HIGHLIGHTS
- यूपी बोर्ड की परीक्षा खत्म, अब मूल्यांकन की तैयारी
सोनभद्र। यूपी बोर्ड की परीक्षाओं का बृहस्पतिवार को समापन हो गया। अंतिम दिन दोनों पालियों में इंटर के कृषि व संस्कृत विषय की परीक्षा हुई। इसमें परीक्षार्थियों की संख्या काफी कम रही। देर शाम परीक्षा संपन्न होने के बाद उत्तर पुस्तिकाओं को संकलन केंद्र में जमा कराया गया।

अब विभाग मूल्यांकन की तैयारी में जुट गया है। यूपी बोर्ड की परीक्षाएं 18 फरवरी से शुरू हुई थीं। हाईस्कूल में 27150 छात्र-छात्रा पंजीकृत रहे। वहीं इंटर में 21185 विद्यार्थियों का पंजीकरण था। कुल 80 केंद्रों पर शुरू हुई परीक्षा के दौरान कड़ी निगरानी रखी जाती रही।

10 मार्च को हाईस्कूल की परीक्षा का समापन हो गया। वहीं इंटर की परीक्षा बृहस्पतिवार को संपन्न हुई। अंतिम दिन पहली पाली में कृषि विषय की परीक्षा रॉबर्ट्सगंज के आदर्श इंटर कॉलेज केंद्र पर हुई। परीक्षा में कुल 296 अभ्यर्थी पंजीकृत रहे, जिसमें 294 उपस्थित हुए।

दूसरी पाली में 51 केंद्रों पर इंटर के संस्कृत विषय की परीक्षा में पंजीकृत 927 छात्र-छात्राओं में से 877 ने हिस्सा लिया। डीआईओएस जयराम सिंह ने बताया कि बोर्ड परीक्षा सकुशल और शांतिपूर्ण ढंग से समापन हुआ है। पूरी परीक्षा के दौरान सचल दल सक्रिय रहे।





































