HIGHLIGHTS
- ओवरलोडिंग के खेल में दबंगई दिखाने वाले 5 गिरफ्तार, 2 स्कॉर्पियो सीज

सोनभद्र। जनपद में अवैध खनन और ओवरलोडिंग के खिलाफ पुलिस प्रशासन ने अपना शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। रॉबर्ट्सगंज थाना क्षेत्र में सरकारी काम में बाधा डालने, अधिकारियों से अभद्रता करने और धमकी देने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो अलग-अलग प्रकरणों में 5 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई के दौरान घटना में प्रयुक्त 2 स्कॉर्पियो वाहनों को भी सीज कर दिया गया है।
चेकिंग टीम से अभद्रता और धमकी पर 4 गिरफ्तार
पहला मामला 28 मार्च की रात करीब 10 बजे का है। एक सफेद स्कॉर्पियो (UP64AQ4787) में सवार कुछ युवकों ने चेकिंग कर रहे अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ न केवल गाली-गलौज की, बल्कि ओवरलोड वाहनों को जबरन छुड़ाने के लिए उन पर दबाव बनाया।

सूचना मिलते ही रॉबर्ट्सगंज पुलिस ने घेराबंदी कर मौके से जयदेव पाण्डेय, हिमांशु, विकास सिंह और बबलू शुक्ला को गिरफ्तार कर लिया। इनका एक साथी राहुल तिवारी फिलहाल फरार है। पुलिस ने इनके खिलाफ बीएनएस की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया है।

टोल प्लाजा पर हंगामा करने वाला वाहन स्वामी भी धराया
दूसरी घटना लोढ़ी टोल प्लाजा के पास हुई। रात करीब 11:15 बजे उपखनिज लदे एक ट्रक की चेकिंग के दौरान वह ओवरलोड पाया गया। सूचना मिलते ही वाहन स्वामी विनोद कुमार सिंह अपनी स्कॉर्पियो (UP64AS2100) से मौके पर पहुँचा और खनन विभाग की टीम के साथ बदसलूकी शुरू कर दी।

सरकारी कार्य में बाधा डालने के आरोप में पुलिस ने विनोद कुमार सिंह को गिरफ्तार कर उसकी गाड़ी सीज कर दी है।

पुलिस का सख्त संदेश
पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में हुई इस कार्रवाई के बाद विभाग ने स्पष्ट चेतावनी दी है। क्षेत्राधिकारी नगर रणधीर मिश्रा के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक रामस्वरुप वर्मा की टीम ने यह सफलता हासिल की।

> “सरकारी कार्य में बाधा डालने या अवैध परिवहन को बढ़ावा देने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। वर्दीधारियों और ड्यूटी पर तैनात कर्मचारियों के साथ अभद्रता करने वालों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।” — सोनभद्र पुलिस

































