
(जिला संवाददाता)
ओबरा, सोनभद्र। राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय ओबरा में बृहस्पतिवार को रोवर्स – रेंजर्स के पांच दिवसीय विशेष प्रशिक्षण शिविर का शुभारंभ हुआ। शिविर के उद्घाटन सत्र में दीप प्रज्वलन एवं मां शारदा के पूजन वंदन के पश्चात रेंजर रोज तिवारी एवं श्रद्धा उपाध्याय द्वारा सरस्वती वंदना तथा स्नेहा शर्मा एवं ज्योति सिंह द्वारा स्वागत गीत की बहुत ही सुंदर एवं अभिनव प्रस्तुति की गई।

तत्पश्चात रोज तिवारी, श्रद्धा उपाध्याय इत्यादि ने सुंदर देश भक्ति गीत, समूह नृत्य, नाटक इत्यादि सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। वही कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए महाविद्यालय के प्राचार्य प्रोफेसर (डॉ.) प्रमोद कुमार ने बताया कि रोवर्स रेंजर्स का प्रशिक्षण विषम परिस्थितियों में हमे जीवन जीने की कला को सिखाता है। प्रोफेसर (डॉ.) राधाकांत पांडेय ने रोवर्स रेजर्स को अनुशासित रहने एवं शिविर के नियमों का पालन करने पर बल दिया।
प्रोफेसर (डॉ.) किशोर कुमार सिंह ने बताया कि इस प्रकार के प्रशिक्षण से छात्र-छात्राएं विभिन्न प्रकार की गांठे लगाना, टेंट बनाना , पुल बनाना, गैजेट्स बनाना इत्यादि सीखते हैं जिससे उनके आत्मविश्वास में वृद्धि होती है। राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम अधिकारी डॉ. संतोष कुमार सैनी ने रोवर्स रेंजर्स के इतिहास पर प्रकाश डालते हुए बताया कि रोवर्स रेंजर्स की शुरुआत 1918 में यूनाइटेड किंगडम मे प्रथम विश्व युद्ध के समय हुई थी । द्वितीय विश्व युद्ध में भी रोवर्स रेंजर्स ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी । वर्तमान में यह कार्यक्रम राष्ट्रमंडल देशों आस्ट्रेलिया, न्यूजीलैंड, दक्षिण अफ्रीका, कनाडा, भारत , पाकिस्तान इत्यादि देशों में सफलतापूर्वक संचालित किया जा रहा है।
इसमें शिविरार्थियों को नि:स्वार्थ एवं त्याग की भावना से अकेले अथवा समूह में देश, समाज एवम लोगों की हर संभव मदद करने की भावना सिखाई जाती है। वरिष्ठ प्रशिक्षक राधा मोहन सिंह जी ने एन एस एस के नियमों पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए पूरी लगन एवं निष्ठा के साथ शिविर मे अपना योगदान देने पर बल दिया। रोवर्स रेंजर्स प्रशिक्षक एवं डी ओ सी सोनभद्र सुनील कुमार सिंह द्वारा कार्यक्रम का संचालन किया गया। रोवर्स प्रभारी राजेश प्रसाद द्वारा सभी का धन्यवाद एवं आभार ज्ञापन किया गया।

इस अवसर पर डॉ. रंजीत सिंह, डॉ. महीप कुमार, प्रशिक्षक किरन सिंह, प्रमोद कुमार केसरी, महेश पांडे, धर्मेंद्र के साथ-साथ पूजा, संजना केसरी, अंजलि, वर्षा, विनय अग्रहरी मुकेश यादव, पूजा यादव, विकांक रंजन , आशीष कुमार, यजुर्वेद शाह, नवनीत कुमार यादव इत्यादि सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।





