नई दिल्ली। असम-यूपी और बिहार सहित देश के अधिकतर राज्य बाढ़ से जूझ रहे हैं। इस वक्त भारी बारिश ने एक तरफ गर्मी का सामना कर रहे दिल्लीवासियों को राहत प्रदान की है,तो कहीं-कहीं ये आफत साबित हुई है। मूसलाधार बारिश के चलते जगह-जगह पानी भर गया है। सड़के जाम हो गई है। लोगों का जीवन बुरी तरह से प्रभावित हुआ है। इतना ही नहीं पिछले दिनों लगातार हुई बारिश का पानी कई राज्यों में स्थित दुकानों के अंदर घुस गया है। वहीं महाराष्ट्र और उत्तराखंड में भी भारी बारिश के चलते बाढ़ जैसे हालात बन रहे हैं। पहाड़ी इलाकों से भूस्खलन की घटनाएं भी सामने आ रही है। इस दौरान काफी संख्या में लोगों की जान भी गई है। तो आइए जानते हैं कि बाढ़ प्रभावित राज्यों में इस वक्त ताजा हालात क्या है।

यूपी में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बाढ़ से प्रभावित इलाके का किया हवाई सर्वेक्षण
उत्तर प्रदेश की बात करें तो यहां पर भी स्थिति बिगड़ती जा रही है। पिछले दिनों हुई भारी बारिश के चलते किसानों की फसल बुरी तरह क्षतिग्रस्त हुई हैं। वहीं लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहंचाने का कार्य किया जा रहा है। इतना ही नहीं खुद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सिद्धार्थनगर जिले में बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का हवाई सर्वेक्षण किया।

