HIGHLIGHTS
- महाशिवरात्रि पर शिवद्वार धाम की होगी भव्य सजावट, कोलकाता से आएगी टीम

सोनभद्र। शिवद्वार धाम में महाशिवरात्रि इस बार खास होगी। मंदिर और प्रतिमा की सजावट के लिए कोलकाता से टीम बुलाई गई है। पुजारियों के साथ मिर्जापुर से आए कलाकार उमामहेश्वर का शृंगार करेंगे। मंदिर में शुक्रवार को हल्दी और शनिवार को मेंहदी की रस्म निभाई जाएगी। शनिवार की रात भगवान भोलेनाथ और माता पार्वती का वर- वधू के रूप में सजाया जाएगा।

इसके लिए बनारस से विशेष वस्त्र मंगाए गए हैं। गुप्तकाशी के रूप में प्रसिद्ध शिवद्वार धाम में महाशिवरात्रि पर दस दिवसीय मेला लगेगा। इसकी शुरुआत 15 फरवरी से होगी। मंदिर की सजावट और बैरिकेडिंग के लिए श्रीशिव – पार्वती मंदिर सेवा समिति की तरफ से जोर शोर से तैयारियां की जा रही हैं।

मंदिर को फूलों, झालरों व रोशनी से सजाया जाएगा। मंदिर के पुजारी अजय गिरि ने बताया कि महाशिवरात्रि के दिन रविवार को भोर में मंगला आरती के बाद श्रद्धालुओं के लिए दर्शन पूजन के लिए मंदिर के कपाट खुल जाएंगे। भगवान भोलेनाथ, मां जगदंबा और मंदिर की फूलों से सजावट करने के लिए कोलकाता की टीम आएगी।
भगवान भोलेनाथ एवं माता पार्वती, शिवलिंग और मंदिर परिसर में स्थापित अन्य मूर्तियों का दिव्य शृंगार करने के लिए मिर्जापुर से कलाकारों को बुलाया गया। वह मंदिर के पुजारियों के सहयोग से मूर्तियों का शृंगार करेंगे। भगवान भोलेनाथ और माता पार्वती के लिए वस्त्र-आभूषण काशी से मंगाए गए है। मेले के दौरान उमड़ने वाली भीड़ के मद्देनजर विशेष इंतजाम किए जा रहे हैं।

बैठक में मेले के सकुशल आयाेजन पर हुई चर्चा
मंदिर परिसर में लगने वाले दस दिवसीय मेले व दर्शन पूजन की व्यवस्था को लेकर प्रभारी निरीक्षक बृजेश सिंह की अध्यक्षता में बैठक हुई। इस दौरान श्रद्धालुओं के लिए सुरक्षा, दर्शन पूजन व्यवस्था, पेयजल, साफ-सफाई, शौचालय, विभिन्न मार्गों पर बैरिकेडिंग, बिजली आपूर्ति, स्वास्थ्य विभाग की टीम आदि विषयों के साथ ही मंदिर परिसर में दुकान लगाने पर चर्चा की गई।

बता दें कि महाशिवरात्रि पर शिवद्वार में हजारों श्रद्धालुओं का आगमन होता है। जिसमें उनके परिवहन और सुरक्षा के आलावा उनके सामानों की सुरक्षा प्रशासन के लिए एक चुनौती से कम नहीं होती। बैठक में शिवद्वार चौकी प्रभारी कविंद्र यादव, सतद्वारी ग्राम प्रधान सियाराम यादव, मुख्य पुजारी सुरेश गिरि, अजय गिरि, शिवराज गिरि, सुभाष गिरि, संजय मोदनवाल, धीरज सिंह, अमरेश गिरि आदि मौजूद रहे।

महाशिवरात्रि पर गौरीशंकर, बरैला मंदिर पर लगता है मेला
सोनभद्र। शाहगंज के समीप स्थित प्राचीन गौरीशंकर महादेव मंदिर में महाशिवरात्रि पर भी मेला लगेगा। इसके साथ ही रॉबर्ट्सगंज नगर से सटे बरैला स्थित महादेव मंदिर और पंचमुखी महादेव मंदिर में शिवरात्रि पर मेला लगता है। मंदिर प्रशासन की तरफ से महाशिवरात्रि पर मेला को लेकर अभी से तैयारी शुरू कर दी गई है। इसके साथ ही डाला स्थित अचलेश्वर महादेव मंदिर और ओबरा के समीप स्थित डमडम गुफा में बड़ी संख्या में भक्तगण दर्शन पूजन के लिए पहुंचते हैं।

जगह-जगह निकाली जाएगी शिव बरात
महाशिवरात्रि के अवसर पर जिले में जगह-जगह शिव बरात निकाली जाएगी। रॉबर्ट्सगंज स्थित गुरुद्वारा के पास से बरैला महादेव मंदिर तक शिव बरात निकाली जाएगी। शिव बरात निकालने की तैयारी में आयोजक जुट गए हैं। बच्चा सोनी और अंबुज का कहना है कि महाशिवरात्रि पर शिवबरात निकाली जाएगी।


































