27 नवम्बर, 2022 को कॉलेज आफ टीचर एजुकेशन (सी.टी.ई.), लखनऊ के सभागार में संघों की एक बैठक जी.एस.शुक्ल, महामंत्री राजकीय शिक्षक संघ उत्तर प्रदेश एवं संयोजक के नेतृत्व में आहूत की गई जिसमें अरविंद कुमार पांडेय प्रांतीय अध्यक्ष, केदारनाथ तिवारी महामंत्री और छाया शुक्ला प्रांतीय अध्यक्ष एवं रामेश्वर पांडेय प्रांतीय महामंत्री राजकीय शिक्षक संघ स्वयं/अपने प्रान्तीय पदाधिकारी समेत विचार विमर्श हेतु उपस्थित रहे। दोनों गुटों के प्रांतीय पदाधिकारियों के विचार विमर्श के उपरांत दोनों गुटों का आपस में विलय हो गया। आगामी संयुक्त प्रांतीय अधिवेशन कराने हेतु एक सात सदस्यीय समिति का गठन किया गया है जो आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों एवं संयुक्त प्रांतीय अधिवेशन आदि हेतु अधिकृत होगी।

उल्लेखनीय है कि लंबे समय से राजकीय शिक्षकों द्वारा शिक्षक संघों की एकता हेतु दबाव बनाया जा रहा था।हालांकि राजकीय शिक्षक संघ (बी.पी. सिंह गुट) के प्रांतीय अध्यक्ष एवं प्रांतीय महामंत्री, कई बार अनुरोध के बावजूद, राज्य से अपने 5 प्रतिनिधि भेजने में असफल रहे। प्रान्तीय एकता बैठक के संयोजक जी.एस. शुक्ल ने कहा कि दिसंबर माह में एक बार पुनः बी.पी. सिंह गुट के पदाधिकारियों से वार्ता करके उनको भी एक ही संगठन में सम्मिलित कराने का प्रयास किया जाएगा, जिससे कि राजकीय शिक्षक संघ की एकता अंतिम एवं निर्णायक रूप से हो सके।

प्रांतीय बैठक में राजकीय शिक्षक संघ उत्तर प्रदेश मूल संघ के प्रतिनिधि के रूप में केदारनाथ तिवारी, अशोक कुमार गौतम, अशोक कुमार त्रिपाठी, जेड आर खान, कृष्ण कुमार शुक्ल, राम सिंह राजपूत एवं राजकीय शिक्षक संघ उत्तर प्रदेश (पांडेय गुट) की ओर से छाया शुक्ला, सत्य शंकर मिश्र,श्री अवधेश त्रिपाठी, आरती सक्सेना और समोद कुमार मिश्र उपस्थित रहे।






