HIGHLIGHTS
- परिवहन विभाग में भ्रष्टाचार और मनमानी वसूली का बोलबाला, भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष ने एआरटीओ कार्यालय पहुंचकर जताया कड़ा विरोध

सोनभद्र। जनपद का परिवहन विभाग एक बार फिर अपनी विवादित कार्यप्रणाली को लेकर सुर्खियों में है। वाहन पंजीकरण से लेकर ड्राइविंग लाइसेंस (DL) बनवाने तक में बड़े पैमाने पर अनियमितता और अवैध वसूली के आरोप लग रहे हैं, जिससे आम जनता त्रस्त है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मंशा के अनुरूप ड्राइविंग लाइसेंस प्रक्रिया में पारदर्शिता लाने के लिए टेस्ट ड्राइव को अनिवार्य किया गया था, ताकि योग्य चालकों को ही लाइसेंस मिले।
लेकिन सोनभद्र में पीपीपी मॉडल पर संचालित एटीएस सेंटर, मोटर ट्रेनिंग स्कूल और वाहन फिटनेस जांच प्रक्रिया भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ती नजर आ रही है।

क्षेत्र भ्रमण के दौरान मिल रही निरंतर शिकायतों का संज्ञान लेते हुए भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष धर्मवीर तिवारी सोमवार को अचानक एआरटीओ कार्यालय पहुंचे। उन्होंने एआरटीओ से मुलाकात कर विभागीय कार्यशैली पर तीखे सवाल दागे और कार्यालय में व्याप्त धन उगाही के खेल को बंद करने की चेतावनी दी।

श्री तिवारी ने दो टूक शब्दों में कहा कि एआरटीओ कार्यालय में शासन की मंशा के विपरीत कार्य कर सरकार की छवि धूमिल करने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि बिना रिश्वत के यहाँ कोई काम होना नामुमकिन हो गया है, चाहे वह नया लाइसेंस बनवाना हो या विभाग से संबंधित अन्य कोई कार्य।

पूर्व जिलाध्यक्ष ने खुलासा किया कि ड्राइविंग लाइसेंस के नाम पर ट्रेनिंग सेंटरों द्वारा खुलेआम अवैध वसूली की जा रही है और शिकायत के बावजूद कोई अधिकारी सुनने को तैयार नहीं है। दूर-दराज से आने वाले आवेदकों को जानबूझकर बार-बार दौड़ाया जाता है ताकि वे परेशान होकर दलालों और भ्रष्ट तंत्र के आगे घुटने टेक दें और घूस देने पर मजबूर हो जाएं।

उन्होंने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि ड्राइविंग टेस्ट पास होने के बाद भी सर्टिफिकेट जारी करने और आरटीओ द्वारा अप्रूवल देने के नाम पर मोटी रकम वसूली जा रही है, और यह सब अधिकारियों के कथित संरक्षण में फल-फूल रहा है।

भ्रष्टाचार का आलम यह है कि कई वाहन एजेंसियों के लगभग 500 पंजीकरण बीते छह माह से लंबित पड़े हैं। इतना ही नहीं, फिटनेस जांच के नाम पर भी बड़ा खेल चल रहा है। यदि कोई वाहन स्वामी स्वयं का रिफ्लेक्टर लेकर कार्यालय जाता है, तो उसे अमान्य कर दिया जाता है और फिटनेस सेंटर से ऊंचे दामों पर रिफ्लेक्टर खरीदने का दबाव बनाया जाता है।

धर्मवीर तिवारी ने इस पूरे प्रकरण की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच कर दोषी अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि समय रहते सुधार नहीं हुआ तो सरकारी तंत्र से जनता का विश्वास उठ जाएगा। इस दौरान उनके साथ सत्येंद्र आर्य, लालू प्रजापति, आनंद मिश्रा, योगेश सिंह और आशु विश्वकर्मा समेत अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।

































