HIGHLIGHTS
- जोरुखाड़ गाँव में रींवा-रांची राजमार्ग पर हुआ हादसा
विंढमगंज, सोनभद्र। थाना क्षेत्र के जोरुखाड़ गांव में शुक्रवार को भोर में दूल्हे की कार पलट गई। जिसमें ड्राइवर सहित दो लोग घायल हो गए हैं। जानकारी के मुताबिक गुरुवार को विंढमगंज थाना क्षेत्र के जाताजुआ गांव में पुरुषोत्तम बियार के घर में झारखंड के रमना गांव से बारात आई थी। बारात लगाने के बाद कार चालक दूल्हे की गाड़ी लेकर विंढमगंज कस्बा स्थित रिश्तेदारी में चला गया।

शुक्रवार को भोर में बारातियों के पास लौटने के दौरान रींवा रांची राजमार्ग पर जोरुखाड़ गांव में टेढ़ी पुलिया के पास कार अनियंत्रित होकर पलट गई और कई बार पलटी खाते हुए करीब डेढ़ सौ मीटर दूर खेत में जा पहुंची। घटना की जानकारी मिलते ही वहां ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। जोरुखाड़ ग्राम प्रधान विमल यादव ने ग्रामीणों के सहयोग से हादसे में घायल चालक रिषि बैठा (20 वर्ष) पुत्र संजय बैठा निवासी नगर ऊंटारी एवं उसके साथी शिव कुमार (22 वर्ष) पुत्र कुट्टू बियार निवासी रमना को दुद्धी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजवाया।

जहां प्राथमिक उपचार के बाद परिजनों के कहने पर चिकित्सकों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए झारखंड के गढ़वा सदर अस्पताल भेज दिया।




