदापि स्वीकार नही करेगें, यदि ऐसा कोई करता पाया जायेगा तो सम्बन्धित के विरूद्ध प्राथमिकी दर्ज करायी जायेगी।

Advertisement (विज्ञापन)

उन्होने सभी जोनल एवं सेक्टर मजिस्ट्रेटों को निर्देशित किया कि वह निरन्तर मतदान केन्द्रों का भ्रमणशील रहकर जायजा लेते रहेगें यदि कही कोई शिकायत प्राप्त होती है तो उसका तत्काल निराकरण करेगें। पोलिंग पार्टियों के रवानगी स्थल पर पीठासीन/मतदान अधिकारी जिनकी ड्यिटी लगायी गयी थी वह अनुपस्थित मिले और उनका नाम बार-बार एनाउन्स भी किया गया तो भी वह नही पहॅुचे, इस प्रकारण को संज्ञान में लेते हुये जिलाधिकारी ने सम्बन्धित कार्मिकों के विरूद्ध एफआईआर दर्ज कराने हेतु निर्वाचन अधिकारी को निर्देशित किया।

Advertisement (विज्ञापन)

इस दौरान जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी श्री टी0के0 शिबु व पुलिस अधीक्षक श्री अमरेन्द्र प्रसाद सिंह ने संयुक्त रूप से जिले के विधान सभा-घोरावल व विधान राबर्ट्सगंज में स्थापित विभिन्न मतदान केन्द्रों का निरीक्षण भी किया गया। इस दौरान जिलाधिकारी ने बूथों पर तैनात पीठासीन अधिकारियों से मतदान प्रक्रिया को सम्पन्न कराने हेतु प्राप्त दस्तावेजों के सम्बन्ध में जानकारी प्राप्त की और उन्हें आवश्यक दिशा-निर्देश दियें। निर्वाचन अधिकारी द्वारा अनुपस्थित कार्मिक के विरूद्ध प्राथमिकी दर्ज करायी जायेगी। जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को मतदान पार्टियों के सकुशल रवानगी पर धन्यवाद दिया। मुख्य विकास अधिकारी डाॅ0 अमित पाल शर्मा भी निरन्तर भ्रमणशील रहकर पोलिंग पार्टियों के रवानगी का निरीक्षण किया और मतदान कार्मिकों को सकुशल मतदान सम्पन्न कराने हेतु आवश्यक दिशा निर्देश दिये।

Advertisement (विज्ञापन)

इस दौरान अपर जिलाधिकारी (वि0/रा0) श्री राकेश सिंह, जिला विकास अधिकारी रामबाबू त्रिपाठी सहित सम्बन्धित अधिकारीगण उपस्थित रहे।‌‌पोलिंग पार्टियों के जाने हेतु बसों की अच्छी व्यवस्था होने पर सभी पोलिंग पार्टियॉ काफी उत्साहित दिखें। मतदान दिनांक 07 मार्च,2022 को प्रातः 7 बजे से सायंकाल 6 बजे तक सम्पन्न होगा। जनपद में कुल 1 हजार 614 बूथ बनाये गये है।

  • Advertisement

मारकुण्डी घाटी में सीआईसीएफ जवानों से भरी रोडवेज बस खाई में गिरी, एक जवान की मौत

सोनभद्र। स्थानीय कोतवाली क्षेत्र के मारकुंडी घाटी के चौथे मोड़ पर बीती रात को चुनाव ड्यूटी जा रहे सीआईसीएफ जवानों से भरी रोडबेज बस अनियंत्रित होकर तकरीबन 100 फीट खाई में जा गिरी। इस घटना में एक जवान की मौत हो गई। बता दें की चुनाव ड्यूटी के लिए कुशीनगर जनपद सेसीआईएसएफ जवानों को लेकर जनपद सोनभद्र के ओबरा जा रहे थे।

Advertisement (विज्ञापन)

रात करीब 12 बजे मारकुंडी घाटी के चौथे मोड़ पर उतरते समय अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरी। इस घटना में कृष्ण वीर सिंह 45 पुत्र जोगेंद्र सिंह,निवासी सलोनी, बहादुरगढ़, जनपद हापुड़ की मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक, सीएमओ जिला अस्पताल पहुंचे रहे। जिला अस्पताल में एम्बुलेंस से घायल आठ जवानों को लाया गया।

Advertisement (विज्ञापन)

जिसमें सीआईएसएफ विजश राठौर 32, एमएम वेग 45, के चन्द्रईया 32, एसएल नायक 40, टी बाला कृष्णा 35, रमेश 45, एस गौड़ा 50, रजनीश 35 वर्ष को भर्ती कराया। घायलों में जिला अस्पताल से वाराणसी के लिए चिकित्सक ने सीआईएसएफ जवान टी बाला कृष्णा 35 वर्ष,हवलदार एम एम वेग 45 वर्ष को रेफर कर दिया। इसके अलावा जय प्रसाद 40, यू श्रीनिवास राव 51, सुरेश 35, इंद्र जीत कुमार 32, अरुण कुमार 30 वर्ष को दवा इलाज के बाद छोड़ दिया गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हेतु भेज दिया।

  • Advertisement

मृत महिला का बयान दर्ज, विवेचक ने की चार्जशीट दाखिल

HIGHLIGHTS

  • प्यारी देवी के विरुद्ध अवर अभियंता विद्युत ने दर्ज कराई थी एफआईआर
  • मृत महिला के बेटे राकेश के प्रार्थना पत्र पर कोर्ट ने लिया संज्ञान
  • लापरवाह अवर अभियंता एवं विवेचक के विरुद्ध विभागीय कार्रवाई के लिए भेजा पत्रक
  • कोर्ट ने 30 मार्च को वादी व विवेचक को किया तलब

राजेश पाठक

सोनभद्र। अपर सत्र न्यायाधीश प्रथम सोनभद्र खलीकुज्ज्मा की अदालत ने शनिवार को मृत महिला के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कराए जाने एवं विवेचक द्वारा मृत महिला का बयान दर्ज कर न्यायालय में चार्जशीट दाखिल किए जाने के मामले में सुनवाई करते हुए लापरवाह मुकदमा वादी एवं विवेचक के विरुद्ध कड़ा रुख अपनाते हुए विभागीय कार्रवाई के लिए डीजीपी उत्तर प्रदेश सरकार एवं एमडी उत्तर प्रदेश पावर कारपोरेशन लखनऊ को पत्रक भेजा है। साथ ही वादी एवं विवेचक को 30 मार्च को कोर्ट में तलब किया है।

Advertisement (विज्ञापन)

बता दें कि घोरावल थाने में 30 जून 2016 को दी तहरीर में अवर अभियंता ध्यानचंद वर्मा 33/11 केवी घोरावल ने आरोप लगाया है कि 29 जून 2016 को घोरावल थाना रोड पर स्थित कई घरों की बिजली की जांच की गई तो मृत प्यारी देवी पत्नी रामनाथ एवं अन्य लोगों जिनका बिजली कनेक्शन बिल बकाया होने की वजह से पूर्व में ही काट दिया गया था। लेकिन जांच में उपभोग करते हुए पाया गया। इस तहरीर पर पुलिस ने धारा 138बी विद्युत अधिनियम में एफआईआर दर्ज कर मामले की विवेचना शुरू कर दी गई। विवेचक बजरंगबली चौबे एसआई घोरावल ने विवेचना के दौरान पर्याप्त सबूत पाए जाने पर न्यायालय में चार्जशीट दाखिल कर दिया।

Advertisement (विज्ञापन)

जब इसकी जानकारी मृत प्यारी देवी के बेटे राकेश कुमार सिंह को हुई तो वह अवाक रह गया। 27 अगस्त 2019 को न्यायालय में दिए प्रार्थना पत्र में राकेश कुमार सिंह ने अवगत कराया है कि उसकी माँ प्यारी देवी की मौत 27 सितंबर 2010 को हो गई है। जिसका मृत्यु प्रमाण पत्र भी प्रार्थना पत्र के साथ दाखिल किया है। उसने यह भी अवगत कराया है कि उसके मां के नाम से बकाया विद्युत बिल भेजा गया था तो उसका भुगतान भी कर दिया गया है। बावजूद इसके मृत मां के विरुद्ध मुकदमा चलाया जा रहा है। इसका निस्तारण किया जाए। मामले की सुनवाई के दौरान अदालत ने जब अवलोकन किया तो पता चला कि प्यारी देवी की मौत वर्ष 2010 में ही हो चुकी है, बावजूद इसके मुकदमा वादी अवर अभियंता ध्यानचंद वर्मा ने 30 जून 2016 को एफआईआर दर्ज कराया है। इतना ही नहीं विवेचक बजरंगबली चौबे ने केस डायरी में पर्चा नम्बर 6 में मृत प्यारी देवी का बयान भी दर्ज किया है और न्यायालय में चार्जशीट भी दाखिल किया है।

Advertisement (विज्ञापन)

जिससे साफ जाहिर हो रहा है कि वादी अवर अभियंता एवं विवेचक ने अपने कर्तव्यों के प्रति घोर लापरवाही बरती है। इतना ही नहीं ऑफिस अथवा घर पर बैठकर फर्जी एफआईआर एवं विवेचना की गई है। यह एक गम्भीर लापरवाही है। लिहाजा विवेचक बजरंगबली चौबे के विरुद्ध विभागीय कार्रवाई के लिए डीजीपी उत्तर प्रदेश एवं अवर अभियंता ध्यानचंद वर्मा के विरुद्ध विभागीय कार्रवाई के लिए एमडी विद्युत कारपोरेशन लखनऊ को पत्रक भेजा है। वहीं 30 मार्च को अवर अभियंता एवं विवेचक को न्यायालय में तलब किया गया है।

  • Advertisement

छोटेलाल हत्याकांड: दोषी शिवमूरत को 10 वर्ष की कैद

HIGHLIGHTS

  • 20 हजार रुपये अर्थदंड, न देने पर 5 माह की अतिरिक्त कैद होगी
  • अर्थदंड की आधी धनराशि मृतक की पत्नी को मिलेगी
  • तीन आरोपी दोषमुक्त

राजेश पाठक

सोनभद्र। साढ़े बारह वर्ष पूर्व हुए छोटेलाल हत्याकांड के मामले में वृहस्पतिवार को सुनवाई करते हुए अपर सत्र न्यायाधीश प्रथम सोनभद्र खलीकुज्ज्मा की अदालत ने दोषसिद्ध पाकर दोषी शिवमूरत उर्फ बड़कऊ को 10 वर्ष की कैद एवं 20 हजार रुपये अर्थदंड की सजा सुनाई। अर्थदंड न देने पर 5 माह की अतिरिक्त कैद भुगतनी होगी। वहीं तीन आरोपियों को दोषमुक्त करार दिया। अर्थदंड की आधी धनराशि मृतक की पत्नी को मिलेगी।

Advertisement (विज्ञापन)

अभियोजन पक्ष के मुताबिक चोपन थाना क्षेत्र के जमुवल गांव निवासी बेचन पुत्र छोटेलाल ने 10 जुलाई 2009 को दी तहरीर में आरोप लगाया था कि 9 जुलाई 2009 को 9 बजे दिन जब उसके पिता छोटेलाल गुप्ता अपने घर का खपड़ैल ठीक कर रहे थे उसी समय बड़े पिता शिवमूरत उर्फ बड़कऊ पुत्र लालबहादुर गुप्ता आए और उसके पिता से कहने लगे कि जो हिस्सा है उसे दे दीजिए। इसी दौरान उसके चाचा रामविलास व रामनिहोर तथा बाबा लालबहादुर आ गए और उसके पिता छोटेलाल को बुलाकर बेरहमी से पिटाई करने लगे। कहा कि तुम्हारे वजह से घर व खेत का बंटवारा नहीं हो पा रहा है। चीखने-चिल्लाने की आवाज सुनकर अपनी मां के साथ मौके पर पहुंचा।

Advertisement (विज्ञापन)

ग्राम प्रधान के यहां सुलह-समझौता की बातचीत होने लगी तभी सभी लोगों ने मिलकर पिताजी को बेरहमी से पीटने लगे और उन्हें अंदरूनी चोटें आई। जिसकी वजह से दूसरे दिन सुबह 4-5 बजे पिता छोटेलाल की मौत हो गई। इस तहरीर पर पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर मामले की विवेचना किया। पर्याप्त सबूत मिलने पर विवेचक ने न्यायालय में चार्जशीट दाखिल किया।

Advertisement (विज्ञापन)

मामले की सुनवाई करते हुए अदालत ने दोनों पक्षों के अधिबक्ताओं के तर्कों को सुनने, गवाहों के बयान एवं पत्रावली का अवलोकन करने पर दोषसिद्ध पाकर दोषी शिवमूरत उर्फ बड़कऊ को 10 वर्ष की कैद एवं 20 हजार रुपये अर्थदंड की सजा सुनाई। अर्थदंड न देने पर 5 माह की अतिरिक्त कैद भुगतनी होगी। वहीं तीन आरोपियों लालबहादुर, रामनिवास व रामनिहोर को दोषमुक्त करार दिया। जबकि अर्थदंड की आधी धनराशि मृतक की पत्नी को मिलेगी। अभियोजन पक्ष की ओर से अपर जिला शासकीय अधिवक्ता कुंवर वीर प्रताप सिंह ने बहस की।

  • Advertisement

बसपा के राष्ट्रीय महासचिव ने ओबरा में चुनावी जनसभा को किया संबोधित

Advertisement (विज्ञापन)

ओबरा, सोनभद्र। अंतिम चरण के विधानसभा चुनाव का प्रचार थमने से पहले ओबरा विधान सभा की चुनावी जनसभा को संबोधित करने ओबरा रामलीला मैदान में बसपा राष्ट्रीय महासचिव सतीश मिश्रा व उनकी पत्नी कल्पना मिश्रा एवम उनके पुत्र हेलीकॉप्टर से बसपा के चुनावी जनसभा स्थल पर पहुंचे। सोनभद्र जिले में बीजेपी,समाजवादी पार्टी और कांग्रेस अगर अपना झंडा लहराने में लगी है तो बसपा भी पीछे नहीं रहेगी। उसने भी सोनभद्र में अपने नारे “सबका साथी- बसपा का हाथी” के साथ ओबरा विधानसभा में अपनी जनसभा के द्वारा लोगों को बसपा को जिताने का आग्रह किया। जनसभा में भारी मात्रा में लोगों की भीड़ भी देखने को मिली। इस सभा में अशोक गौतम पूर्व जिला अध्यक्ष, पन्नालाल प्रत्याशी, सुभाष खरवार, निशांत कुशवाहा, जितेंद्र निषाद सहित सैकड़ों कार्यकर्ता शामिल हुए।

  • Advertisement

पप्पू के चाय की अड़ी का संबंध सोनभद्र से है : दीपक कुमार केसरवानी

Advertisement

HIGHLIGHTS

  • काशी का अस्सी उपन्यास एवं फिल्म से मिली नई पहचान
  • काशी के रचनाकारों की कर्मभूमि है पप्पू के चाय की अड़ी
हर्षवर्धन केसरवानी
(संवाददाता)

सोनभद्र। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के सातवें चरण के मतदान के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा काशी में किए गए मेगा रोड शो से काशी की ह्रदय स्थली पप्पू की चाय की अड़ी एक बार फिर मीडिया की सुर्खियों में छाई हुई है, जहां पर भारत के यशस्वी प्रधानमंत्री एवं काशी के सांसद नरेंद्र मोदी ने सामान्य जन की तरह बेंच पर पर बैठकर चाय की गरमा गरम चुस्कियों का आनंद लेते हुए लाजवाब बनारसी पान की गिलोरी खाकर तरोताजा हुए।
विंध्य संस्कृति सोच समिति उत्तर प्रदेश ट्रस्ट के निदेशक/ इतिहासकार दीपक कुमार केसरवानी के अनुसार-“पप्पू की अड़ी पर प्रधानमंत्री ने चाय की चुस्कियो का आनंद लिया उस अड़ी को सोनभद्र जनपद के ग्राम खडुई के निवासी बलदेव के पुत्र पप्पू ने एक नया मुकाम दिया था अब इस दुकान का संचालन इनके पुत्र करते हैं।”

Advertisement (विज्ञापन)

पप्पू की अड़ी वर्षों से साहित्यकारों, कलाकारों, पत्रकारो, राजनेताओं, शिक्षकों की बैठकबाजी की वजह से हमेशा सुर्खियों में छायी रही कभी काशी के प्रख्यात साहित्यकार काशीनाथ सिंह के उपन्यास “काशी का अस्सी” तो कभी इस उपन्यास पर बनने वाली फिल्म,अब मोदी जी के चाय पान की वजह से यह अड़ी मीडिया की सुर्खियां बटोर रही है।
देशी- विदेशी, पर्यटको, यात्रियों, रचनाधर्मियो, साधु-संतों, सन्यासियों, सिद्बो को इस अडी पर ही सफलता का मंत्र प्राप्त होता है।

Advertisement (विज्ञापन)

पप्पू के चाय की अड़ी को साहित्य, फिल्म, मीडिया की सुर्खियों में लाने वाले प्रख्यात साहित्यकार काशीनाथ सिंह का मधुर संबंध रॉबर्ट्सगंज की धरती से रहा है। काशी हिंदू विश्वविद्यालय वाराणसी में शिक्षण के दौरान जब कोई छात्र इस क्षेत्र से जाता था तो पहले उसका पता पूछते थे और जब वह छात्र अपना पता रॉबर्ट्सगंज अथवा आसपास के क्षेत्रों से बताता था तो मुस्कुरा कर कहते थे- “हमरो ससुराल रापटगंज मे बा।”

Advertisement (विज्ञापन)

भीड़ भाड़ वाली पप्पू के चाय की अडी जहां पर स्वसफूर्त अखाड़ियो, बैठकबाजो, अडिबाजो, गप्पबाजो की बहस, दिन-रात कभी खत्म ही नहीं होती है। वहीं से पूर्व प्रधानमंत्री वीपी सिंह को अडिबाजो द्वारा सुझाया गया नारा-” राजा नहीं फकीर है दुनिया की तकदीर है।” ने उनकी तकदीर को ही बदल दिया।

Advertisement (विज्ञापन)

पप्पू की चाय की अड़ी पर की चुस्कियो का आनंद ले चुके वरिष्ठ साहित्यकार रामनाथ शिवेंद्र, पत्रकार नरेंद्र नीरव, पियूष त्रिपाठी, प्राचार्य डॉ गोपाल सिंह सहित सोनभद्र वासियों को पप्पू की चाय की अडी सुर्खियों में लाने वाले साहित्यकार पर गर्व है। यह अड़ी समय-समय पर अपनी सुर्ख़ियों के साथ साथ सोनभद्र जनपद को भी गौरवान्वित करती है।

Advertisement
  • Advertisement

सोनभद्र में बोले सीएम योगी- भाजपा सरकार ने गरीबों का रखा पूरा ध्यान

Advertisement

HIGHLIGHTS

  • सीएम योगी की जनसभा में उमड़ा जनसैलाब
  • योगी- मोदी और जय श्रीराम के नारे से गुंजायमान रहा जनसभा स्थल
  • मेघावी छात्राओं को मुफ्त में स्कूटी दी जाएगी- सीएम योगी
हर्षवर्धन केसरवानी
(संवाददाता)

सोनभद्र। आखरी चरण के चुनाव प्रचार थमने से पहले शनिवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जिले के दुद्धी विधानसभा क्षेत्र में चुनावी जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान जनसभा स्थल पर बीजेपी के कार्यकर्ताओं सहित आम जनमानस की भारी भीड़ उमड़ी। सीएम योगी ने जिले के चारों विधानसभा सीटों से भाजपा उम्मीदवारों के पक्ष में मतदान करने के लिए अपील किया।

Advertisement (विज्ञापन)

सोनभद्र की धरती से सीएम योगी ने जनता को संबोधित करते हुए कहा कि क्षेत्र की समस्याओं के निस्तारण के लिए भाजपा के प्रत्याशियों का यहां से जीतना बहुत ही आवश्यक है। बीते 5 सालों में आपने सोनभद्र में परिवर्तन अवश्य देखा होगा। 2017 के पहले आपके क्षेत्र में बिजली नहीं मिलती थी। लेकिन आज के समय में मिल रही है। कोरोना काल में पूरी दुनिया प्रभावित हुई। लेकिन सभी लोगों को फ्री में टेस्ट, फ्री में वैक्सीन उपलब्ध करवाई गई। यदि प्रदेश में सपा-बसपा की सरकार होती तो यह वैक्सीन बाजार में ब्लैक हो जाती। यही नहीं हर गरीब को माह में दो बार राशन भी मिल रहा है। ऐसा पूर्व की सरकार में नहीं था।

Advertisement (विज्ञापन)

सपा-बसपा की सरकार में आदिवासियों, गरीबों, दलितों और किसानों का राशन यह लोग स्वंय खा जाते थे। यह राशन नहीं लाभार्थियों तक पहुंचता ही नहीं था। यह राशन या तो सपा गुर्गे खा जाते थे या बहन जी के हाथी का पेट इतना बड़ा था कि उसके लिए यह राशन कम पड़ जाता था। लेकिन भाजपा सरकार ने गरीब का पूरा ध्यान रखा। आज के समय में बिना भेदभाव के सभी को राशन मिल रहा है। आने वाले समय में उज्जवला योजना के हर लाभार्थी को रसोई गैस का सिलेंडर भी मिलेगा।

Advertisement

कहां कि 60 साल के ऊपर की माताओं और बहनों को फ्री में परिवहन निगम की बस से यात्रा भी करवाई जाएगी। यही नहीं हमने यह भी तय किया है कि बेटी के जन्म से लेकर स्नातक तक कन्या सुमंगला के तहत जो 15000 रुपए देते थे उसे बढ़ाकर 25000 करेंगे। सीएम योगी ने आगे कहा कि मेधावी बेटी जो कॉलेज में अच्छा अंक लेकर आएगी उसे आने-जाने के लिए फ्री में स्कूटी भी दिलाई जाएगी। इसी के साथ उन्होंने सरकार द्वारा चलाई जा रही तमाम जन कल्याणकारी योजनाओं के बारे में भी अवगत करवाया।

Advertisement (विज्ञापन)

अंत में उन्होंने कहा कि 10 मार्च के बाद जब सरकार बनेगी तो 2 करोड़ नौजवानों को टैबलेट और स्मार्टफोन का वितरण भी किया जाएगा। सीएम योगी ने जनता से सवाल किया कि प्रदेश में बुलडोजर चलना चाहिए या नहीं। बुलडोजर चलाने के लिए प्रदेश में दमदार सरकार चाहिए। इस अवसर पर भाजपा के पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं सहित जनता का विशाल जनसैलाब उपस्थित रहा। इस दौरान पूरा दुद्धी क्षेत्र योगी मोदी जय श्रीराम के नारे से गुंजायमान हो गया हो गया।

Advertisement
  • Advertisement

जीरो हार्म हमारा लक्ष्य- के.पी.यादव

अनपरा, सोनभद्र। हिण्डालको, रेनूसागर पावर डिवीजन में 51वें राष्ट्रीय सुरक्षा माह की भब्य शुरुआत कारखाना परिसर स्थित सुरक्षा लाॅन में हुई। समारोह के मुख्य अतिथि रेनूसागर पावर डिवीजन के अध्यक्ष ऊर्जा के.पी.यादव ने फीता काट कर उदघाटन किया। तत्पचात भगवान विश्वकर्मा की विधि विधान से पूजा अर्चना कर सुरक्षा ध्वज फहराकर सभी को सुरक्षा की शपथ दिलाई व हिण्डालको समूह के प्रबन्ध निर्देशक का सुरक्षा संदेश प्रसारित किया गया।

Advertisement (विज्ञापन)

तत्पश्चात मुख्य अतिथि ने सुरक्षा जागरुकता माह के आयोजन को सम्बोधित करते हुए उपस्थित सभी अधिकारियों, कर्मचारियों को 51वें राष्ट्रीय सुरक्षा दिवस की बधाई देते हुए कहा कि हमारा प्रबन्धन सुरक्षा के प्रति दृढ़ संकल्पित है, शून्य दुर्घटना से एक कदम आगे जीरो हार्म हमारा लक्ष्य होना चाहिए। उन्होंने सुरक्षा के महत्व के बारे में विस्तृत रुप से चर्चा करते हुए कहा कि सभी कर्मियों को कार्य प्रारम्भ करने के पूर्व सुरक्षा नियमों का अनुपालन सुनिश्चित करना चाहिए, सुरक्षा से संबन्धित छोटी सी भूल भयानक दुर्घटना का कारण बन सकती है।

Advertisement (विज्ञापन)

मुख्य अतिथि ने सुरक्षा नियमों का पालन करने हेतु सभी को प्रेरित किया तथा प्रतिबद्धता दोहराई। अन्त में कहा कि यदि कोई भी कर्मी असुरक्षित तरीके से कार्य कर रहा हो तो हमारी नैतिक जिम्मेदारी बनती है कि हम उसे समझायें कि वह सुरक्षित तरीके से कार्य करे। इसके पूर्व मेंटेनेंस हेड संजय कुमार सिंह ने भी उपस्थित सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों का आभार ब्यक्त करते हुए कहा कि लापरवाही व मनमानी दुर्घटना के मुख्य कारण है। हमें कार्य शुरु करने के पूर्व सुरक्षा के प्रति सुनिश्चित होकर ही कार्य करना चाहिए। संस्थान का मुख्य उद्देश्य है कि उच्च गुणवत्ता, सुरक्षा, स्वस्थ्य वातावरण के उन्नयन के प्रति कार्य करना है।

Advertisement (विज्ञापन)

कार्यक्रम समापन के पूर्व जागरुकता हेतु सुरक्षा रथ को मुख्य अतिथि ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। कार्यक्रम का संचालन व समापन हेड सुरक्षा अरविन्द सिंह ने किया। कार्यक्रम को सफल बनाने में दिवाकर विश्वकर्मा, गोपाल मुखर्जी एवं टीम का सराहनीय सहयोग रहा। समारोह में मुख्य रुप से सुदिप्ता नायक, परेश ढोले, कर्नल जसपीन्दर सिंह मुन्डी, मनु अरोरा, मनीष सिंह, समीर आनंद, हितेन्द्र झा सहित सभी विभागों के विभागाध्यक्ष के अलावा मान्यताप्राप्त श्रमिक संगठनों के पदाधिकारी सहित तमाम श्रमिक गण मौजूद रहे।

  • Advertisement

दहेज हत्या: दोषी पति-सास को 10-10 वर्ष की कैद

HIGHLIGHTS

  • 15-15 हजार रुपये अर्थदंड, न देने पर 6-6 माह की अतिरिक्त कैद

सोनभद्र। साढ़े तीन वर्ष पूर्व हुए आकांक्षा हत्याकांड के मामले में अपर सत्र न्यायाधीश कोर्ट नम्बर-3 सोनभद्र निहारिका चौहान की अदालत ने शुक्रवार को सुनवाई करते हुए दोषसिद्ध पाकर दोषी पति विक्रम सिंह व सास किरण सिंह को 10-10 वर्ष की कैद एवं 15-15 हजार रुपये अर्थदंड की सजा सुनाई। अर्थदंड न देने पर 6-6 माह की अतिरिक्त कैद भुगतनी होगी।

Advertisement (विज्ञापन)

अभियोजन पक्ष के मुताबिक वाराणसी जिले के लंका थाना क्षेत्र के शिवजी नगर कालोनी छितुपुर निवासी चन्द्रहास सिंह पुत्र स्व. रामयश सिंह ने 30 सितंबर 2018 को राबर्ट्सगंज कोतवाली में दी तहरीर में अवगत कराया था कि उसकी बेटी आकांक्षा सिंह की शादी 5 दिसंबर 2015 को जौनपुर जिला के शाहगंज थाना क्षेत्र के छताईपुर गांव निवासी विक्रम सिंह पुत्र स्व. चंद्रप्रताप सिंह के साथ हिन्दू रीति-रिवाज से हुई थी। दूसरे दिन 6 दिसंबर 2015 को विदा होकर अपनी ससुराल गई। जहां पर दहेज में 15 लाख रुपये की मांग को लेकर बेटी को पति, सास समेत अन्य लोग प्रताड़ित करने लगे। जब बेटी ने बताया तो समझाने का बहुत प्रयास किया गया, लेकिन ससुराल वाले नहीं माने। बल्कि बेटी को खाना भी नहीं देते थे और दामाद द्वारा यह भी धमकी दी गई थी की हत्या करके दूसरी शादी कर लेंगे। इसी बीच सूचना मिली कि बेटी आकांक्षा की हत्या कर दी गई है।

Advertisement (विज्ञापन)

जिससे पूर्ण विश्वास है कि पति, सास व अन्य लोगों ने बेटी की हत्या की है। इस तहरीर पर राबर्ट्सगंज कोतवाली पुलिस ने विक्रम सिंह एवं किरण सिंह के विरुद्ध दहेज हत्या की एफआईआर दर्ज किया था। पर्याप्त सबूत मिलने पर विवेचक ने न्यायालय में पति व सास के विरुद्ध चार्जशीट दाखिल किया था। मामले की सुनवाई करते हुए अदालत ने दोनों पक्षों के अधिवक्ताओं के तर्कों को सुनने, गवाहों के बयान एवं पत्रावली का अवलोकन करने पर दोषसिद्ध पाकर दोषी पति विक्रम सिंह व सास किरण सिंह को 10-10 वर्ष की कैद एवं 15-15 हजार रुपये अर्थदंड की सजा सुनाई। अर्थदंड न देने पर 6-6 माह की अतिरिक्त कैद भुगतनी होगी। अभियोजन पक्ष की ओर से सरकारी वकील विनोद पाठक ने बहस की।

  • Advertisement
Design a site like this with WordPress.com
प्रारंभ करें