
(जिला संवाददाता)
सोनभद्र। नगर स्थित हरदा बाबा मन्दिर प्रांगण में रविवार को देश के लोकप्रिय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मन की बात भाजपा के पूर्व जिला अध्यक्ष धर्मवीर तिवारी के नेतृत्व में सुनी गई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मन की बात कार्यक्रम के जरिए एक बार फिर से देश को संबोधित किया। इस दौरान पीएम मोदी ने देशवासियों को ‘न्यू इंडिया’ के बारे में बताया।

इसके अलावा उन्होंने आदिवासी समाज की भूमिका से लेकर पद्म पुरस्कार पाने वाले हस्तियों के बारे में भी चर्चा की। पीएम मोदी ने कहा कि गणतंत्र दिवस समारोह में अनेक पहलुओं की काफी प्रशंसा हो रही है। 26 जनवरी की परेड के दौरान कर्तव्य पथ का निर्माण करने वाले श्रमिकों को देखकर बहुत अच्छा लगा। इस परेड में पहली बार हिस्सा लेने वाली महिला ऊंट सवार और सीआरपीएफ की महिला टुकड़ी भी काफी सराहना हो रही है।

आदिवासी समाज अपनी परंपराओं को बचाने के लिए आतुर पीएम मोदी ने कहा कि पद्म पुरस्कार विजेताओं की एक बड़ी संख्या आदिवासी समुदायों और आदिवासी समाज से जुड़े लोगों से आती है। आदिवासी जीवन शहर के जीवन से अलग है, इसकी अपनी चुनौतियां भी हैं। इन सबके बावजूद आदिवासी समाज अपनी परंपराओं को बचाने के लिए हमेशा आतुर रहता है। जनजातीय समुदायों से जुड़ी चीजों के संरक्षण और उन पर शोध के प्रयास भी होते हैं। ऐसे ही टोटो, हो, कुइ, कुवी और मांडा जैसी जनजातीय भाषाओं पर काम करने वाले कई महानुभावों को पद्म पुरस्कार मिले हैं। यह हम सभी के लिए गर्व की बात है। पीएम मोदी ने कहा कि संयुक्त राष्ट्र ने अंतरराष्ट्रीय योग दिवस और अंतरराष्ट्रीय बाजरा वर्ष दोनों का निर्णय भारत के प्रस्ताव के बाद लिया है। योग भी स्वास्थय से जुड़ा है और बाजरा भी स्वास्थय में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। दोनों अभियानों में जनता की भागीदारी के कारण एक क्रांति रास्ते पर है। पीएम मोदी ने गोवा में पर्पल फेस्ट इवेंट की चर्चा की
गोवा में पर्पल फेस्ट इवेंट हुआ।

दिव्यांगजनों के कल्याण को लेकर यह अपने-आप में एक अनूठा प्रयास था। 50 हजार से भी ज्यादा हमारे भाई-बहन इसमें शामिल हुए। यहां आए लोग इस बात को लेकर रोमांचित थे कि वो अब ‘मीरामार बीच’ घूमने का भरपूर आनंद उठा सकते हैं।
मन की बात के कार्यक्रम को सुनने वालो में मुख्य रूप से सभासद विनोद सोनी, सभासद राजन गुप्ता, अखिलेश कश्यप, श्याम उमर, भाजपा नगर अध्यक्ष बलराम सोनी, राहुल शर्मा दिशान द्विवेदी, सत्यम सोनी, विकास द्विवेदी, दीपू अग्रहरि, मोहित वर्मा, ललित सोनी, मनीष गुप्ता, मोहन अग्रहरि, मनोज विश्वकर्मा, अनूप पांडे, योगेश सिंह, प्रकाश, रवि केसरी, नंदकिशोर, विनोद जयसवाल सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।







