
(जिला संवाददाता)

सोनभद्र। राजकीय शिक्षक संघ उत्तर प्रदेश मूल संघ के प्रान्तीय कार्यकारी महामन्त्री अशोक कुमार अवाक ने प्रमुख सचिव (माध्यमिक शिक्षा) दीपक कुमार एवं शिक्षा निदेशक (माध्यमिक) डॉक्टर सरिता तिवारी को पत्र लिखकर 25 अक्टूबर, 2022 को दीपावली के आगामी दिवस को माध्यमिक विद्यालयों में अवकाश घोषित करने की मांग की है। कार्यकारी महामन्त्री का कहना है कि 23 अक्टूबर एवं अक्टूबर 24 अक्टूबर को क्रमशः नरक चतुर्दशी एवं दीपावली अवकाश तथा इसके बाद 26 अक्टूबर एवं 27 अक्टूबर को गोवर्धन पूजा और भैया दूज का राजपत्रित अवकाश घोषित किया गया है।
इस प्रकार दीपावली और गोवर्धन पूजा के बीच मात्र एक दिन के लिए 25 अक्टूबर को विद्यालय में अवकाश नहीं है।हिन्दू धर्म के महत्वपूर्ण त्योहारों के बीच मात्र एक दिन विद्यालय खुलने पर दूर जा चुके छात्र-छात्राओं एवं शिक्षक -शिक्षिकाओं को विद्यालय में उपस्थित रहने के लिए बाध्यकारी किया जाना उचित नहीं है क्योंकि इससे त्यौहार में दूर घर गए छात्र- छात्राओं एवं शिक्षक- शिक्षिकाओं को विद्यालय पहुंचने में परेशानी का सामना करना होगा।साथ ही उनके त्यौहार के हर्षोल्लास में कमी होगी। अतः राजकीय शिक्षक संघ उत्तर प्रदेश मूल संघ की मांग है कि 25 अक्टूबर, 2022 को सार्वजनिक घोषित किया जाए।






