सोनभद्र। बृहस्पतिवार को जिलाधिकारी टी0के0 शिबू ने कलेक्ट्रेट सभागार में जिला खनिज फाउंडेशन की समीक्षा बैठक की। जिलाधिकारी ने निर्माणाधीन भवनों, सी०सी०रोड, इण्टरलाकिंग आदि कार्यों को निर्धारित समय में पूरा करने के निर्देश सम्बन्धित कार्यदायी संस्थाओं व अधिकारियों को दिया। उन्होंने कहा कि जिला खनिज फाउण्डेशन के धन का सदुपयोग अधिकृत कार्यदायी संस्था द्वारा कराया जायेगा और किसी भी काम का ई टेण्डर अनिवार्य रूप से करने के साथ ही शासन की मंशा के मुताबिक सभी दिशा निर्देशों का अनुपालन सुनिश्चित किया जाय।

इस दौरान जिलाधिकारी ने आवश्यक दिशा निर्देश देते हुए कहा कि जिन कार्यदायी संस्था द्वारा निर्माण कार्य में लापरवाही व शिथिलता बरती जाती है, उनके खिलाफ नियमानुसार कार्यवाही करते हुए ब्लैक लिस्टेट की कार्यवाही भी किया जाय।

इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि “शासन की मंशा के अनुरूप जिला खनिज फाउण्डेशन से स्थानीय आवश्यकताओं को पूरा करने का कार्य किया जाय। पहले जरूरी कामों को, जिसकी स्वीकृति मिल चुकी है, वरियता के आधार पर सुविधाएं मुहैया करायी जाय। शिक्षा व चिकित्सा के क्षेत्र में मुख्य रूप से नागरिकों को सुविधा मुहैया कराने के लिए प्राप्त बजट का उपयोग किया जाय।

जिला खनिज निधि से कराये जाने वाले कार्यों के गुणवत्ता पर विशेष ध्यान रखा जाय, निर्माणाधीन कार्यों में तेजी लाकर परियोजनाओं को पूरा किया जाय। जरूरत के मुताबिक धन जारी करने के साथ ही जिला खनिज निधि अनुभाग को प्रभावी व क्रियाशील करने की भी व्यवस्था की जाय।

“जिलाधिकारी ने कहा कि “लम्बित परियोजनाओं को पूरा करने के लिए समय-सीमा का ध्यान देते हुए गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा किया जाय। सम्पर्क मार्ग, विद्युतीकरण, सौर ऊर्जा, पेयजल, शिक्षा, स्वास्थ्य जैसी मूलभूत सुविधाओं को जरूरत के मुताबिक शामिल किया जाय। उन्होंने कहा कि हमारा लक्ष्य है कि जनपद में ज्यादा से ज्यादा लोगों को रोजगार मुहैया कराने के साथ ही जरूरी कामों को जिला खनिज निधि में शामिल किया जाय।” बैठक में अपर जिलाधिकारी राकेश कुमार सिंह, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ० नेम सिंह, जिला खनन अधिकारी, निर्माण एजेन्सियों के अधिकारीगण सहित अन्य सम्बन्धितगण उपस्थित रहें ।





