HIGHLIGHTS
- न्यूड फोटो वायरल करने की धमकी देकर साइबर ठगी करने वाले अंतरजनपदीय गैंग का भंडाफोड़, 04 अभियुक्त गिरफ्तार
- सोनभद्र साइबर पुलिस को मिली बड़ी सफलता

सोनभद्र। CBI अधिकारी बन धन उगाही करने का बड़ा खेल सामने आया है जिसमें शातिर अपराधियों द्वारा म्योरपुर की एक महिला का Ai से न्यूड फोटो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी दी जा थी। महिला की शिकायत पर सोनभद्र पुलिस ने साइबर ठगी करने वाले संगठित गैंग का खुलासा करते हुए कुल 04 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पूरे मामले का खुलासा मंगलवार को एडिशनल एसपी अनिल सिंह ने प्रेस वार्ता कर किया।

बतादें कि पुलिस अधीक्षक, सोनभद्र द्वारा साइबर अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के अंतर्गत तथा अपर पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) के दिशा-निर्देशन में साइबर क्राइम पुलिस थाना सोनभद्र को एक बड़ी सफलता प्राप्त हुई है।
प्रकरण में आवेदिका सुषमा गुप्ता पुत्री संजीव गुप्ता, निवासी म्योरपुर, थाना म्योरपुर, सोनभद्र के साथ किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा फोन कर स्वयं को CBI अधिकारी बताते हुए गाली-गलौज, धन की मांग,

पैसा न देने पर जान से मारने की धमकी तथा न्यूड फोटो सोशल मीडिया पर वायरल करने व मोबाइल हैक कर धन की उगाही करने का गंभीर अपराध किया गया था। इस संबंध में थाना म्योरपुर पर मु०अ०सं० 153/2025, धारा 308(5) बीएनएस व 66-E आईटी एक्ट पंजीकृत किया गया था।

महिला संबंधी अपराधों में जीरो टॉलरेंस नीति के तहत पुलिस अधीक्षक द्वारा उक्त प्रकरण की विवेचना साइबर क्राइम पुलिस थाना सोनभद्र को सुपुर्द करते हुए अभियुक्तों के गैंग के अनावरण हेतु निर्देशित किया गया।

उक्त निर्देशों के क्रम में निरीक्षक धीरेन्द्र कुमार चौधरी के नेतृत्व में एक विशेष पुलिस टीम को जनपद कानपुर नगर भेजा गया, जहाँ स्थानीय पुलिस के सहयोग से कानपुर कमिश्नरेट क्षेत्र से साइबर ठगी करने वाले संगठित गैंग का खुलासा करते हुए कुल 04 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया।

पूछताछ में यह तथ्य प्रकाश में आया कि अभियुक्तगण आर्थिक रूप से कमजोर लोगों को लालच देकर उनके नाम पर सिम कार्ड प्राप्त कर उन्हें साइबर अपराध में प्रयुक्त करते थे।

सिम विक्रेता द्वारा अपने पी०ओ०एस० मशीन से वैध-अवैध रूप से सिम एक्टिवेट कर उन्हें साइबर ठगों को सप्लाई किया जाता था। अभियुक्तगण अश्लील वीडियो देखने के नाम पर लोगों को फंसाकर ए० आई० तकनीक से फर्जी न्यूड फोटो तैयार कर धमकी देकर धन उगाह करते थे।

इसके अतिरिक्त ब्लॉक हो चुके नंबरों को गुमशुदगी दर्शाकर पुनः एक्टिवेट कर अपराध में इस्तेमाल किया जाता था अभियुक्तों द्वारा अब तक 100 से अधिक सिम कार्डों का प्रयोग कर देशभर में साइबर ठगी की गई है। जनपद सोनभद्र के भी कई पीड़ितों की जानकारी सामने आई है।































