कहीं एनडीए को भुगतना ना पड़े सोनांचल वासियों का दर्द

• 2022 के चुनाव में प्रगति पत्र देखेंगे मतदाता।

• गड्ढा युक्त सड़कें, दवाई पढ़ाई और महंगाई रहेगा मुद्दा।

मिथिलेश प्रसाद द्विवेदी

सोनभद्र। याद नहीं आ रही किसी भी राजनीतिक दल की सोनभद्र में ऐसी हैसियत जो इस समय एनडीए की हैं । कोई ऐसा महत्वपूर्ण पद नही बचा है जिसके लिए मतदाताओं ने सर आंखों पे
बैठा कर निर्वाचित न किया हो । किसी भी राजनीतिक दल के लिए किसी भी जनपद में जो भी कल्पना की जा सकती है या कोई
सपना देख सकता है , वह सब एनडीए के प्रमुख घटक बीजेपी का छप्पर फाड़ के जनता जनार्दन ने पूरा कर दिया है ।
स्नातक निर्वाचन वाराणसी से चुनाव हारने के बाद भी एनडीए के कुल 24 जनप्रतिनिधि हर महत्वपूर्ण पद पर सुशोभित हैं । इस क्षेत्र को पीएम और सीएम
भी देख चुके हैं । सौभाग्य ही कहिए कि महामहिम राष्ट्रपति जी भी जिले से परिचित हो चुके हैं ।
केंद्रीय मंत्री सरदार हरदीप सिंह पूरी इस जनपद पर कृपा दृष्टि रखते हैं । रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह का यह क्षेत्र कर्मभूमि रहा है । प्रदेश के उप मुख्यमंत्री दिनेश शर्मा का
रॉबर्ट्सगंज के इमरती कालोनी में निकट के रिश्ते हैं । राज्य सभा के लिए राष्ट्रपति ने राम सकल जी को सदस्य मनोनीत किया है ।

त्रिस्तरीय पंचायत
जनपद के सभी 10 ब्लाकों में एनडीए के ब्लॉक प्रमुख हैं। जिला पंचायत अध्यक्ष अपनादल (यस) की राधिका पटेल हैं ।

नगरपालिका परिषद
जनपद की एक मात्र नगरपालिका परिषद के अध्यक्ष वीरेंद्र कुमार जायसवाल बीजेपी
के ही हैं । नगर पंचायतों में भी पार्टी का दबदबा है । कुल 629 ग्राम पंचायतों में से अधिकांश में सत्ता पक्ष के ही समर्थक हैं ।

विधान सभा
रॉबर्ट्सगंज विधानसभा क्षेत्र से भूपेश चौबे , घोरावल से डॉ अनिल कुमार मौर्य और ओबरा से संजीव गोंड़ बीजेपी से और दुद्धी विधानसभा क्षेत्र से हरिराम चेरो अपनादल (यस ) से विधायक हैं ।

लोकसभा
रॉबर्ट्सगंज लोकसभा क्षेत्र से अपनादल (यस) से पकौड़ी कोल सांसद हैं और रामसकल बीजेपी से राज्य सभा सदस्य हैं ।

उपनेता
बीजेपी के वरिष्ठ प्रदेश उपाध्यक्ष लक्ष्मण आचार्य विधान परिषद में उपनेता हैं ।

प्रदेश स्तर पर
यादवेंद्र पटेल बीजेपी यूथ विंग के प्रदेश महामंत्री हैं । लोढ़ी के निवासी श्री पटेल वरिष्ठ भाजपा नेता है ।
बीजेपी अल्पसंख्यक मोर्चा के प्रदेश महामंत्री ओबरा के निवासी स्मृति शेष बसीर बेग के सुपुत्र दारा शिकोह
जी हैं । प्रशन्न पटेल कसया के किसान मोर्च बीजेपी के राष्ट्रीय सचिव हैं ।

ए भी दिग्गज
दुद्धी के नरेश पासवान अनुसूचित जाति आयोग के उपाध्यक्ष है । श्रवण पासवान
वन्य जीव आयोग के सदस्य
हैं । डॉ धर्मवीर तिवारी और केसी जैन साडा के सदस्य हैं। प्रदेश कार्यकारिणी में नागेश्वर पाण्डेय हैं । इनके अतिरिक्त रमेश मिश्रा, चांद प्रकाश जैन, गोविंद यादव, अजीत रावत समेत कई अन्य काशी क्षेत्र के क्षेत्रीय पदाधिकारी एनडीए के ही नेता है।

रिपोर्टकार्ड पूछेगी जनता
2022 का विधानसभा चुनाव अब निकट है । मतदाता रिपोर्ट कार्ड तलाश रही है । सदर विधायक भूपेश चौबे के नारे को लोग याद कर रहे है ।
‘गिट्टी – बालू सस्ती होगी , सभी के घर पक्के होंगे ‘। घोरावल क्षेत्र में
लोग पूर्व विधायक इंजीनियर रमेश चन्द्र द्विवेदी
से वर्तमान विधायक डॉ अनिल कुमार मौर्य की
तुलना कर रहे है ।

उम्मीद थी
लोगों को उम्मीद थी कि जिला मुख्यालय समेत ग्रामीण क्षेत्र में बिजली कटौती से मुक्ति मिलेगी ।
गिट्टी बालू सस्ती हो जाएगी ।
जिला अस्पताल में हर प्रकार की आधुनिक चिकित्सा सुविधा हो जाएगी । भ्रष्टाचार समाप्त हो जाएगा । किसानों को धान गेंहू बेचने में परेशानी नही होगी । सिंचाई – पेयजल की बहाली हो जाएगी । स्थानीय कल कारखानों में नौकरी मिलने में आसानी हो जाएगी । अधिकारी सुनवाई करेंगे । काम कराने में सुविधा हो जाएगी । लेकिन आज यह कहने में तनिक भी गुरेज नहीं सोनांचल की दशा दिशा में कोई सुधार नहीं हुआ। सोनभद्र मुख्यालय हो अथवा औद्योगिक दक्षिणांचल कहीं भी कोई सुधार नहीं हुआ चारों तरफ गड्ढा युक्त सड़कों पर हिचकोले लगाते यात्रा करने को रहवासी विवश हैं। इसी तरह शिक्षा, चिकित्सा, सिंचाई जैसी मूलभूत सुविधाओं से भी यहां के लोगों को दो- चार होना पड़ रहा है। ऐसे में एनडीए अपने माथे पर डिठौना नहीं लगाएगी तो आगामी चुनाव में मतदाताओं की नजर लग जाएगी और उन्हें इसका खामियाजा भुगतना पड़ सकता है।

ब्रह्म बाबा के दर्शन से होती है मनोकामना पूर्ण

हर्षवर्धन केसरवानी (संवाददाता)

रॉबर्ट्सगंज (सोनभद्र): प्रत्येक मांगलिक कार्यों में नगर के कोतवाल कहे जाने वाले ब्रह्म बाबा का दर्शन एवं उनकी अनुमति से ही सारे कार्य किए जाने की प्रथा प्राचीन काल से चली आ रही है।
विवाह का प्रथम निमंत्रण, बारात जाते समय दूल्हे द्वारा बाबा का दर्शन, विवाह के पश्चात वर-वधू द्वारा बाबा के आशीर्वाद के लिए मंदिर आना आदि नगर की लोक परंपरा है।
मंदिर के पुजारी प्रशांत शुक्ला के अनुसार-“यह मंदिर प्राचीन है और ब्रिटिश काल में एक कसाई गाय को काटने के लिए ले जा रहा था, श्री रूद्र मणि देव पांडे बरेला का मेला देखने जा रहे थे।
जब उन्होंने कसाई के हाथों में असहाय गाय की सीकड देखी और उसकी मनसा भागते हुए उन्होंने गाय को छोड़ देने के लिए कहा लेकिन कसाई ने उनकी बात नहीं मानी और मारपीट पर उतारू हो गया अंत में उसने अपने हाथ में लिए हुए हथियार से पंडित जी की हत्या कर दिया गाली देते हुए गाय को लेकर चला गया।
इसके पश्चात रूद्र मणि देव पांडे उसी स्थान पर ब्रह्मा बाबा के रूप में स्थापित किए गए और वहां पर एक चौरा का निर्माण स्थानीय लोगों ने करा करा दिया।

इतिहासकार दीपक कुमार केसरवानी के अनुसार-“मिर्जापुर जनपद की स्थापना 1830 में हुई थी, 1846 में रॉबर्ट्सगंज नगर की स्थापना मिर्जापुर के डिप्टी कलेक्टर डब्ल्यूबी रॉबर्ट्स ने किया था, उस समय शाहगंज में कुसाचा तहसील का संचालन हुआ करता था, लेकिन बरसात के दिनों में धान के खेतों एवं बेलन नदी पर पुल न होने के कारण मिर्जापुर के दक्षिणांचल का प्रशासनिक कार्य ठप पड़ जाता था, जिससे आम जनता को परेशानी का सामना करना पड़ता था। इस समस्या के निदान के लिए अदलगंज के मुखिया भूरालाल केसरवानी ने जिला कलेक्टर मिर्जापुर को पत्र लिखकर इस समस्या से अवगत कराया,तत्पश्चात जिला कलेक्टर द्वारा डिप्टी कलेक्टर रॉबर्ट्स को क्षेत्र में सर्वेक्षण के लिए भेजा गया था कि तहसील मुख्यालय कहां पर निर्मित हो? सर्वेक्षण के पश्चात टांड डौर का चयन किया गया, कछुए के कवच की तरह एक ऐसा स्थान जहां पर पानी जमा न होने पाए, ऐसे स्थल पर तहसील भवन का निर्माण कार्य शुरू हुआ।”
स्थानीय बुजुर्ग गुलाबी देवी बताती हैं कि-तहसील का दीवार खड़ा किया जा रहा था लेकिन दिन में दीवार बनाया जाता और रात को गिर जाता था, ऐसा हफ्तों तक चलता रहा ठेकेदार के समझ में नहीं आ रहा था कि आखिर यह होता कैसे है एक दिन खुद वह रात को पहरा देने बैठा और जैसे उसकी आंख लगी दीवार अपने आप गिर गई।
रात को ब्रह्म बाबा ने सपना दिया कि वहां पर मेरे मंदिर का निर्माण कराओ, दूसरे दिन ठेकेदार ने बाबा के आदेशों का पालन करते हुए वहां पर मंदिर का निर्माण कार्य शुरू करा दिया मंदिर निर्माण के पश्चात तहसील की दीवार बनाई जाने लगी और पूरी तहसील की इमारत बन कर तैयार हो गई।
स्थानीय किदवती के अनुसार-“कई लोगों ने ब्रह्म बाबा का साक्षात दर्शन किया है और उनके क्रोध को भी झेला है।”
ब्रह्म बाबा मंदिर जीर्णोद्धार समिति द्वारा मंदिर का जीर्णोद्धार कर उसे भव्यता प्रदान कर दी गई है। नगर के कोतवाल के रूप में नगर वासियों की रक्षा करने वाले ब्रह्मा बाबा की महिमा का गुणगान करते हुए लोग नहीं थकते।
उपरोक्त तथ्यों में कितनी सच्चाई है यह तो नहीं कहा जा सकता, लेकिन आज के वर्तमान परिवेश में भी ब्रह्म बाबा की महिमा बरकरार है और सभी मांगलिक कार्यों में उनका दर्शन, पूजन, अर्चन और विवाह के पूर्व उन्हें आमंत्रित करना नगर वासियों के आस्था और श्रद्धा का प्रतीक है जो आज भी जारी है और भविष्य में भी जारी रहेगा।

मनोज तिवारी ने किया शिवद्वारधाम में दर्शन-पूजन

• खनदेउर गांव में आयोजित कार्यक्रम में मनोज तिवारी ने सुनाया मंत्रमुग्ध कर देने वाले भजन

• मनोज तिवारी ने घोरावल विधानसभा के विकास कार्य के लिए 25 लाख रुपये देने की कही बात।

संस्कृति लाइव संवाददाता,घोरावल (सोनभद्र): गुप्तकाशी की धरती पर भोजपुरी फिल्मों के प्रसिद्ध अभिनेता, गायक, भाजपा दिल्ली के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष व सांसद मनोज तिवारी का सोमवार को जनपद सोनभद्र में आगमन हुआ। उनके आगमन पर बीजेपी के पदाधिकारियों एवम कार्यकर्ताओ ने जनपद मे भव्य स्वागत किया। मनोज तिवारी ने सर्व प्रथम घोरावल स्थित शिवद्वार धाम में दर्शन पूजन कर शिवद्वार धाम में विराजमान उमामहेश्वर से आशीर्वाद प्राप्त किया।

दर्शन-पूजन के बाद सांसद मनोज तिवारी घोरावल विधायक डॉ. अनिल कुमार मौर्य के नेतृत्व खनदेउर गांव में आयोजित कार्यक्रम में पहुंचे वहा पर उन्होंने अपने पूरी टीम के साथ वाद्ययंत्रों पर सस्वर अनेक भजन व अपने फिल्मी गीत सुना कर वहा पर उपस्थित लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
इस अवसर पर भारतीय जनता पार्टी के कद्दावर नेता मनोज तिवारी ने कहा कि-“ यहाँ के सांसद पकौड़ी लाल कोल से शिवद्वार महोत्सव महोत्सव की चर्चा करेंगे और अपने बजट से घोरावल विधानसभा के विकास पर 25 लाख रुपया देंगे।
आयोजित कार्यक्रम में भारतीय जनता पार्टी के जिलाध्यक्ष अजीत चौबे ने आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर मंचासीन अतिथियो में जिला पंचायत अध्यक्ष राधिका पटेल, विधायक राहुल कोल, पूर्व सांसद छोटे लाल खरवार, दीपक पटेल, अमरनाथ पटेल, कैलाश सिंह, लालजी तिवारी सहित आदि रहे तो वही कार्यक्रम मे बीजेपी के कार्यकर्ता व जनता जनार्दन की भारी संख्या देखने को मिली।

मनोज तिवारी को राष्ट्रीय ब्राह्मण युवजन ने किया सम्मानित


राम अनुज धर द्विवेदी (संवाददाता)

घोरावल,सोनभद्र। भारतीय जनता पार्टी दिल्ली के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद मनोज तिवारी का सोमवार को जनपद सोनभद्र में एक दिवसीय दौरा हुआ। इस दौरान सदर विधायक,भाजपा जिलाध्यक्ष व पार्टी के कार्यकर्ताओं ने हिन्दुवारी मोड़ पर भव्य स्वागत किया। उसके बाद रॉबर्ट्सगंज से लेकर शिवद्वार के बीच क‌ई जगहों पर कार्यकर्ताओं द्वारा मनोज तिवारी का स्वागत किया गया। इसी कड़ी में श्री तिवारी को राष्ट्रीय ब्राह्मण युवजन सभा के पदाधिकारियों द्वारा माल्यार्पण कर पुष्पगुच्छ, भगवान परशुराम का स्मृति चिन्ह एव अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर राष्ट्रीय ब्राह्मण युवजन सभा के प्रदेश संगठन मंत्री पाण्डेय जी, प्रदेश महामंत्री कोमल पाण्डेय, प्रदेश मंत्री सिंदु शुक्ला, नेहा पाण्डेय, छेत्रीय महामंत्री सर्वेश पाठक, जिला महामंत्री राजन दुबे सहित आदि लोग उपस्थित रहे।

किसानों के भारत बंद का वकीलों ने किया समर्थन

हर्षवर्धन केसरवानी (संवाददाता)

सोनभद्र। अन्नदाताओं के भारत बंद के आह्वान पर सोमवार को वकीलों ने राबर्ट्सगंज कचहरी परिसर में जमकर विरोध-प्रदर्शन किया। साथ ही न्यायिक कार्य का बहिष्कार किया। जिसकी वजह से कोर्ट का कामकाज प्रभावित रहा और वादकारी भी परेशान रहे।
सोनभद्र बार एसोसिएशन के अध्यक्ष चन्द्र प्रकाश द्विवेदी एडवोकेट ने वकीलों को संबोधित करते हुए कहा कि हम अधिवक्ता होने के साथ ही साथ एक किसान भी हैं। इसलिए हमारा दायित्व बनता है कि किसान जो देश का अन्नदाता है उसके जायज मांगों के लिए एक दिन के लिए भारत बंद का पूरे जोरों शोरों से समर्थन किया जाए।

वहीं एसबीए के पूर्व अध्यक्ष भोला सिंह यादव एवं पूर्व अध्यक्ष अमरनाथ मिश्रा एडवोकेट ने कहा कि वकील के साथ ही किसान होने के नाते जायज मांगों के लिए समर्थन जरूरी था। वरिष्ठ अधिवक्ता रमेश देव पांडेय ने कहा कि जब-जब कोई आंदोलन हुआ है और उसमें अधिवक्ताओं का समर्थन रहा है तो सफलता जरूर मिलती है व एसबीए महामंत्री सत्यदेव पांडेय एडवोकेट ने अपना विचार व्यक्त करते हुए कहा कि किसानों की जायज मांगें सरकार को माननी पड़ेगी। किसानों की जायज मांगों का समर्थन करने वालों में सुधाकर मिश्र, जगजीवन सिंह, हीरालाल पटेल, गोविंद मिश्र, कमलेश पांडेय, महेंद्र सिंह, आनन्द ओझा सहित आदि अधिवक्ता गण शामिल रहे।

योगी मंत्रिमंडल में शामिल हुए 7 नए चेहरे


लखनऊ: उत्तर प्रदेश की योगी सरकार की कैबिनेट का विस्तार रविवार को राजभवन में हुआ। यूपीए सरकार में मंत्री रहे जितिन प्रसाद, पलटू राम समेत सात चेहरों ने मंत्री पद की शपथ ली है। अगले साल की शुरुआत में होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले यह वर्तमान योगी सरकार का अंतिम कैबिनेट विस्तार माना जा रहा है। उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल के गुजरात से लखनऊ लौटने के बाद रविवार दोपहर को कैबिनेट विस्तार के बारे में जानकारी दी गई। लंबे समय से योगी सरकार के कैबिनेट विस्तार के बारे में कयास लगाए जा रहे थे, जिस पर आज विराम लग गया। कैबिनेट विस्तार में सात चेहरों ने मंत्री पद की शपथ ली है। जिसमें जितिन प्रसाद, संगीता बिंद, छत्रपाल गंगवार, पलटू राम, दिनेश खटीक, संजीव कुमार गोंड और धर्मवीर प्रजापति का नाम शामिल है।

सोनभद्र जिला फुटबॉल चैंपियनशिप का हुआ भव्य शुभारम्भ

• मैच का शुभारम्भ ओबरा नगर पंचायत अध्यक्ष प्राण मति देवी के द्वारा हुआ।

• फुटबॉल मैच ओबरा और रेणुकूट के बीच खेला गया जिसमें रेणुकूट की टीम विजेता बनी।

श्याम जी पाठक / अजित सिंह

ओबरा,सोनभद्र। सोनभद्र ओबरा जिला फुटबॉल एसोसिएशन के सौजन्य से जिला फुटबॉल चैंपियनशिप का भव्य उद्घघाटन रविवार हुआ। मैच रेणुकूट बनाम गांधी मैदान ओबरा के बीच खेला गया। जिसमें खिलाड़ियों ने बहुत ही अच्छा प्रदर्शन किया। आयोजित फुटबाल मैच में दोनों टीमों के बीच करारी टक्कर हुई अंत में ओबरा गांधी मैदान टीम को 4-0 से हराकर हिंडालको रेणुकूट की टीम विजई हुई। वही इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि ओबरा नगर पंचायत अध्यक्ष प्रानमति देवी रही। उन्हीं के द्वारा कार्यक्रम का शुभारंभ कराया गया।

इस मौके पर विशिष्ट अतिथि के तौर पर एसोसिएशन के अध्यक्ष दलबीर सिंह सामरा, जेएस रायपा, हाजी नूरुद्दीन खान, राज सुशील पासवान, महेंद्र प्रसाद, सुजीत कुमार सिंह, आदि लोग उपस्थित रहे वही मुख्य निर्णायक सलमान खान, जी शेखर, सुजीत कुमार, मुकेश तिवारी, अरविंद कुमार यादव आदि रहे इस कार्यक्रम के अवसर पर एसोसिएशन के पदाधिकारी जयशंकर भारद्वाज श्याम जी पाठक सहित आदि लोग उपस्थित रहे।

श्रीमद्भागवत महापुराण कथा यज्ञ हवन पूजन के साथ हुआ सपन्न


• कथा श्रवण कर पूर्ण के भागी बनें परसौना के धर्म परायण ग्रामीण नर- नारी।

• कथा के आखिरी दिन हवन पूजन कर भंडारे का किया गया आयोजन।

संस्कृति लाइव संवाददाता, करमा (सोनभद्र): क्षेत्र पंचायत करमा के अंतर्गत केकराही के परसौना गाँव के संभ्रांत नागरिक पंडित ओमप्रकाश पाण्डेय के आवास पर गोरखपुर से आए कुलगुरु पंडित दिवाकर राम त्रिपाठी के मार्गनिर्देशन में चल रहे श्रीमद्भागवत महापुराण कथा ज्ञान यज्ञ के समापन पर रविवार गांव गिरांव के लोगों ने कथा का श्रवण कर प्रसाद ग्रहण किया। एक सप्ताह तक चले श्रीमद् भागवत कथा से पूरा गांव धर्म और भारतीय सनातन संस्कृति के वातावरण से आपूरित हो उठा था। कथावाचक विरेन्द्र चौबे एवं उनकी संगीत मंडली के कलाकार अनूप पाण्डेय, राजेश तिवारी, विनय कुमार, जगत चौबे, कमल कुमार के साथ उपस्थित रहे।

अंतिम दिन रविवार को कुल गुरु के द्वारा नित्य की भांति स्थापित देवताओं का आरती पूजन एवम भोग आदि विधि विधान से कराने के बाद कथा को आगे बढ़ाते हुए बताया गया कि- भगवान के मुख से एक गंगा निकली है जो भागवत है, दूसरी गंगा पैर से निकली है जो भागीरथी कहलाई। ऐसे में भगवान के मुख से निकली भागवत कथा सुनकर पूरा गांव कृतार्थ हो गया। अंत में हवनादि कर लोगों ने भण्डारे का प्रसाद ग्रहण किया। इस मौके पर कथा आयोजक वरिष्ठ समाजसेवी ओमप्रकाश पाण्डेय ने कहा कि यह कथा सभी के मन को शुद्ध व शांति तथा मोक्ष प्रदान करने वाली कथा है । जिसे सुनकर सम्पूर्ण क्षेत्र धन्य हो गया। कथा श्रवण करने हेतु समस्त क्षेत्रवासीयो का आगमन कथा स्थल पर हुआ। कथा स्थल पर अरविंद धर द्विवेदी, नंदलाल धर द्विवेदी, हेमनाथ पाठक, राम अनुज धर द्विवेदी, रविन्द्रनाथ, सुरेन्द्रनाथ, गोविन्द प्रसाद पाण्डेय “ध्रुव जी”, राजेश राम पाण्डेय, बृजेश पाण्डेय, तुलसी पाण्डेय, विमल कुमार पाण्डेय, जनार्दन पाण्डेय, तेजबली पाण्डेय, मिन्टू, तारकेश्वरनाथ, अमरनाथ पाण्डेय, रामअवध पाण्डेय, मनोज पाण्डेय के साथ धीरेन्द्र पति तिवारी , कन्हैया विश्वकर्मा ,राजू केशरी सहित आदि लोग उपस्थित रहे।

पौधों की सुरक्षा हेतु लगवाया गया ट्री गार्ड

हर्षवर्धन केसरवानी (संवाददाता)

रॉबर्ट्सगंज (सोनभद्र): जनपद मुख्यालय रॉबर्ट्सगंज के नई बस्ती में प्रकृति विधान चैरिटेबल टेबल ट्रस्ट के अध्यक्ष राजकुमार‌ केसरी के नेतृत्व में पौधारोपण कर पौधों के संरक्षण हेतु ट्री गार्ड लगवाया गया। राजकुमार केसरी ने बताया कि मैं लगभग 2 वर्षों से पेड़- पौधों के संरक्षण हेतु कार्य कर रहा हूं। और लोगों के जन्मदिन और शादी की सालगिरह पर निशुल्क पौधे का वितरण करता हूं। इस दौरान कृष्ण कुमार पांडेय, विभोर वर्मा, गुलजार अहमद, केसरी विश्वकर्मा, गोलू, विनोद सहित आदि लोग मौजूद रहे।

फिट इंडिया फ्रीडम रन रैली का हुआ आयोजन

• कार्यक्रम का आयोजन नेहरू युवा केंद्र सोनभद्र के तत्वावधान में हुआ।

• सदर विधायक भूपेश चौबे ने दिखाई‌ रैली को हरी झंडी।

• एसडीएम कृपा शंकर पांडेय ने प्रतिभागियों को दिया प्रमाण पत्र।

हर्षवर्धन केसरवानी (संवाददाता)

रॉबर्ट्सगंज, सोनभद्र। आजादी के अमृत महोत्सव वर्ष के अंतर्गत नेहरू युवा केंद्र सोनभद्र के तत्वावधान में शनिवार को जिला स्तरीय फ्रीडम रन रैली कार्यक्रम का आरंभ विशिष्ट स्टेडियम तियरा व समापन विंध्य कन्या पीजी कालेज उरमौरा में हुआ।

फ्रीडम रन रैली को सदर विधायक भूपेश चौबे ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
इस दौरान उक्त कार्यक्रम में प्रतिभाग करने वाले युवाओं को सम्बोधित करते हुए सदर विधायक भूपेश चौबे ने कहा कि-“ इस देश को आजादी दिलाने में जिन स्वतंत्रता सेनानियो ने अपने जान की बाजी लगाकर देश को आजादी दिलाई आज उन्हें याद करने एवं युवा पीढ़ी को सीख लेने की जरूरत है। उन्होंने ओलम्पिक में पदक विजेताओं का जिक्र करते हुए खिलाड़ियों को और बेहतर प्रदर्शन हेतु प्रेरित किया। अमृत महोत्सव का आयोजन कराने के लिए उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी को धन्यवाद दिया।

इससे पूर्व नेहरू युवा केंद्र के उप निदेशक अनिल कुमार सिंह ने कार्यक्रम के उद्देश्य पर प्रकाश डाला तथा जिला खेल अधिकारी देवी प्रसाद सिंह ने मुख्य अतिथि का स्वागत करते हुए आजादी के अमृत महोत्सव पर प्रकाश डाला।

वही कार्यक्रम का समापन विंध्य कन्या पीजी कालेज सभागार में हुआ। जिसमें मुख्य अतिथि के रूप में रहे उप जिलाधिकारी कृपा शंकर पांडेय ने दौड़ में भाग लेने वाले युवा खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र वितरित किया।
इस अवसर पर शिक्षाविद एवं किशोर न्याय बोर्ड के सदस्य ओमप्रकाश त्रिपाठी, सहायक निबंधक सहकारी समितियां टीएन सिंह, महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ० अंजलि विक्रम सिंह, महाविद्यालय के प्रबंधक डॉ० अजय सिंह ने अपना- अपना विचार व्यक्त किया।

Create your own website, free on WordPress.com.Create your own website.
Start free