HIGHLIGHTS
- अवैध खनन पर संयुक्त टीम बना करें कार्रवाई: जिलाधिकारी
- अवैध खनन एवं अवैध परिवहन पर प्रभावी रोक लगाने को लेकर जिलाधिकारी बीएन सिंह ने संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ की बैठक

सोनभद्र। थानाध्यक्ष और वन विभाग अपने क्षेत्रों में अवैध खनन पर करे कार्रवाई
सोनभद्र (उत्तर प्रदेश)। जनपद में अवैध खनन एवं अवैध परिवहन पर प्रभावी रोक लगाने के लिए जिलाधिकारी बीएन सिंह ने संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ कलेक्ट्रेट सभागार में समीक्षा बैठक किया। बैठक में खनन विभाग, पुलिस विभाग, वन विभाग एवं परिवहन विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।

जिलाधिकारी ने सम्बन्धित अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि जनपद में अवैध खनन पाए जाने पर संबंधित खनन अधिकारियों की जिम्मेदारी तय की जाएगी। उन्होंने कहा कि इस कार्य में किसी भी प्रकार की शिथिलता या लापरवाही क्षम्य नहीं होगी। अवैध खनन की सूचना मिलने पर तत्काल मौके पर पहुंचकर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।


उन्होंने पुलिस विभाग को निर्देशित करते हुए कहा कि थाना क्षेत्र में नदियों के जल क्षेत्र में विशेष निगरानी रखी जाए। यदि किसी भी स्थान पर अवैध खनन पाया जाता है तो संबंधित थानाध्यक्ष द्वारा कार्यवाही सुनिश्चित की जाये एवं दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाये। वन क्षेत्र में हो रहे अवैध खनन पर वन विभाग द्वारा प्रभावी अभियान चलाकर निरंतर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

जिलाधिकारी ने अवैध परिवहन पर अंकुश लगाने के निर्देश दिए, बिना वैध प्रपत्रों के खनिज परिवहन करने वाले वाहनों पर तत्काल जुर्माना एवं जब्ती की कार्रवाई की जाए, नंबर प्लेट बदलकर परिवहन करने वाले वाहनों के विरुद्ध परिवहन विभाग द्वारा भारी जुर्माना लगाया जाए तथा ऐसे मामलों में प्राथमिकी भी दर्ज कराई जाए।

उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय स्थापित कर संयुक्त रूप से अभियान चलाने के निर्देश दिए, ताकि अवैध खनन एवं परिवहन पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया जा सके। इस दौरान उन्होंने कहाकि जनपद में संचालित आरा मशीनों की जिसके वैध लाईसेंस हैं, वन विभाग द्वारा उपलब्ध करायी जाये और अवैध तरीके से संचालित आरा मशीनों के खिलाफ कार्यवाही की जाये।
इस मौके पर ज्येष्ठ खान खान अधिकारी कमल कश्यप, डीएफओ सोनभद्र, पुलिस क्षेत्राधिकारी रणधीर मिश्रा सहित सम्बन्धित विभाग के अधिकारीगण व कर्मचारीगण उपस्थित रहें



































