HIGHLIGHTS
- वाराणसी में बुलडोजर एक्शन, फ्लाईओवर के निर्माण के लिए कई मकानों-दुकानों को किया गया ध्वस्त
रमेश देव पाण्डेय (जिला संवाददाता)
वाराणसी। मंडुवाडीह चौराहे से बनारस स्टेशन तक फ्लाईओवर निर्माण की तैयारी जोरों पर है। बुधवार दोपहर में लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) की टीम ने मंडुवाडीह चौराहे पर सड़क चौड़ीकरण शुरू किया। इसमें बाधक बन रहे कुछ मकानों और दुकानों को बुलडोजर से ध्वस्त कर दिया गया।
पीडब्ल्यूडी के कर्मचारियों की टीम जब बुलडोजर लेकर पहुंची तो स्थानीय लोग मौके पर मौजूद थे। अधिकारियों ने बताया कि शासन द्वारा इस फ्लाईओवर परियोजना को पहले ही मंजूरी मिल चुकी है। अब निर्माण कार्य शुरू होने जा रहा है। मलबा हटाने की प्रक्रिया जल्द पूरी कर ली जाएगी ताकि अप्रैल से फ्लाईओवर का निर्माण शुरू हो सके।
मंडुवाडीह चौराहा व्यस्ततम स्थानों में एक है जहां रोजाना हजारों वाहन गुजरते हैं। इस क्षेत्र में लगने वाले भीषण जाम से आम जनता को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। फ्लाईओवर निर्माण से यह समस्या काफी हद तक दूर हो जाएगी। इसके बन जाने के बाद बनारस स्टेशन तक आने-जाने में लगने वाला समय भी कम हो जाएगा, जिससे यात्रियों को राहत मिलेगी।
इस महत्वपूर्ण परियोजना से न केवल वाहनों की आवाजाही आसान होगी, बल्कि स्थानीय व्यापारियों और निवासियों को भी लाभ मिलेगा। ट्रैफिक जाम खत्म होने से लोगों का समय बचेगा और दुर्घटनाओं की आशंका भी कम होगी।





