HIGHLIGHTS
- भाजपा कार्यकर्ताओं का मेहनत लाया रंग, हुई ऐतिहासिक जीत
दुद्धी, सोनभद्र। दुद्धी विधानसभा में पहली बार भाजपा का विधायक बनने के बाद लगभग 35 साल बाद दुद्धी नगर पंचायत में भी कमल खिल उठा है ,2022 में हुए विधानसभा चुनाव में दुद्धी विधानसभा क्षेत्र में पहली बार विधायक बनाने के उत्साहित भाजपा पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने नगर पंचायत में भी कमल खिलाने का संकल्प लिया था। दुद्धी में निर्दल नगर पंचायत अध्यक्ष रिकॉर्ड को ध्यान में रखकर भाजपा चुनाव प्रभारी अरविंद पाण्डेय एवं प्रभारी मंत्री रविन्द्र जायसवाल तथा दुद्धी विधायक रामदुलारे सहित अन्य पदाधिकारियों ने मजबूती से चुनाव लड़ने में जुटे रहे, जिसका परिणाम यह रहा कि दुद्धी में 35 साल बाद पहली बार नगर पंचायत पद पर कमलेश मोहन ने 3316 मत पाकर अपने निकटम प्रतिद्वंदी कमल कुमार कानू से 1020 मतों से जीत दर्ज कर ट्रिपल इंजन की सरकार का अंग बन गए। कमल कुमार कानू को 2296 मत मिले।

शनिवार को दुद्धी डिग्री कॉलेज से आर ओ ने जैसे ही दुद्धी नगर पंचायत अध्यक्ष के चुनाव परिणाम की घोषणा की तो भाजपा समर्थकों ने नवनिर्वाचित नगर पंचायत अध्यक्ष कमलेश मोहन को फूल मालाओं से लाद दिया। दुद्धी में पहली बार भाजपा के नगर पंचायत अध्यक्ष बनाने के बाद पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं में खुशी की लहर देखी दौड़ गई।

नगर पंचायत दुद्धी में पहली बार भाजपा का झंडा बुलंद करने वाले नवनिर्वाचित नगर पंचायत अध्यक्ष कमलेश मोहन ने कहा कि यह जीत दुद्धी की जनता की जीत है। जनता भाजपा सरकार के कामकाज पर भरोसा करते हुए 35 सालों से निर्दल चेयरमैन बनने के मिथक को तोड़ते हुए ट्रिपल इंजन की सरकार पर भरोसा किया है। उन्होंने कहा कि हमारी पूरी कोशिश होगी की सरकार के साथ कदम में कदम मिलाकर चलते हुए दुद्धी का चहुमुखी विकास करेंगे।







