संस्कृति लाइव संवाददाता, घोरावल (सोनभद्र): घोरावल कोतवाली क्षेत्र के पश्चिमी एरिया स्थित घुवास के पास वाले जंगल में पिछले चार दिन से विचरण कर रहे तेंदुए को कड़ी मशक्कत के बाद रविवार की आधी रात के बाद पकड़ लिया गया। फिलहाल उसे वन विभाग परिसर में पिंजरे में रखा गया है।

उसे अस्वस्थ बताया जा रहा है। उपचार के बाद उच्चाधिकारियों के निर्देशन में आगे की प्रक्रिया अपनाई जाएगी। बताते चलें कि तीन दिन पूर्व घुवास के पास वाले जंगल में तेंदुआ देखे जाने की जानकारी मिलने के बाद जंगल क्षेत्र से सटे गांवों में हड़कंप मच गया था।

वही रविवार को घुवास निवासी दिनेश यादव अपने साथियों के साथ जंगल की तरफ जा रहा था। तभी उसकी नजर तेंदुए पर पड़ी तो उसने इसकी वीडियो बना ली। दोपहर बाद तेंदुए की मौजूदगी का वीडियो वायरल हुआ तो हड़कंप मच गया।

इसके आधार पर ग्रामीणों से जानकारी लेने के बाद वन विभाग की टीम जंगल क्षेत्र में तेंदुए की तलाश में जुटी गई। आधी रात तक चले सर्च आपरेशन के बाद जंगल के ही एक हिस्से से उसे पकड़ लिया गया। तेंदुए को पिजड़े में रख कर वन विभाग कार्यालय लाया गया और उच्चाधिकारियों को मामले की जानकारी दी गई।




