HIGHLIGHTS
- कानून-व्यवस्था के साथ रिश्तों को भी सशक्त बना रही सोनभद्र पुलिस
- छोटी–मोटी बातों एवं आपसी गलतफहमियों के कारण अलग हुए दम्पत्तियों को पुनः साथ लाने की दिशा में पुलिस द्वारा निरंतर सराहनीय प्रयास किए जा रहे हैं।
सोनभद्र। पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशानुसार “मिशन शक्ति” (नारी सुरक्षा, नारी सम्मान, नारी स्वावलंबन) अभियान के अंतर्गत रविवार को महिला थाना रॉबर्ट्सगंज में आयोजित परामर्श केंद्र पर महिला थानाध्यक्ष सविता सरोज द्वारा अपनी टीम के साथ कुल 05 वैवाहिक जोड़ों की काउंसलिंग की गई।

काउंसलिंग के दौरान पति–पत्नी के मध्य चल रहे पारिवारिक विवादों को गंभीरता से सुनते हुए 02 वैवाहिक जोड़ों की समस्याओं का सौहार्दपूर्ण समाधान कराया गया, जिसके फलस्वरूप दोनों पति–पत्नी आपसी सहमति से साथ रहने के लिए राजी होकर खुशी–खुशी अपने घर गए।

शेष 02 प्रकरणों को न्यायालय भेजा गया, जबकि 01 प्रकरण में दोनों पक्षों को अग्रिम तिथि प्रदान की गई।
काउंसलिंग के दौरान महिला थानाध्यक्ष द्वारा दम्पत्तियों को आपसी संवाद, विश्वास एवं समझ के महत्व को समझाते हुए विवाद समाप्त कर सुलह–समझौते के माध्यम से साथ रहने हेतु प्रेरित किया गया।

सफल सुलह के उपरांत पुलिस द्वारा संबंधित दम्पत्तियों को उनके सुखद एवं मंगलमय दाम्पत्य जीवन के लिए शुभकामनाएं दी गईं।

सोनभद्र पुलिस का यह प्रयास न केवल कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ करता है, बल्कि सामाजिक समरसता एवं पारिवारिक मूल्यों को भी मजबूती प्रदान करता है।


































