HIGHLIGHTS
- नपा क्षेत्र के नई बस्ती में हर घर नल जल योजना के तहत पाइप लाइन ही नहीं बिछाया गया।
- लगभग 10 साल पुराने पाइप लाइन में ही नया कनेक्शन जोड़कर हर घर नल योजना का नाम दिया जा रहा है।
- मानक की अनदेखी और योजना में हो रही खानापूर्ति
- रहवासियों का कहना है कि जिस 10 साल पुराने पाइप से की जा रही है सामान्य सप्लाई के पानी की आपूर्ति उसी पाइप लाइन में दिया जा रहा है हर घर नल योजना के तहत स्वच्छ पानी का कनेक्शन
- कुछ दिन पूर्व हुए मीटिंग में डीएम ने गुणवत्तापूर्ण तरीके से कार्य करने का दिए थे अधिकारियों को सख्त निर्देश
- नपा में शुद्ध पेयजल आपूर्ति के लिए 10871 लोगों को नल कनेक्शन देने का लक्ष्य रखा गया है। जबकि अभी तक करीब पांच हजार लोगों को ही नल कनेक्शन दिया गया है।
- इससे पेयजल को लेकर लोगों को काफी परेशानियां झेलनी पड़ रही है।
- 31 मार्च तक सभी घरों को नल कनेक्शन देने का लक्ष्य रखा गया है

सोनभद्र। केंद्र और राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी ‘हर घर नल योजना’ का उद्देश्य हर परिवार को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराना है, लेकिन सोनभद्र नगर पालिका के नई बस्ती में इस योजना के क्रियान्वयन में बड़ी लापरवाही और भ्रष्टाचार की बू आ रही है। स्थानीय निवासियों का आरोप है कि विभाग द्वारा नई पाइपलाइन बिछाने के बजाय लगभग 10 साल पुरानी लगाए गए सप्लाई के पाइपलाइन के सहारे ही योजना की खानापूर्ति कर रहा है।

क्या है पूरा मामला?
नई बस्ती रोड के निवासियों के अनुसार, करीब एक दशक पहले क्षेत्र में जलापूर्ति के लिए पाइपलाइन बिछाई गई थी। ‘हर घर नल योजना’ के मानकों के तहत यहाँ नई और अधिक क्षमता वाली पाइपलाइन बिछाई जानी थी, ताकि हर घर तक पर्याप्त दबाव के साथ पानी पहुँच सके। लेकिन कार्यदायी संस्था और संबंधित विभाग ने नई पाइपलाइन बिछाने की जहमत नहीं उठाई। इसके उलट, दशक भर पुरानी हो चुकी पाइपलाइन में ही नए कनेक्शन जोड़कर ‘इतिश्री’ कर ली गई है।


रहवासियों में आक्रोश
मोहल्ले के लोगों का कहना है कि पुरानी पाइपलाइन जिससे सामान्य सप्लाई की पानी की आपूर्ति की जा रही। उसी पाइप लाइन में ठेकेदार द्वारा फिल्टर वाला पानी का कनेक्शन बताकर रहवासियों से आधार कार्ड लेकर नया कनेक्शन जोड़ा जा रहा है। साथ ही सड़क की खुदाई में ड्रिल मशीन को चलाने के लिए बिजली का कनेक्शन रहवासियों से लिया जा रहा है।

रहवासियों का कहना है कि हर घर नल योजना के तहत नई मोटी पाइपलाइन बिछनी थी, लेकिन ठेकेदार और अधिकारियों की मिलीभगत से पुराने ढांचे पर ही नए कनेक्शन का बोझ डाल दिया गया है। स्थानीय लोगों ने इसे सरकारी धन का दुरुपयोग और योजना के मानकों का खुला उल्लंघन बताया है।
जांच की मांग
क्षेत्र के नागरिकों ने जिलाधिकारी और संबंधित विभाग के उच्चाधिकारियों से मांग की है कि इस कार्य की स्थलीय जांच कराई जाए। मोहल्ले वासियों का कहना है कि जब तक नई पाइपलाइन नहीं बिछाई जाती, तब तक योजना का वास्तविक लाभ जनता को नहीं मिल पाएगा। लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही मानक के अनुरूप नई पाइपलाइन नहीं डाली गई, तो वे प्रदर्शन करने को बाध्य होंगे।



































