HIGHLIGHTS
- आज सोनभद्र दौरे रहेंगी महामहिम राज्यपाल आनंदीबेन पटेल, करेंगी विकास योजनाओं की समीक्षा
- कलेक्ट्रेट में विकास योजनाओं की समीक्षा करेंगी और विभिन्न जनकल्याण कार्यक्रमों का शुभारंभ करेंगी।

सोनभद्र। आज जिले को एक अहम प्रशासनिक और विकासात्मक कार्यक्रम की सौगात मिलने जा रही है। उत्तर प्रदेश की महामहिम राज्यपाल आनंदीबेन पटेल का जनपद भ्रमण कार्यक्रम निर्धारित है। प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार राज्यपाल महोदया का आगमन पुलिस लाइन चुर्क हेलीपैड पर होगा, जहां जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी उनका स्वागत करेंगे।

राज्यपाल कलेक्ट्रेट परिसर स्थित सरदार वल्लभभाई पटेल वाटिका का लोकार्पण करेंगी। इसके साथ ही वित्तीय समावेशन जागरूकता शिविर का शुभारंभ भी उनके करकमलों से किया जाएगा।

इस शिविर के माध्यम से आमजन, विशेषकर ग्रामीण और वंचित वर्गों को विभिन्न बैंकिंग सेवाओं, बीमा योजनाओं और सामाजिक सुरक्षा कार्यक्रमों की जानकारी दी जाएगी।

र्यक्रम के अगले चरण में राज्यपाल कलेक्ट्रेट सभागार में अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक करेंगी। बैठक में शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं की प्रगति, क्रियान्वयन की स्थिति और जनकल्याणकारी कार्यक्रमों की समीक्षा की जाएगी।


इसके बाद वे जिला पंचायत रिसोर्स सेंटर पहुंचकर विभिन्न विभागों द्वारा लगाई गई प्रदर्शनी का अवलोकन करेंगी। प्रदर्शनी में सरकारी योजनाओं की उपलब्धियों और नवाचारों को प्रदर्शित किया जाएगा।
राज्यपाल एचपीवी टीकाकरण कार्यक्रम में भी सहभागिता करेंगी, जिससे बालिकाओं में स्वास्थ्य जागरूकता को बढ़ावा मिलेगा। इसके अतिरिक्त आदिवासी परिवारों को भूमि पट्टा वितरण, आंगनबाड़ी किट वितरण तथा अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को प्रमाण पत्र प्रदान किए जाएंगे।

राज्यपाल के प्रस्तावित दौरे को लेकर प्रशासनिक तैयारियां अंतिम चरण में हैं। सुरक्षा व्यवस्था से लेकर कार्यक्रम स्थलों की साज-सज्जा तक सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं। जिला प्रशासन ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं, ताकि कार्यक्रम सुव्यवस्थित और सफलतापूर्वक संपन्न हो सके।































