HIGHLIGHTS
- मण्डलायुक्त ने जनचौपाल लगा सरकारी योजनाओ की जानी हकीकत

सोनभद्र। जनपद में मण्डलायुक्त विंध्याचल ने सदर विकास खण्ड के ग्राम पंचायत पकरी में जनचौपाल लगाकर ग्रामीण जनता की समस्याओं को सुना और गांव में हुए विकास कार्यों व सरकार के योजनाओं की हकीकत जाना।

मण्डलायुक्त राकेश प्रकाश ने ग्राम पंचायत पकरी में जन चौपाल लगा कर प्रधानमंत्री आवास योजना, मुख्यमंत्री आवास योजना, स्वच्छ भारत मिशन (शौचालय निर्माण) एवं विभिन्न पेंशन योजनाओं के लाभार्थियों से सीधे सवांद किया।

उन्होंने लाभार्थियों से पूछा कि उन्हें आवास, शौचालय एवं पेंशन की धनराशि समय से प्राप्त हो रही है या नहीं तथा किसी प्रकार की समस्या तो नहीं है। ग्रामीणों ने योजनाओं से मिल रहे लाभ के संबंध में जानकारी दी।

जन चौपाल में मण्डलायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि पात्र व्यक्तियों को समयबद्ध एवं पारदर्शी तरीके से लाभान्चित किया जाए तथा किसी भी प्रकार की शिकायत का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। इसके अतिरिक्त ग्राम में जल जीवन मिशन के अंतर्गत पेयजल आपूर्ति तथा विद्युत आपूर्ति की स्थिति की भी समीक्षा की गई।

मण्डलायुक्त ने ग्रामीणों से जलापूर्ति की नियमितता, पाइप लाइन की कार्यस्थिति एवं बिजली आपूर्ति के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं का उद्देश्य अंतिम व्यक्ति तक लाभ पहुंचाना है, जिसके लिए निरंतर निगरानी एवं जनसंवाद आवश्यक है।

इस मौके पर जिलाधिकारी बीएन सिंह, मुख्य विकास अधिकारी जागृति अवस्थी, जिला विकास अधिकारी हेमन्त कुमार सिंह, जिला पंचायत राज अधिकारी नमिता शरण, जिला समाज कल्याण अधिकारी ज्ञानेन्द्र सिंह भदौरिया सहित सम्बन्धित अधिकारीगण एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहें।



































