HIGHLIGHTS
- सोनभद्र में ठंड का कहर जारी, गलन से ठिठुरे लोग

सोनभद्र। जिले में कोहरे और ठंड का कहर जारी है। सर्द हवा से गलन बढ़ गई है। शनिवार को भी तापमान में कमी के कारण लोगों को गलन के कारण ठिठुरते देखा गया। जिले में पिछले चार दिनों से लगातार पड़ रही ठंड केकारण जनजीवन प्रभावित हो गया है।

सुबह और शाम कड़ाके की ठंड के कारण लोग घरों में दुबके रह रहे हैं। सोनांचल में शनिवार की सुबह भी सात बजे तक कोहरा छाया रहा। सात बजे के बाद कोहरा छंटा लेकिन धंध के कारण भगवान भाष्कर के दर्शन नहीं हुए। दोपहर 12 बजे के बाद हल्की धूप निकली, लेकिन सर्द हवा के कारण वह भी बेअसर साबित हो रही थी।

दिन में भी सर्द हवा चलने के कारण तापमान में गिरावट दर्ज की गई। मौसम विभाग के प्रेक्षक राजन सिंह के अनुसार शनिवार को अधिकतम तापमान 18.4 डिग्री और न्यूनमत तापमान 8.4 डिग्री दर्ज किया गया। जबकि शुक्रवार को अधिकतम तापमान 18.4 डिग्री और न्यूनतम तापमान 11.4 डिग्री था। वहीं गुरुवार को अधिकतम तापमान 21.4 डिग्री और न्यूनतम तापमान 10 डिग्री दर्ज किया गया था।


शनिवार को सुबह सात बजे के बाद कोहरा छंटने पर भी सर्द हवा चल रही थी। सर्द हवा के कारण पूरे दिन लोगों को गर्म कपड़े में लदे देखा गया। दोपहर 12 बजे के बाद हल्की धूप खिली तो लोगों को जगह-जगह धूप में बैठे देखा गया। हालांकि सर्द हवा के कारण धूप भी बेअसर साबित हो रही थी। शाम होते ही सर्द हवा के कारण फिर गलन बढ़ने लगी।

गलन अधिक होने के कारण अंधेरा होने से पहले ही लोग अपने आवश्यक कामकाज निबटाकर घरों की ओर रुख कर लिए। देर शाम आठ बजे तक बाजारों में सन्नाटा पसर गया। वहीं लोगों की आवाजाही भी कम हो गई।

रात में गलन के कारण चट्टी चौराहों पर यात्रियों और राहगीरों को अलाव का सहारा लेते देखा गया। स्थानीय तहसील परिसर में ग्राम पंचायत बिल्ली मारकुंडी निवासी गोविंद भारद्वाज के नेतृत्व में ग्रामीणों ने अलाव जलवाने और कंबल वितरण कराने की मांग की। उन्होंने उपजिलाधिकारी ओबरा विवेक कुमार सिंह को एक ज्ञापन भी सौंपा।

ज्ञापन में बताया गया कि ग्राम पंचायत बिल्ली मारकुंडी क्षेत्र अंतर्गत बारी मस्जिद व सेवा सदन से मां वैष्णो देवी मंदिर और बारी गांव क्षेत्र लगातार ग्राम पंचायत के विकास कार्यों से उपेक्षित रहा है। अत्यधिक ठंड में आदिवासी बाहुल्य इस क्षेत्र में लोगों को बेहद कष्ट का सामना करना पड़ रहा है। मांग की गई कि जल्द से जल्द इस क्षेत्र में मुख्य स्थानों पर अलाव जलवाने तथा जरूरतमंदों में कंबल वितरण कराया जाए। इस मौके पर बजरंगी सेठ, अमरजीत, सुशील निषाद, निजाम आदि मौजूद रहे।































