संतोष कुमार
सोनभद्र। म्योरपुर क्षेत्र के गोविंदपुर,म्योरपुर, गड़िया पड़री रासपहरी समेत तमाम जगहों पर गुरुवार को पति की लंबी आयु और सुख-समृद्धि के लिए महिलाओं ने वट सावित्री व्रत का पालन किया। इस अवसर पर महिलाओं ने पूरे विधि-विधान के साथ व्रत रखकर वट वृक्ष की पूजा की और सावित्री-सत्यवान की कथा सुनी।इस व्रत में महिलाओं ने निर्जला व्रत रखकर अपने पति की दीर्घायु और कल्याण की कामना की। व्रत के दौरान, महिलाएं पारंपरिक परिधान पहनकर वट वृक्ष के चारों ओर धागा लपेटकर पूजा-अर्चना करती हैं।

पूजा के पश्चात महिलाओं ने कथा वाचन किया, जिसमें सावित्री के साहस और अपने पति सत्यवान के प्रति अटूट प्रेम की कहानी सुनाई गई।व्रत का आयोजन स्थानीय मंदिर और सार्वजनिक स्थलों पर किया गया, जहां महिलाओं ने समूह में एकत्रित होकर पूजा संपन्न की। इस अवसर पर धार्मिक वातावरण और श्रद्धा का माहौल देखने को मिला।

सभी महिलाओं ने पूरे श्रद्धा और आस्था के साथ व्रत का पालन किया और अपने परिवार के सुख-समृद्धि के लिए प्रार्थना की। व्रत के बाद महिलाओं ने पारंपरिक प्रसाद का वितरण किया और एक-दूसरे को व्रत की शुभकामनाएं दीं।
इस व्रत का हिंदू धर्म में विशेष महत्व है और इसे पति-पत्नी के बीच प्रेम और विश्वास का प्रतीक माना जाता है। म्योरपुर की महिलाओं ने इस व्रत के माध्यम से अपने पति के प्रति अपने समर्पण और प्रेम को प्रकट किया।





















