HIGHLIGHTS
- उद्योग बंधु की बैठक में व्यापार मंडल ने लघु उद्यमियों के लिए औद्योगिक क्षेत्र और नगर की जलजमाव समस्या को लेकर उठाई आवाज

सोनभद्र। जिला मुख्यालय स्थित कलेक्ट्रेट सभागार में जिला स्तरीय उद्योग बंधु की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसकी अध्यक्षता जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने की। बैठक में उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल सोनभद्र के जिला अध्यक्ष राजेश गुप्ता ने जनपद के उद्यमियों और व्यापारियों की विभिन्न गंभीर समस्याओं व कठिनाइयों से जिलाधिकारी को विस्तार से अवगत कराया।

राजेश गुप्ता ने प्रमुखता से बात रखते हुए कहा कि व्यापार मंडल पिछले लगभग तीन वर्षों से जनपद में छोटे उद्योगों के विकास के लिए एक समर्पित औद्योगिक क्षेत्र बनाए जाने की मांग लगातार करता आ रहा है। उन्होंने ध्यानाकर्षण कराते हुए कहा कि सोनभद्र में बड़े कारखानों और औद्योगिक घरानों को तो आसानी से जमीनें मिल जा रही हैं,
लेकिन छोटे व मध्यम स्तर के स्थानीय उद्यमियों की अनदेखी हो रही है। उन्होंने मांग की कि लघु उद्यमियों के लिए भी एक विशेष औद्योगिक क्षेत्र विकसित कर उन्हें स्थान आवंटित किया जाए, जिससे जनपद के स्थानीय युवाओं को बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर मिल सकें और पलायन पर रोक लगे।
व्यापार मंडल के जिला अध्यक्ष ने इसके साथ ही जिला मुख्यालय रॉबर्ट्सगंज नगर की एक बड़ी बुनियादी समस्या को उठाते हुए कहा कि सीएनडीएस संस्था द्वारा नगर में नालियों का निर्माण तो करा दिया गया है,


लेकिन सड़क के पानी को नालियों में जाने के लिए सही व्यवस्था व कट्स नहीं बनाए गए हैं। इसके कारण आगामी मानसून और बरसात के दिनों में पूरे नगर को भारी जलजमाव और कीचड़ का सामना करना पड़ेगा, जिससे राहगीरों और दुकानदारों को भारी नुकसान उठाना पड़ सकता है। उन्होंने बैंकों की मनमानी का मुद्दा उठाते हुए कहा कि मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना के लाभार्थियों को बैंकों के चक्कर काटने के बाद भी ऋण का लाभ नहीं दिया जा रहा है।

इसके विपरीत, बैंकों द्वारा छोटे लोन आवेदकों का मानसिक उत्पीड़न और शोषण किया जा रहा है, जिससे सरकार की जनकल्याणकारी स्वरोजगार योजनाएं दम तोड़ रही हैं। बैठक के दौरान पर्यटन विभाग की शिथिलता पर भी सवाल उठाए गए। व्यापारियों ने मांग की कि पर्यटन अधिकारी जनपद के सभी होटल व्यवसायियों के लंबे समय से लंबित पड़े हुए लाइसेंसों को तत्काल प्रभाव से जारी करें ताकि वे बिना किसी प्रशासनिक व्यवधान के अपना व्यवसाय संचालित कर सकें।

राजेश गुप्ता ने केंद्र व राज्य सरकार की ‘वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट’ (ओडीओपी) और ‘वन डिस्ट्रिक्ट वन फूड’ योजना के अंतर्गत सोनभद्र के चयन पर एक महत्वपूर्ण सुझाव देते हुए कहा कि वर्तमान में फूड कैटेगरी में जनपद का चयन गुलाब जामुन के लिए हुआ है, जबकि इसकी जगह यदि सोनभद्र की प्रसिद्ध ‘गुड़ की जलेबी और समोसा’ का चयन किया जाए,

तो इससे स्थानीय स्तर पर काम करने वाले सैकड़ों छोटे हलवाइयों और व्यापारियों को सीधा आर्थिक लाभ मिलेगा और सोनभद्र के पारंपरिक स्वाद को राष्ट्रीय स्तर पर एक नई पहचान मिल सकेगी। इस महत्वपूर्ण बैठक में मुख्य रूप से जिला वरिष्ठ उपाध्यक्ष संदीप सिंह चंदेल, जिला महामंत्री राजेश बंसल, जिला कोषाध्यक्ष अजीत जायसवाल, जिला उपाध्यक्ष प्रकाश केशरी, नगर अध्यक्ष आनंद जायसवाल और किराना अध्यक्ष श्यामलाल केशरी सहित भारी संख्या में संगठन के पदाधिकारी व व्यापारी उपस्थित रहे।

































