मृतक अशोक गुप्ता (फाइल फोटो)

HIGHLIGHTS
- जिले में एक दिल दहलाने वाली घटना सामने आई है। यहां शराब के नशे में एक शख्स ने पत्नी और बच्चों से विवाद के बाद खुद को आग के हवाले कर दिया।
सोनभद्र। जिले में पत्नी- बच्चों से विवाद के बाद आहत एक व्यक्ति शनिवार की रात आग का शोला बन गया। घटना बीना पुलिस चौकी क्षेत्र में स्थित बांसी गांव में मुख्य सड़क के किनारे हुई। मृतक का यहीं पर घर है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और छानबीन में जुट गई।

बीना पुलिस चौकी क्षेत्र के बांसी गांव स्थित मुख्य मार्ग पर शनिवार रात हुई घटना से सनसनी फैल गई। रविवार सुबह घटना की सूचना पर पंहुची पुलिस ने सभी पहलुओं पर जांच शुरू की। पड़ोस के लोगों ने बताया कि बांसी निवासी अशोक गुप्ता (50) डेकोरेशन का कार्य करता था।

बताया गया कि वह नशे का आदी था। शराब के नशे में शनिवार सुबह से ही घर में विवाद कर रहा था। हरकत देख पत्नी व बच्चों ने समझाने की कोशिश की तो उनसे भी उलझ गया। रात करीब आठ बजे उसने अचानक अपने शरीर पर पुराना कपड़ा लपेट कर कोई ज्वलनशील तेल डालकर आग लगा ली।

परिवार के लोगों ने किसी तरह आग बुझाया, लेकिन तब तक वह बुरी तरह झुलस चुका था। गंभीर रूप से जल चुके अशोक गुप्ता को अनपरा स्थित निजी अस्पताल ले जाया गया। हालात गंभीर देख चिकित्सकों ने वाराणसी के लिए रेफर कर दिया। बताया जा रहा है कि वाराणसी ले जाते समय राबर्ट्सगंज के पास रात में ही उसकी मौत हो गई।

इसके बाद परिजन शव लेकर घर आ गए। शक्तिनगर के प्रभारी निरीक्षक कुमुद शेखर सिंह ने बताया शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाने के साथ पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। घटना के पीछे की वजह जांच पूरी होने पर स्पष्ट होगी।























