
HIGHLIGHTS
- R.S.S ने हर्षोल्लास के साथ मनाया हिंदू साम्राज्य दिवस उत्सव

(जिला संवाददाता)
सोनभद्र। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ सोनभद्र द्वारा जिला मुख्यालय स्थित रामलीला मैदान में हिंदू साम्राज्य दिवस उत्सव का किया गया। कार्यक्रम में मंचासिन अतिथियों में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के जिला संघचालक हर्ष अग्रवाल व सह जिला संघचालक भोला नाथ मिश्र रहे। वहीं मंचासीन अतिथि परिचय नगर कार्यवाह महेश शुक्ला ने कराया।

कार्यक्रम के प्रारंभ में एकल गीत, अमृत वचन के बाद कार्यक्रम के मुख्य वक्ता सह जिला संघचालक भोलानाथ मिश्र ने कहा कि,राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के 6 उत्सव में हिंदू साम्राज्य दिवस उत्सव द्वितीय उत्सव है। आज के दिन ज्येष्ठ शुक्ल त्रयोदशी को राजगढ़ के किले में छत्रपति शिवाजी का राज्यारोहण हुआ था। यह उत्सव छत्रपति शिवाजी महाराज के सिंहासन आरूढ़ के दिन प्रतिवर्ष ज्येष्ठ शुक्ल त्रयोदशी को मनाया जाता है। उत्सव का उद्देश्य शिवाजी के शासन प्रबंध, उनकी न्याय व्यवस्था और सामाजिक व्यवस्था को समाज के सामने लाना है।
इसके साथ ही उन्होंने इतिहास की कई बातों का जिक्र करते हुए छत्रपति शिवाजी के जीवन काल पर प्रकाश डाला। शिवाजी महाराज का जन्म 19 फरवरी 1630 में शिवनेरी दुर्ग में हुआ था। उनकी माता जीजाबाई तथा पिता शाहजी भोंसले थे। शिवाजी बचपन से ही वीर और तेजस्वी थे।

भोजन के एक-एक निवाले में मां जीजाबाई के संस्कार उनके खून में समा गया था। राम-कृष्ण, अर्जुन-भीम की कथा और महाबली हनुमान की वीरता का बखान निरंतर उनको सुनाया जाता था। उन्होंने वीर शिवाजी के जीवनकाल की साहसिक कथाओ का वर्णन किया। जून 1674 को शिवाजी मुगलों को परास्त कर लौटे थे। पंडित गागा भट्ट को लाने के लिए काशी विशेष दूत भेजे गए। इसके बाद पूरे रीति रिवाज और धूमधाम से शिवाजी महाराज का मराठा शासक के रूप में राज्याभिषेक समारोह संपन्न हुआ था। जिसे आज भी महाराष्ट्र में एक उत्सव की तरह मनाया जाता है। हर साल रायगढ़ में यह समारोह विशेष तौर पर मनाया जाता है। इस राज्याभिषेक के बाद ही शिवाजी महाराज को छत्रपति कहा जाने लगा। कार्यक्रम में नगर संघ चालक सुरेश केशरी, जिला कार्यवाह ब्रजेश सिंह, सह जिला कार्यवाह पंकज पांडेय, कीर्तन, नीरज सिंह, संगम, कृष्णकुमार, ललित,जे0बी0 सिंह, भीम सिंह, अखिलेश, नीतीश सहित भारी संख्या में स्वयंसेवक उपस्थित रहे।





